आष्टा। अलीपुर के मीरपुरा क्षेत्र में स्तिथ बाबा रामदेव जी के मन्दिर से आज बाबा रामदेवजी की दशमी पर बाबा रामदेवजी के मंदिर से एक विशाल चल समारोह निकला । आस्था और श्रद्धा से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने शामिल हो कर धर्म लाभ उठाया । आयोजित चल समारोह में आष्टा विधायक श्री गोपालसिंह इंजीनियर विशेष रूप से चल समारोह में शामिल हुए। बाबा रामदेव मन्दिर से निकले चल समारोह का अलीपुर क्षेत्र में भव्य स्वागत सम्मान किया गया ।

अलीपुर स्तिथ जनपद चौराहे पर हिंन्दू उत्सव समिति के अध्यक्ष मनोहर लाल वर्मा के नेतृत्व में स्वागत किया गया । जुलूस का समापन मंदिर पर हुआ । आज बाबा रामदेवजी की दशमी पर इंद्रदेवता भी प्रसन्न हुए और जम कर बरसे । समापन स्थल पर बाबा रामदेव समिति,मन्दिर समिति की ओर से विधायक गोपालसिंह इंजीनियर,प्रभुप्रेमी संघ के प्रमुख कैलाश परमार,सुशील संचेती,
विशाल चौरसिया,धनरूपमल जैन,मोहित सोनी,सौरभ जैन,एल्डरमेन राजीव प्रकाश मालवीय,दिनेश सोलंकी,मनोहरलाल पंड्या,सौरभ पांचाल,रवि पंड्या,शर्मा आदि का बाबा रामदेव मन्दिर समिति के सिध्दनाथ सिंह जी मालवीय,राजकुमार मालवीय,राजीव प्रकाश मालवीय,लालजीराम मालवीय,अमरसिंह मालवीय सहित सभी सदस्यो ने भव्य स्वागत,सम्मान किया । इस अवसर पर विधायक श्री गोपालसिंह इंजीनियर ने सभी नागरिको को बाबा रामदेवजी की दशमी की बधाई एवं शुभकामनाएं दी ।

इस अवसर पर नव नियुक्त एल्डरमेन राजीव प्रकाश की मांग पर विधायक श्री गोपालसिंह इंजीनियर ने बाबा रामदेवजी मन्दिर परिसर में कार्यक्रमो के आयोजन हेतु टीन शेड निर्माण हेतु 05 लाख की राशि एवं मन्दिर में उपस्तिथ लाडली बहनाओ की मांग पर परिसर में माताजी के चबूतरे के निर्माण हेतु 50 हजार की राशि देने की घोषणा की गई । इस दौरान श्रद्धालुओं ने विधायक का आत्मीय स्वागत किया। भक्ति और उत्साह के वातावरण में निकले चल समारोह में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने सहभागिता की। चल समारोह के दौरान विधायक गोपालसिंह इंजीनियर ने मन्दिर में पहुच कर बाबा रामदेव जी के दर्शन कर क्षेत्र की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की।

उन्होंने कहा कि धार्मिक एवं सामाजिक आयोजनों से समाज में आपसी भाईचारा, एकता और सद्भाव की भावना मजबूत होती है। हमारी धार्मिक परंपराएं और आस्था के केंद्र हमारी संस्कृति की पहचान हैं, इनके विकास और सुविधाओं के लिए हरसंभव सहयोग किया जाएगा। विधायक द्वारा की गई घोषणा के बाद उपस्थित लोगों ने विधायक का आभार व्यक्त किया।
“हर्षोल्लास के साथ मनाई बाबा रामदेव जी की दसवीं, नगर में निकली भव्य शोभायात्रा”
नगर में बाबा रामदेव जी की दसवीं का पर्व श्रद्धा, भक्ति एवं हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर नगर के विभिन्न बाबा रामदेव मंदिरों में सुबह से लेकर अर्धरात्रि तक पूजा-अर्चना,आरती,भजन एवं धार्मिक कार्यक्रमों का सिलसिला चलता रहा। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने मंदिरों में पहुंचकर बाबा रामदेव जी के दर्शन कर सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की। इसी अवसर पर पार्वती नगर एवं अलीपुर क्षेत्र में बाबा रामदेव जी की दसवीं के उपलक्ष्य में बैंड-बाजे के साथ भव्य शोभायात्रा निकाली गई। शोभायात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं समाजबंधु शामिल हुए। आयोजन में पार्षद राजकुमार मालवीय, घनश्याम जांगड़ा सहित क्षेत्र के अनेक लोगों की सहभागिता रही। शोभायात्रा के दौरान श्रद्धालु बाबा रामदेव जी के जयकारे लगाते हुए चल रहे थे। वहीं सई कॉलोनी स्थित बाबा रामदेव मंदिर में विशेष आरती की गई।

