Spread the love
IMG-20250625-WA0014__01
PlayPause
previous arrow
next arrow

आष्टा। नगर की नवीन बस्ती आवास अटल कॉलोनी में निवासरत नागरिकों को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में नगर पालिका द्वारा एक महत्वपूर्ण और ऐतिहासिक कदम उठाया गया है। अमृत 2.0 नल-जल योजना के तहत अब अटल कॉलोनी के प्रत्येक घर में नवीन नल कनेक्शन का औपचारिक शुभारंभ नपाध्यक्ष प्रतिनिधि रायसिंह मेवाड़ा द्वारा किया गया जिससे लंबे समय से पेयजल संकट का सामना कर रहे स्थानीय निवासियों को बड़ी राहत मिली है।


आवास अटल कॉलोनी में नपाध्यक्ष प्रतिनिधि रायसिंह मेवाड़ा के मुख्य आतिथ्य में नल जल योजना का शुभारंभ कार्यक्रम आयोजित किया गया। नपाध्यक्ष प्रतिनिधि रायसिंह मेवाड़ा ने उपस्थित नागरिकों को संबोधित करते हुए कहा कि परिषद का उद्देश्य और कड़ा संकल्प है कि नगर की जो बस्तियां अब तक पिछड़ी हुई थीं और जहां के नागरिक मूलभूत सुविधाओं से लंबे समय से वंचित रहे हैं, ऐसी बस्तियों में प्राथमिकता के आधार पर सभी मूलभूत सुविधाएं मुहैया कराई जाएं। हमारा लक्ष्य हर नागरिक को सुव्यवस्थित सड़क, पक्की नाली, सुचारू प्रकाश व्यवस्था, आंगनबाड़ी भवन के साथ-साथ पर्याप्त मात्रा में शुद्ध पेयजल प्रदान करना है।

श्री मेवाड़ा ने यह भी कहा कि अटल कॉलोनी के हमारे निवासी भाई-बहन कई वर्षों से बुनियादी सुविधाओं के अभाव में जीवन व्यतीत करने को विवश थे, लेकिन नपाध्यक्ष श्रीमती हेमकुंवर मेवाड़ा के कुशल नेतृत्व में परिषद ने इस दिशा में ठोस योजना बनाकर कार्य किया। पूर्व में यहां पक्की सड़कों का निर्माण कराया, वहीं बच्चों और नागरिकों के मनोरंजन की दृष्टि से एक सुंदर पार्क भी विकसित किया है। इसके अलावा क्षेत्र में अंधेरे को दूर करने के लिए विद्युत पोल के माध्यम से संपूर्ण कॉलोनी को प्रकाशमय किया गया।

इसी कड़ी में अब परिषद द्वारा कॉलोनी के प्रत्येक घर में नलों के माध्यम से शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने का कार्य भी सफलतापूर्वक पूर्ण कर लिया गया है जिसका आज आप सभी की उपस्थिति में शुभारंभ हुआ। आगामी समय में शेष मूलभूत सुविधाएं भी शीघ्र उपलबध कराई जाएगी।
नगर पालिका के इन प्रयासों और हर घर जल योजना के धरातल पर उतरने से अटल कॉलोनी के निवासियों में भारी उत्साह और खुशी का माहौल है।

नागरिकों ने नपाध्यक्ष श्रीमती हेमकुंवर मेवाड़ा और नपाध्यक्ष प्रतिनिधि रायसिंह मेवाड़ा सहित परिषद का आभार व्यक्त किया है, क्योंकि वर्षों पुरानी पेयजल की समस्या का अब स्थायी समाधान हुआ है। कार्यक्रम को नपाउपाध्यक्ष प्रतिनिधि भूरू खां, पार्षद कमलेश जैन, डॉ. सलीम खान ने भी संबोधित किया। इस अवसर पर नपाउपाध्यक्ष प्रतिनिधि भूरू खां, पार्षदगण डॉ. सलीम खान, कमलेश जैन, रवि शर्मा, अरशद अली, अतीक कुरैशी, सुभाष नामदेव, एल्डरमेन शिवलाल प्रजापति, तोषनारायण भूतिया, आशु शर्मा सहित कॉलोनीवासी, नपा कर्मचारीगण आदि मौजूद थे। कार्यक्रम का संचालन वार्ड पार्षद रवि शर्मा ने किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed

error: Content is protected !!