आष्टा। बीमारी के चलते इंद्रा कॉलोनी वार्ड क्रमांक 15 निवासी करीब 40 वर्षीय शोभा बाई नाथ का निधन हो गया। परिवार पहले से ही आर्थिक तंगी से जूझ रहा था। ऐसे में महिला की मौत के बाद परिवार के सामने अंतिम संस्कार तक की व्यवस्था करना मुश्किल हो गया। दुख की इस घड़ी में आष्टा युवा संगठन परिवार के लिए मदद का हाथ बढ़ाया। शोभा बाई अपने पीछे पति रमेश नाथ और पुत्र शेखर नाथ को छोड़ गई हैं। परिवार की आर्थिक स्थिति बेहद कमजोर है। रमेश नाथ के पैर में रॉड लगी होने के कारण वे नियमित मजदूरी करने में सक्षम नहीं हैं, वहीं पुत्र शेखर अभी छोटा है। परिवार कच्चे मकान में रहता है और बरसात के दिनों में भी परेशानियों का सामना करता है।

जब आष्टा युवा संगठन बना सहारा”
शोभा बाई के निधन के बाद परिवार के पास अंतिम संस्कार के लिए भी पर्याप्त राशि नहीं थी। परिवार की इस स्थिति की जानकारी आष्टा युवा संगठन के अध्यक्ष आनंद गोस्वामी को मिली। उन्होंने तत्काल संगठन के सदस्यों के साथ मिलकर परिवार की मदद करने का निर्णय लिया।
संगठन ने शोभा बाई के अंतिम संस्कार का पूरा खर्च अपने स्तर पर उठाया। साथ ही परिवार को एक माह का आवश्यक राशन भी उपलब्ध कराया, जिससे परिजनों को इस मुश्किल समय में भोजन की चिंता से कुछ राहत मिल सके।
“संकट में साथ खड़ा होना ही सच्ची सेवा”

आष्टा युवा संगठन की इस पहल ने सामाजिक सेवा की एक संवेदनशील मिसाल पेश की है। संगठन ने यह संदेश दिया कि सेवा केवल आर्थिक सहायता देने तक सीमित नहीं, बल्कि जरूरतमंद परिवार के सबसे कठिन समय में उसके साथ मजबूती से खड़ा होना ही सच्ची मानवता है। महिला की मौत के बाद परिवार गहरे सदमे और आर्थिक संकट में है। ऐसे समय में संगठन द्वारा अंतिम संस्कार की जिम्मेदारी उठाना और राशन उपलब्ध कराना परिवार के लिए बड़ी मदद साबित हुआ। जरूरतमंद परिवार की मदद के लिए आगे आए संगठन की इस पहल की क्षेत्र में सराहना की जा रही है
“सीहोर में विद्युत चोरी की जांच करने गई टीम से मारपीट एवं शासकीय कार्य में बाधा पहुँचाने वाले 8 लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज”
मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी के सीहोर वृत्त अंतर्गत कंपनी की चेकिंग टीम के साथ अभद्र व्यवहार, मारपीट एवं शासकीय कार्य में बाधा डालने के मामले में थाना कोतवाली, सीहोर में 8 व्यक्तियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई गई है। विद्युत चोरी की सूचना पर मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी की प्रबंधक जोन-2, सीहोर श्रीमती साधना कवरेती के नेतृत्व में विद्युत कंपनी की टीम जांच के लिए कंजर चौराहा, सीहोर पहुंची थीं। टीम द्वारा एक उपभोक्ता के विद्युत संयोजन की जांच की जा रही थी। इसी दौरान मौके पर उपस्थित जयप्रकाश, जयवंती एवं अन्य व्यक्तियों द्वारा विद्युत कंपनी की टीम के साथ अभद्र व्यवहार एवं मारपीट की गई।

