Spread the love
IMG-20250625-WA0014__01
PlayPause
previous arrow
next arrow

आष्टा। असत्य पर सत्य, अधर्म पर धर्म और बुराई पर अच्छाई की विजय के प्रतीक विजयादशमी पर्व के अवसर पर आज आष्टा थाने में परंपरानुसार शस्त्र पूजन का आयोजन किया गया। इस अवसर पर आष्टा विधायक श्री गोपालसिंह इंजीनियर ने विधि-विधान एवं वैदिक परंपराओं के अनुरूप शस्त्रों का पूजन कर देश, प्रदेश और क्षेत्र की सुख-समृद्धि,शांति एवं सुरक्षा की कामना की। शस्त्र पूजन के अवसर पर एसडीओपी श्री दामोदर गुप्ता, नगर निरीक्षक श्री रमनसिंह ठाकुर, भाजपा के पूर्व जिला मीडिया प्रभारी सुशील संचेती, नगर भाजपा अध्यक्ष प्रतिनिधि विशाल चौरसिया सहित आष्टा थाने का समस्त पुलिस स्टाफ उपस्थित रहा।


पूजन के दौरान विजयादशमी पर्व की धार्मिक एवं सांस्कृतिक महत्ता को रेखांकित करते हुए शस्त्रों के सम्मान और उनके सदुपयोग का संदेश दिया गया। इस अवसर पर विधायक श्री गोपालसिंह इंजीनियर ने उपस्थित पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को विजयादशमी की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए कहा कि विजयादशमी का पर्व हमें सत्य, धर्म, न्याय और सदाचार के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है। यह पर्व बुराई पर अच्छाई की विजय का प्रतीक है और हमें अपने जीवन में सद्गुणों को अपनाने तथा समाज में सकारात्मकता का प्रसार करने का संदेश देता है।


विधायक ने कहा कि शस्त्र पूजन हमारी प्राचीन भारतीय परंपरा का महत्वपूर्ण अंग है। शस्त्र केवल शक्ति के प्रतीक नहीं हैं, बल्कि उनका वास्तविक महत्व धर्म, न्याय, राष्ट्र और समाज की रक्षा में है। शस्त्रों की पूजा हमें यह संकल्प दिलाती है कि शक्ति का उपयोग सदैव जनकल्याण, सुरक्षा और अन्याय के विरुद्ध किया जाना चाहिए।

पुलिस विभाग के जवान दिन-रात अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करते हुए नागरिकों की सुरक्षा, कानून-व्यवस्था बनाए रखने और समाज में शांति स्थापित करने के लिए महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उनका कर्तव्य और समर्पण सराहनीय है।

“इस लिये विजयादशमी पर ही किया जाता है शस्त्र पूजन”

भारतीय संस्कृति में विजयादशमी का संबंध विजय, पराक्रम और धर्म की स्थापना से जुड़ा हुआ है। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, इसी दिन भगवान श्रीराम ने रावण का वध कर अधर्म पर धर्म की विजय स्थापित की थी। परंपरागत रूप से विजयादशमी पर हम सभी अपने अस्त्र-शस्त्रों का पूजन करते हैं। शस्त्र पूजन की परंपरा इस भावना को प्रकट करती है कि शक्ति और सामर्थ्य का उपयोग अन्याय, अत्याचार तथा अधर्म के नाश और धर्म की रक्षा के लिए होना चाहिए।

आज भी सेना, पुलिस और अनेक संस्थानों में इस शस्त्र पूजन परंपरा का निर्वहन किया जाता है।
आष्टा थाने में आयोजित शस्त्र पूजन कार्यक्रम ने भी इसी संदेश को दोहराया कि समाज की सुरक्षा, शांति और कानून के सम्मान के लिए शक्ति के साथ जिम्मेदारी,अनुशासन और कर्तव्यनिष्ठा का होना आवश्यक है।
कार्यक्रम के अंत में विधायक श्री गोपालसिंह इंजीनियर ने सभी पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को विजयादशमी की शुभकामनाएं देते हुए आशा व्यक्त की कि पुलिस विभाग इसी समर्पण, सजगता और कर्तव्यनिष्ठा के साथ नगरवासियों की सेवा करता रहेगा।

“आष्टा में उत्साह और उमंग के साथ निकला विजयादशमी का चल समारोह
परदेशीपुरा पर नगरपालिका ने किया भव्य स्वागत”