गंज स्थित बाबा रामदेव मंदिर में सकल हिंदू समाज अध्यक्ष नरेंद्र कुशवाहा पूर्व पार्षद, संयोजक मुकेश नामदेव, सचिव मनीष डोंगरे, मीडिया प्रभारी राजीव गुप्ता, उपाध्यक्ष गुलाब बाई ठाकुर, प्रेम नारायण जायसवाल एवं सकल हिंदू समाज के विशेष सहयोगी महेश राठी ने पहुंचकर बाबा रामदेव जी के दर्शन किए तथा पूजा-अर्चना कर आशीर्वाद प्राप्त किया एवं मानस भवन में आयोजित बाबा रामदेव जी के भंडारे में शामिल हुए और प्रसादी ग्रहण की।

इस अवसर पर रैकवाल समाज अध्यक्ष अरविंद रैकवार ने सकल हिंदू समाज के पदाधिकारियों का बाबा रामदेव जी के नाम अंकित दुपट्टे पहनाकर स्वागत एवं सम्मान किया।
नगर के विभिन्न मंदिरों में सुबह से लेकर अर्धरात्रि तक बाबा रामदेव जी की पूजा-अर्चना, आरती एवं भक्ति का दौर चलता रहा। पूरे नगर में धार्मिक वातावरण बना रहा और श्रद्धालुओं ने बाबा रामदेव जी के दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त किया।
“सांई कालोनी स्तिथ रामदेव मन्दिर में हुई महाआरती,विधायक हुए शामिल”
रामदेवजी की दशमी पर नगर की सांई कालोनी में स्तिथ बाबा रामदेवजी के मंदिर में भी प्रातः से लेकर देर रात तक विभिन्न धार्मिक कार्यक्रम,भजन,महाआरती प्रसादी वितरण के कार्यक्रम हुए ।

रात्रि में महाआरती में विधायक श्री गोपालसिंह इंजीनियर,समाजसेवी अवधनारायण सोनी आदि भी शामिल हुए । समिति के राजा पारख,प्रेमराय मामा,राजकुमार गुप्ता,उमेश पांडे,बंटी राठौर आदि ने विधायक सहित सभी अतिथियों का स्वागत सम्मान किया
“सांदीपनि विद्यालय में विकासखण्ड स्तरीय बालरंग समारोह का आयोजन
सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत पुरूस्कार वितरण”
नगर के सांदीपनि शासकीय उमावि आष्टा में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जन्म दिवस के अवसर पर सेवा संकल्प अभियान के तहत सोमवार को ड्राइंग और भाषण प्रतियोगिता में श्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को पुरूस्कृत किया गया। कार्यक्रम में भाजपा के पूर्व मीडिया प्रभारी एवं वरिष्ठ पत्रकार सुशील संचेती, पार्षद रवि शर्मा, नगर भाजपा मंडल प्रतिनिधि विशाल चैरसिया, महामंत्री मोहित सोनी और बीआरसीसी अजब सिंह राजपूत शामिल हुए।