शिकायत के अनुसार, महिला कर्मचारी सुश्री प्रीति शुक्ला का गला दबाने का प्रयास किया गया तथा लाइन हेल्पर राहुल चौहान के साथ मारपीट कर उनका हाथ मरोड़ दिया गया। आरोपितों द्वारा टीम के सदस्यों को ईंट-पत्थर से मारने का प्रयास भी किया गया। स्थिति बिगड़ने पर टीम ने 112 पर पुलिस को सूचना दी।
शिकायत के आधार पर थाना कोतवाली , सीहोर में भारतीय न्याय संहिता, 2023 की धारा 132, 121(1), 296(बी), 115(2) एवं 3(5) के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया है। प्रकरण में जयप्रकाश, करन सिलावट, सचिन सिलावट, दीपक, जयवंती, रानी, मीरा एवं आदित्य, सभी निवासी कंजर चौराहा, सीहोर को नामजद किया गया है।
“मैदानी कर्मचारियों से दुर्व्यवहार पर कंपनी का सख्त रुख”
मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी ने ड्यूटी पर तैनात अधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ मारपीट, दुर्व्यवहार अथवा शासकीय कार्य में बाधा डालने की घटनाओं को गंभीरता से लिया है। कंपनी ने सभी नियंत्रणकर्ता अधिकारियों को निर्देशित किया है कि ऐसी घटनाओं में तत्काल पुलिस को सूचना देकर नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित करें।

“मार्टिनेट विद्यालय में सेवा संकल्प अभियान एवं स्वच्छ भारत अभियान के अंतर्गत बनाई रंगोली एवं पेंटिंग
नपा अध्यक्ष प्रतिनिधि हुए शामिल”
मनुष्य एक सामाजिक प्राणी है और समाज सभी के परस्पर सहयोग, सामंजस्य एवं संगठन से ही आगे बढ़ता है। समाज में सभी प्रकार के लोग होते हैं जिनमें से कुछ सम्पन्नता के शिखर पर होते हैं परंतु बहुत बड़ा एक ऐसा वर्ग भी है जो अपनी दैनिक आवश्यकताओं के लिये भी संघर्ष करता नजर आता है। समाज की इसी विडंबना को समाप्त करने की एक कोशिश सेवा संकल्प अभियान के रूप में की जा रही है। जिसे ट्रिपल आर नाम दिया गया है जिसका तात्पर्य है रिड्यूज, रीयूज एण्ड रीसायकल। इस योजना के अंतर्गत विद्यार्थियों एवं अन्य लोगो से ऐसी सामग्री एकत्रित की जाती है जो सही स्थिति में तो है परंतु अब उनके काम की नहीं है। उन्हें एकत्रित करके नगरपालिका के माध्यम से जरूरतमंदो में वितरित किया जाता है। उक्त जानकारी अपने उद्बोधन में नगरपालिका अध्यक्ष प्रतिनिधि रायसिंह मेंवाड़ा द्वारा मार्टिनेट विद्यालय में आयोजित सेवा संकल्प अभियान के आयोजन में दी गई।

उक्त आयोजन नगर पालिका परिषद की सहयोगी संस्था यूनिक वेस्ट मेनेजमेण्ट एण्ड कंसल्टेण्ट प्राईवेट लिमिटेेड, उज्जैन द्वारा आयोजित किया गया था जिसनें नगर में स्वच्छता का बीड़ा उठाया हुआ है। इस आयोजन में रायसिंह मेवाड़ा के अतिरिक्त वार्ड क्र. 1 के पार्षद डॉ. सलीम खान वरिष्ठ भाजपा नेता कोमल जैन, जन अभियान परिषद् के परामर्शदाता राकेश शर्मा एवं नगर में स्वच्छता संबंधित जनजागरूकता गतिविधियों के टीम लीडर राजकुमार अकेला भी अतिथि के रूप में सम्मिलित हुये।

नोशे खान के संचालन में संचालित मार्टिनेट विद्यालय के प्रबंधक विनीत कुमार त्रिवेदी द्वारा सर्वप्रथम पुष्पमाला के साथ सभी अतिथियों का स्वागत अभिनंदन किया गया। इस अवसर पर स्वच्छ भारत विषय को लेकर विद्यार्थियों की ड्रांईंग प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया था जिसमें विद्यार्थियों ने उत्साह पूर्व भाग लिया और सभी के द्वारा बनाई गई पेण्टिंग को एक प्रदर्शनी के रूप में प्रस्तुत किया गया था जिसका सभी अतिथियों ने अवलोकन किया और विद्यार्थियों से बात करते हुये जानकारी प्राप्त की कि यह पेण्टिंग बनाते समय उनके मन में क्या भाव थे और उनकी प्रेरणा क्या रही। अतिथियों ने विद्यार्थियों के इस प्रयास का बहुत सराहा और अपने घर के साथ पूरे नगर को भी स्वच्छ रखने की प्रेरणा प्रदान की। पार्षद डॉ. सलीम खान एवं भाजपा नेता कोमल जैन नें भी अपना प्रेरणादायी उद्बोधन दिया।