असत्य पर सत्य की जीत एवं अधर्म पर धर्म की विजय के प्रतीक पर्व विजयादशमी के अवसर पर नगर में अभूतपूर्व उत्साह, उमंग और धूमधाम के साथ चल समारोह निकाला गया।

दशहरा उत्सव समिति के अध्यक्ष मोहित सोनी के नेतृत्व में चल समारोह भाऊबाबा मंदिर से प्रारंभ हुआ, जो नगर के प्रमुख मार्गों से होता हुआ परदेशीपुरा पहुंचा। परदेशीपुरा में नगरपालिका द्वारा मंच तैयार बनाकर नपाध्यक्ष प्रतिनिधि रायसिंह मेवाड़ा के नेतृत्व में चल समारोह में शामिल प्रभु श्रीराम, लक्ष्मण, वीर हनुमान जी और लंकापति रावण की वेशभूषा धारण किए कलाकारों का श्रीफल भेंट कर तथा तिलक लगाकर स्वागत किया गया।

वहीं विधायक गोपालसिंह इंजीनियर,पूर्व विधायक रघुनाथसिंह मालवीय, दशहरा उत्सव समिति अध्यक्ष मोहित सोनी, हिन्दू उत्सव समिति अध्यक्ष नारायण भूरू मुकाती, सकल हिन्दू समाज अध्यक्ष नरेन्द्र कुशवाह सहित नगर के कई गणमान्य नागरिकों, समाजसेवियों और वरिष्ठजनों का साफा बांधकर भव्य स्वागत किया गया। इसके अतिरिक्त, नगरपालिका की ओर से अखाड़ा उस्तादों, बैंडबाजा के कलाकारों, भूतों की टोली और नृत्य कलाकारों का भी उत्साहवर्धन एवं स्वागत किया गया।

इस अवसर पर विधायक गोपालसिंह इंजीनियर और नपाध्यक्ष प्रतिनिधि रायसिंह मेवाड़ा ने उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए विजयादशमी पर्व की बधाई दी एवं आपसी सौहार्द व सत्य के मार्ग पर चलने का संदेश दिया। इस अवसर पर नपाउपाध्यक्ष प्रतिनिधि भूरू खां,पार्षद कमलेश जैन,डॉ. सलीम खान, सुभाष नामदेव, शिवनारायण मेवाड़ा, भगवतसिंह मेवाड़ा,द्वारकादादा सोनी, कैलाश पांचम, कुमेरसिंह मिट्ठूपुरा,

प्रेमनारायण शर्मा, हरिनारायण शर्मा, उमेश शर्मा, पंकज यादव, प्रशांत शर्मा, शेषनारायण मुकाती, कैलाश बगाना, दिनेश सोनी, राहुल वाल्मिकी, अशोक साहू, नीलेश खंडेलवाल, बसंत पाठक, महेन्द्रसिंह ठाकुर, जगदीश खत्री, मनीष धारवां, पवन वर्मा, चेतन छाजेड़, गौरीशंकर राठौर, बंटी जायसवाल, राजा मेवाड़ा, मुकेश नामदेव, नितीन सोनी, गोविंद सोनी, पवन यादव, सुनील मेवाड़ा, ब्रजेश घेंघट, रतनसिंह मेवाड़ा,जुगलकिशोर मालवीय, रोहित तौमर,चेतन वर्मा, रोहित सेन, पूरणसिंह मेवाड़ा, वैभव मेवाड़ा सहित नगरपालिका के अधिकारी एवं कर्मचारीगण मौजूद थे।

“आष्टा में खाद्य सुरक्षा विभाग की कार्रवाई, फल और पनीर के नमूने लिए”

आम नागरिकों को शुद्ध एवं मिलावट रहित खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने के उद्देश्य से कलेक्टर श्री बालागुरू के. के निर्देश पर खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा जिले में लगातार निरीक्षण एवं जांच की कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में खाद्य सुरक्षा अधिकारी ज्योति बंसल ने आष्टा क्षेत्र के विभिन्न खाद्य प्रतिष्ठानों का औचक निरीक्षण कर फल एवं पनीर के नमूने लिए। कार्रवाई के दौरान पुराना बस स्टैंड स्थित एसएस एंड संस फ्रूट्स सप्लायर से केले, जुम्मापुरा स्थित एसएन फ्रूट मर्चेंट से केले तथा पुराना बस स्टैंड स्थित एमएम फ्रूट मर्चेंट से पपीता एवं सेब के नमूने लिए गए।