कार्यक्रम में सांदीपनि विद्यालय की छात्राओं ने शानदार प्रस्तुति से सभी का मन मोह लिया। वरिष्ठ वर्ग चित्रकला प्रतियोगिता में महक वर्मा ने प्रथम, सुजीत घनघोर ने द्वितीय और खुशबू राजपूत ने तृतीय स्थान तथा कनिष्ठ वर्ग में फाजिल मंसूरी ने प्रथम, आरूषी ठाकुर ने द्वितीय और अंशिका मालवीय ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। वरिष्ठ वर्ग भाषण प्रतियोगिता में किरण वर्मा ने प्रथम, अंजली ठाकुर ने द्वितीय और अंशिका मालवीय ने तृतीय स्थान तथा कनिष्ठ वर्ग में अनुज मेवाड़ा ने प्रथम, प्रतिज्ञा ने द्वितीय और गीता प्रजापति ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। सांदीपनि विद्यालय के प्राचार्य सितवत खान ने बताया कि ‘‘ड्राइंग और भाषण प्रतियोगिताओं का विषय 25 करोड़ बच्चों के सपनो का भारत’’ था। प्राचार्य ने कहा कि बहुत ही उत्साह और उमंग के साथ सांदीपनि विद्यालय के 212 विद्यार्थियों ने चित्रकलां और 128 ने भाषण प्रतियोगिता में सहभागिता करी थी। इस अवसर पर अतिथियों ने संबोधित करते हुए कहा कि 17 सितंबर से 17 अक्टूंबर तक सेवा संकल्प अभियान चलाया जा रहा है, जिसमें विद्यार्थियों में देश भक्ति की भावना जाग्रत करते हुए विकसित भारत की संकल्पना पर जौर दिया जा रहा है। अभियान अंतर्गत वृक्षारोपण, स्वच्छता, योग एवं ध्यान, प्लास्टिक मुक्त जागरूकता, करियर काउंसलिंग, डिजीटल साक्षरता, नशामुक्त भारत, सड़क सुरक्षा, जल संरक्षण, सायबर सुरक्षा, फिट इंडिया खेल सत्र आदि का आयोजन किया जाएंगा। अतिथियों ने सांदीपनि विद्यालय के विद्यार्थियों द्वारा बनाई गई ड्राइंग को सराहा और जिन विद्यार्थियों ने मंच पर भाषण दिए उनके आत्मविश्वास और इरादों की प्रशंसा की। सांदीपनि विद्यालय में विकासखण्ड स्तरीय बालरंग समारोह का भी आयोजन किया गया जिसमें आष्टा विकासखण्ड के विभिन्न शासकीय एवं प्राइवेट विद्यालय के विद्यार्थियों ने सहभागिता करी।

हिन्दी निबंध प्रतियोगिता वरिष्ठ वर्ग में पायल विश्वकर्मा ने और कनिष्ठ वर्ग में पूजा दांगी ने तथा भाषण प्रतियोगिता वरिष्ठ वर्ग में किरण वर्मा और कनिष्ठ वर्ग में पूजा एवं काव्यपाठ में सुजित घनघौर ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। संस्कृत निबंधन प्रतियोगिता में वरिष्ठ वर्ग में आयुषी ठाकुर और कनिष्ठ वर्ग में गीता प्रजापति एवं भाषण प्रतियोगिता वरिष्ठ वर्ग में निहारिका सैंधव और कनिष्ठ वर्ग में नियति वर्मा तथा वैधपाठ में शिवम शर्मा ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। इसी प्रकार उर्दू निबंध प्रतियोगिता वरिष्ठ वर्ग में सादिया अली और कनिष्ठ वर्ग में इलमा एवं वाद विवाद वरिष्ठ वर्ग में रिमझिम और कनिष्ठ वर्ग में खदीजा तथा स्वरचित नज्म़ प्रतियोगिता में सुमैया ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। सुगम संगीत में अनुश्री ठाकुर और विद्या राजपूत एकल वादन में विवेक सेन और समर्थ जैन ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। लोक गीत कनिष्ठ वर्ग में मार्टीनेट स्कूल कनिष्ठ वर्ग में सांदीपनि विद्यालय आष्टा वरिष्ठ वर्ग में विजेता रहें। शास्त्रीय नृत्य में रानू महेश्वरी, नज्म़ सुमैया जहां और परिधि धनगर ने योग प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त किया। समूह लोक नृत्य में सांदीपनि विद्यालय आष्टा के छात्र-छात्राओं ने बाजी मारी। विकासखण्ड स्तरीय विभिन्न प्रतियोगिताओं में विभिन्न विद्यालयों के उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को प्राचार्य सितवत खान ने सम्मानित किया।