अंत में विद्यालय के प्रबंधक विनीत कुमार त्रिवेदी में आभार व्यक्त करते हुये बताया कि हमारा विद्यालय पिछले ढाई दशक से अधिक समय से संचालित है और इस प्रकार की गतिविधियां विद्यार्थियों को नई चेतना प्रदान करती है। आयोजन में विद्यार्थियों द्वारा स्वच्छ भारत विषय पर ही एक विशाल रंगोली भी बनाई गई थी जो सभी के आकर्षण का केन्द्र रहीं अंत में विद्यालय के प्रबंधक सहित प्राचार्या श्रीमती प्रीति त्रिवेदी, उपप्राचार्या श्रीमती शिखा तिवारी प्रबंधक मण्डल से रेखा शर्मा, अतुल जैन सुराणा, कुशल भूतिया, राखी यादव, रचना ठाकुर सहित सभी विद्यार्थियों नें अपने घर से लाई गई सामग्री जरूरतमंदो को प्रदान करने के लिये नगर पालिका को सौंपी और आयोजन का समापन हुआ। आयोजन में स्वच्छता मित्र के रूप में रोहित तिवारी एवं अनीष सोलंकी की भी उपस्थिति रही। आयोजन का संचालन अतुल जैन सुराणा द्वारा किया गया।
“पुराने दशहरा मैदान में विधि-विधान से हुआ भूमि पूजन, इस वर्ष 31 फीट का बनेगा रावण”

आष्टा नगर के पुराने दशहरा मैदान में शुक्रवार को विजयादशमी उत्सव समिति द्वारा आगामी विजयादशमी पर्व की तैयारियों को लेकर भूमि पूजन कार्यक्रम आयोजित किया गया। पंडित मयूर पाठक द्वारा विधि-विधान से पूजन कराया गया। भूमि पूजन विजयादशमी उत्सव समिति के अध्यक्ष मोहित सोनी के हाथों सम्पन्न हुआ। इस अवसर पर समिति ने बताया कि हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी पुराने दशहरा मैदान में भव्य दशहरा उत्सव का आयोजन किया जाएगा। इस वर्ष आकर्षण का केन्द्र 31 फीट ऊँचा रावण का पुतला रहेगा। विजयादशमी के दिन सबसे पहले पुराने दशहरा मैदान में रावण दहन किया जाएगा, उसके पश्चात नए दशहरा मैदान में रावण दहन का कार्यक्रम होगा।

इस अवसर पर नगरपालिका अध्यक्ष प्रतिनिधि राय सिंह मेवाड़ा, लाला भाई रवि सोनी, सकल हिन्दू समाज के संयोजक मुकेश नामदेव, पूर्व अध्यक्ष अनिल श्रीवास्तव, अध्यक्ष नरेन्द्र कुशवाहा, सचिव मनीष डोंगरे, हिन्दू उत्सव समिति के अध्यक्ष भूरू मुकाती, पत्रकार राजीव गुप्ता, सुभाष नामदेव, मोन्टू कोरी, चन्द्र प्रकाश गौतम, मुन्ना गौतम, जीडी, अचल किरार, प्रेम नारायण जायसवाल, सुमित खत्री, अंकुश सोनी, हर्ष पटेल, नक्ष मेवाड़ा, जितेन्द्र चौहान, वार्ड क्र. 7 की पार्षद आरती नामदेव, श्रीमती गुलाब ठाकुर सहित समिति के अन्य सदस्यगण उपस्थित रहे। अंत में विजय उत्सव समिति के अध्यक्ष और माँ अम्बे महारानी गरबा उत्सव समिति के अध्यक्ष निखिल कुशवाहा का स्वागत किया गया
लिखते लिखते…..

एक बार फिर लोड शेडिंग के नाम पर बिधुत मंडल की मनमानी सामने आ रही है,कल रात्रि में भी आष्टा सहित पूरे जिले में बिधुत मंडल ने रात्रि में अलग अलग समय मे लाइट काटी जिसके कारण किसान और ग्रामीण नागरिक परेशान हुए,रात्रि में सोशल मीडिया पर कई फोटो,वीडियो,पोस्ट वायरल हुई जिसमें नागरिको ने भारी आक्रोश व्यक्त करते ग्रामीण नजर आये । बिधुत मंडल को इसको लेकर एक योजना बनाना चाहिये जिसमे रात्रि में कटिंग ना हो ऐसा तय किया जाये

