इसके अलावा कन्नौद रोड स्थित भगवती पैलेस से पनीर का नमूना जांच के लिए एकत्रित किया गया। सभी नमूनों को जांच के लिए राज्य खाद्य प्रयोगशाला भेजा जा रहा है। जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा नागरिकों के स्वास्थ्य की सुरक्षा तथा खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए निरीक्षण एवं नमूना संग्रहण की कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी।

“विधायक कार्यालय में हुई जनसुनवाई….
जनसुनवाई में ग्राम ग्राम गोपालपुर में बाबा रामदेवजी की धर्मशाला निर्माण हेतु राशि स्वीकृत करने हेतु विधायक को ग्रामीणों ने सौपा मांग पत्र”

आज विधायक कार्यालय में हुई जनसुनवाई में ग्राम गोपालपुर में बाबा रामदेवजी की धर्मशाला निर्माण हेतु राशि स्वीकृत करने हेतु विधायक गोपालसिंह इंजीनियर को ग्रामीणों ने मांग पत्र सौपा इसके साथ ही विधायक गोपालसिंह इंजीनियर ने आज जनसुनवाई में आये अन्य कई ग्रामो के ग्रामीण जनों की वन टू वन मिल कर समस्याओं को सुना । स्मरण रहे प्रत्येक बुधवार को आष्टा विधायक अपने कार्यालय में सुबाह 11 बजे से जनता की समस्याओं को सुनने,उनेह हल करवाने के लिये जनसुनवाई करते है ।

आज बुधवार को प्रातः 11 बजे से कार्यालय में उपस्तिथ रह कर विधायक गोपालसिंह इंजीनियर ने जनता की समस्याओं को सुना एवं उनकी समस्याओं को हल करने के सम्बंधित अधिकारियों को निर्देश दिये । आष्टा विधायक गोपालसिंह इंजीनियर जो की हर बुधवार को अपने कार्यालय में जन सुनवाई कार्यक्रम के तहत उपस्तिथ रहते है ।

आज भी बड़ी संख्या में क्षेत्र से नागरिक जनसुनवाई में पहुचे एवं अपनी अपनी पीड़ा से विधायक को अवगत कराया एवं आवेदन दिये। जनता से प्राप्त आवेदनों पर विधायक ने कहा की आपका जन सेवक होने के नाते आपकी समस्याओं को सुनना, हल करना मेरा धर्म है। आज आये आवेदनों को तत्काल सम्बंधित विभागों के अधिकारियों से चर्चा कर ग्रामीणों की समस्याओं का समय सीमा में निराकरण करने के निर्देश दिये । विधायक गोपालसिंह इंजीनियर ने कार्यालय आये सभी नागरिको को भरोसा दिया कि आपकी समस्याओं,मांगो का जल्द निराकरण होगा । जो मांग शासन स्तर की है उन्हें वे शासन तक पहुँचाऊँगा ।

आज जनसुनवाई में ग्राम पंचायत गोपालपुर में बाबारामदेव जी धर्मशाला निर्माण हेतु राशि स्वीकृत करने,कृषि भूमि पर जाने वाले शासकीय रास्ते को अतिक्रमण मुक्त कराने,शासकीय महाविद्यालय आष्टा में कार्यरत कर्मचारियों की सेवाएं निरन्तर किए जाने की मांग,ट्रांसफार्मर उन्नयन कराने ,ग्राम मुंदीखेड़ी में बाबा रामदेवजी मंदिर निर्माण हेतु सहयोग राशि स्वीकृत करने की मांग,विद्युत पोल स्थापित कराने,अहीर यादव समाज की धर्मशाला हेतु भूमि आवंटिन कराने,ग्राम बापचा दौनिया में सी सी रोड़ निर्माण,स्वैच्छिक स्थानान्तरण बाबत्,भूमि का सीमांकन कराने,सहित अन्य आवेदन पत्र प्राप्त हुऎ।

सभी आई शिकायतों,मांगो एवं आवेदनों को सम्बंधित विभागों को निराकरण हेतु निर्देश दिये है । विभागों की आई समस्याओं को लेकर मौके से ही सम्बंधित विभाग के अधिकारियों को आई समस्याओं के निराकरण करने के निर्देश दिये,कुछ आवेदन निराकरण हेतु सम्बंधित विभागों को भेजे गये । आज जनसुनवाई में बड़ी संख्या में ग्रामीण जन उपस्तिथ हुए ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed

error: Content is protected !!