विकासखण्ड स्तरीय बालरंग प्रतियोगिता के आयोजन में भूपेन्द्र सिंह, अंत्येश धारवां, सतीश वर्मा, सम्राट ढोके, जितेन्द्र मेवाड़े, असमा खानम, नवीन मौर्य, अभिलाषा श्रीवादी, पदमा परमार, धीरज शर्मा, कामिनी राठौर, स्नेहलता पाल, दीपिका दास, स्वाति राठौर, आरती भार्गव, नीलिमा बैरागी, पंकज राव, कविता वर्मा आदि का विशेष सहयोग रहा। विकासखण्ड स्तरीय बालरंग प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले छात्र-छात्राएं 24 सितंबर को जिला स्तरीय बालरंग उत्सव सीहोर में सहभागिता करेंगें।
“सोशल मीडिया का बढ़ता प्रभाव और युवाओं में बढ़ती आत्महत्या पर लगी ‘आपकी अदालत’
जय जिनेंद्र जूनियर महिला मंडल ने रजत शर्मा की शैली में किया प्रभावी मंचन, दोनों पक्षों को गंभीरता से सुना”
श्री दसलक्षण महामहोत्सव के अवसर पर श्री पार्श्वनाथ दिगंबर जैन दिव्योदय अतिशय तीर्थ क्षेत्र किला मंदिर में जय जिनेंद्र जूनियर महिला मंडल द्वारा सामाजिक सरोकार से जुड़े गंभीर विषयों पर आधारित ‘आपकी अदालत’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में सोशल मीडिया का बढ़ता प्रभाव और युवाओं में बढ़ती आत्महत्या जैसे संवेदनशील विषयों को रजत शर्मा की ‘आपकी अदालत’ की शैली में प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया गया। आयोजन का उद्देश्य युवाओं को इन विषयों के प्रति जागरूक करते हुए सकारात्मक सोच, संयम और जीवन के महत्व का संदेश देना था।
कार्यक्रम में दोनों मुद्दों को न्यायालयीन बहस के अंदाज में प्रस्तुत किया गया। सोशल मीडिया के बढ़ते उपयोग से युवाओं के जीवन पर पड़ने वाले सकारात्मक और नकारात्मक प्रभावों के साथ ही आत्महत्या जैसी गंभीर समस्या के कारणों और उससे बचाव के उपायों पर संवाद किया गया। प्रस्तुति के माध्यम से यह संदेश देने का प्रयास किया गया कि आधुनिक तकनीक का उपयोग विवेक और मर्यादा के साथ किया जाए तथा जीवन में आने वाली कठिन परिस्थितियों का सामना धैर्य और सकारात्मक सोच के साथ करना चाहिए।

कार्यक्रम में जय जिनेंद्र जूनियर महिला मंडल की मंदाकिनी कासलीवाल, नेहा अष्टपगा, दीपा कासलीवाल एवं अंजलि जैन ने विभिन्न भूमिकाओं में भाग लेकर दोनों विषयों को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया। वहीं संगीता सेठी एवं चंचल विनायका ने न्यायाधीश की भूमिका निभाते हुए दोनों पक्षों को गंभीरता से सुना और विषय की संवेदनशीलता को सामने रखा।
कार्यक्रम की प्रस्तुति को देखकर ब्रह्मचारिणी मंजुला दीदी ने इसकी सराहना की। उन्होंने युवाओं से जीवन में आने वाली चुनौतियों से घबराने के बजाय संयम, आत्मविश्वास और सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ने का संदेश दिया। उपस्थित समाजजनों ने भी जय जिनेंद्र जूनियर महिला मंडल के इस आयोजन की प्रशंसा करते हुए कहा कि धार्मिक आयोजनों के साथ सामाजिक विषयों को जोड़कर युवाओं को जागरूक करने का यह प्रयास उपयोगी और प्रेरणादायी है।
जय जिनेंद्र जूनियर महिला मंडल की अध्यक्ष श्रीमती चंचल विनायका के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम में युवाओं के समक्ष वर्तमान समय की दो महत्वपूर्ण चुनौतियों को रोचक और प्रभावी तरीके से रखा गया। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित समाजजनों ने आयोजन की सराहना करते हुए ऐसे जागरूकता कार्यक्रम निरंतर आयोजित किए जाने की आवश्यकता जताई।
“टंकियों में पौधे लगा कर चारों ओर ट्री-गार्ड लगा कर आष्टा युवा संगठन ने किया नवाचार दिया हरियाली संरक्षण और यातायात जागरूकता का संदेश”
शहर को स्वच्छ, सुंदर और हरा-भरा बनाने के साथ नागरिकों को पर्यावरण संरक्षण एवं यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने की दिशा में आष्टा युवा संगठन ने एक अनूठी और सराहनीय पहल की है। संगठन के सदस्यों ने कालोनी चौराहे पर अनुपयोगी पड़ी प्लास्टिक की खाली टंकियों का उपयोग गमलों के रूप में करते हुए उनमें पौधे एवं वृक्ष लगाए हैं। पौधों की सुरक्षा के लिए इनके चारों ओर आकर्षक लोहे के ट्री-गार्ड भी लगाए गए हैं। इस पहल की खास बात यह है कि संगठन ने केवल पौधारोपण तक सीमित न रहते हुए पौधों के संरक्षण की जिम्मेदारी भी उठाई है।

आवारा पशुओं से पौधों को होने वाले नुकसान को रोकने के लिए ट्री-गार्ड लगाए गए हैं। इससे चौराहे पर हरियाली बढ़ने के साथ-साथ शहर के सौंदर्य में भी निखार आया है। संगठन द्वारा सड़क किनारे लगाए गए इन पौधों और ट्री-गार्ड पर पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ यातायात नियमों से जुड़े जागरूकता संदेश लिखे जाने की पहल भी की जा रही है। इन संदेशों के माध्यम से वाहन चालकों और राहगीरों को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक किया जाएगा। ट्री-गार्ड पर “हेलमेट पहनें, सुरक्षित रहें”, “सीट बेल्ट आपकी सुरक्षा है”, “धीमी गति, सुरक्षित यात्रा”, “ट्रैफिक नियमों का पालन करें”, “लाल बत्ती पर रुकें” तथा “पौधा लगाएं ही नहीं, उसे बचाएं भी” जैसे संदेश लोगों का ध्यान आकर्षित करेंगे। आष्टा युवा संगठन के अध्यक्ष आनंद गोस्वामी ने कहा कि पौधा लगाना केवल पहला कदम है, उसे पेड़ बनने तक सुरक्षित रखना उससे भी बड़ी जिम्मेदारी है। इसी सोच के साथ संगठन द्वारा पौधारोपण के साथ उनकी सुरक्षा और नियमित देखभाल पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि अनुपयोगी वस्तुओं का रचनात्मक उपयोग कर शहर को हरा-भरा बनाने के साथ लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करना भी इस पहल का उद्देश्य है। युवाओं की सकारात्मक भागीदारी से पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता और सामाजिक जागरूकता से जुड़े कार्य आगे भी जारी रहेंगे। आष्टा युवा संगठन की इस पहल ने यह संदेश दिया है कि थोड़ी सी रचनात्मक सोच से अनुपयोगी वस्तुओं को भी उपयोगी बनाया जा सकता है।

खाली पड़ी टंकियों को गमलों के रूप में उपयोग कर उनमें पौधे लगाना और उनकी सुरक्षा के लिए ट्री-गार्ड लगाना पर्यावरण संरक्षण के साथ स्वच्छता और सामाजिक जिम्मेदारी का भी सुंदर उदाहरण है। स्थानीय युवाओं की इस पहल से न केवल शहर के सार्वजनिक स्थानों पर हरियाली बढ़ेगी, बल्कि नागरिकों में पौधों की देखभाल, स्वच्छता और यातायात नियमों के पालन को लेकर भी जागरूकता बढ़ेगी। संगठन की यह पहल अन्य नागरिकों और सामाजिक संस्थाओं को भी सार्वजनिक स्थानों पर पौधारोपण कर उनकी जिम्मेदारी लेने के लिए प्रेरित कर रही है।

























