
आष्टा । शहीद भगत सिंह शासकीय स्नातक महाविद्यालय, आष्टा में ‘सेवा संकल्प अभियान-2026’ के अंतर्गत आज ‘विकसित भारत’ विषय पर भाषण प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में महाविद्यालय के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए विकसित भारत की संकल्पना पर अपने विचार प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किए।
भाषण प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने कहा कि विकसित भारत का निर्माण केवल आर्थिक प्रगति से नहीं, बल्कि शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार, विज्ञान एवं तकनीक, महिला सशक्तिकरण, आत्मनिर्भरता, स्वच्छता, सामाजिक समरसता और युवाओं की सक्रिय भागीदारी से संभव होगा। विद्यार्थियों ने भारत की युवा शक्ति को देश के विकास की महत्वपूर्ण आधारशिला बताते हुए कहा कि युवाओं को अपनी शिक्षा और कौशल का उपयोग राष्ट्र निर्माण में करना चाहिए।
विद्यार्थियों ने 2047 तक विकसित भारत के लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी पर भी प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि देश के विकास में सरकार के साथ-साथ विद्यार्थियों और आम नागरिकों की सहभागिता भी आवश्यक है। प्रतियोगिता के दौरान विद्यार्थियों ने अपने विचार आत्मविश्वास एवं उत्साह के साथ प्रस्तुत किए, जिससे कार्यक्रम का वातावरण उत्साहपूर्ण रहा।

कार्यक्रम में श्री अनिमेष पटेल ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि विकसित भारत के निर्माण में युवा वर्ग की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने विद्यार्थियों से शिक्षा के साथ कौशल विकास और आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ने का आह्वान किया।
श्री अनिल मालवीय ने विकसित भारत के आर्थिक पक्ष पर प्रकाश डालते हुए कहा कि मजबूत अर्थव्यवस्था, रोजगार के अवसर और आत्मनिर्भर नागरिक देश को विकास की दिशा में आगे ले जाते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को अपने लक्ष्य निर्धारित कर निरंतर प्रयास करने के लिए प्रेरित किया।
डॉ. ललिता राय श्रीवास्तव ने कहा कि विकसित भारत का सपना तभी साकार होगा, जब विकास के साथ सामाजिक समानता, महिला सशक्तिकरण, शिक्षा और मानवीय मूल्यों को भी महत्व दिया जाए। उन्होंने विद्यार्थियों से समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारियों को समझते हुए सकारात्मक परिवर्तन में सहभागी बनने का आह्वान किया।
इस अवसर पर डॉ. मेधा जैन एवं श्री जगदीश नागले भी उपस्थित रहे।
महाविद्यालय द्वारा बताया गया कि भाषण प्रतियोगिता में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को महाविद्यालय द्वारा पुरस्कृत किया जाएगा। इससे विद्यार्थियों में रचनात्मक गतिविधियों एवं राष्ट्र निर्माण से जुड़े विषयों में सहभागिता के प्रति उत्साह बढ़ा।
उल्लेखनीय है कि ‘सेवा संकल्प अभियान-2026’ 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक एक माह चलेगा। अभियान के अंतर्गत महाविद्यालयों एवं विश्वविद्यालयों में विद्यार्थियों की सहभागिता से विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। अभियान का उद्देश्य सेवा, सामाजिक जिम्मेदारी, जनभागीदारी तथा विकसित भारत के संकल्प से युवाओं को जोड़न की एक महत्वपूर्ण गतिविधि रही, जिसमें विद्यार्थियों ने ‘विकसित भारत’ के निर्माण में अपनी भूमिका को लेकर उत्साह और प्रतिबद्धता व्यक्त की।
“रामदेवजी की दशमी पर बगड़ावद में निकलेगा जुलूस,चढ़ेगा निशान,मान वाले भक्त करेंगे तुलादान”
हरवर्ष की तरह इस वर्ष भी ग्राम बगड़ावद में बाबा रामदेवजी के मंदिर में रामदेवजी की दशमी का पर्व भक्त जन श्रध्दा भक्ति के साथ मनायेंगे । ग्राम पंचायत बगड़ावद के सरपंच प्रतिनिधि रामचंद्र परमार ने जानकारी देते हुए बताया की बाबा रामदेवजी की दशमी 21 सितम्बर को ग्राम में निशान का विशाल जुलूस निकलेगा ओर मन्दिर पर निशान चढ़ाया जायेगा

आरती होगी और आरती के बाद प्रसाद वितरण होगा । दशमी पर मान वाले परिवारों द्वारा मन्दिर पहुच कर तुलादान करेंगे । सरपंच प्रतिनिधि रामचंद्र परमार ने सभी से अपील की है कि आयोजित सभी कार्यक्रमो में अधिक से अधिक संख्या में शामिल हो कर धर्मलाभ उठाये ।
“पंचमेरु विधान समापन पर 20 सितंबर को निकलेगी श्रीजी की जलयात्रा
मुनि संघ के पावन सानिध्य में गंज मंदिर से दोपहर 2 बजे होगी शुरुआत, गोकुलधाम गार्डन में होगा अभिषेक”
जैन धर्म के 10 लक्षण महापर्व के 5 वें दिन पंचमेरु विधान के समापन के पावन अवसर पर भादो माह की नवमी, रविवार 20 सितंबर को श्री चंद्रप्रभु दिगंबर जैन मंदिर गंज से श्रीजी की भव्य जलयात्रा निकाली जाएगी। जलयात्रा दोपहर 2 बजे मुनि संघ के पावन सानिध्य में प्रारंभ होगी। आयोजन को लेकर जैन समाज में उत्साह का वातावरण है।
जलयात्रा में मुनि संघ का सानिध्य प्राप्त करने के लिए गंज मंदिर समिति के बड़ी संख्या में श्रद्धालु किला मंदिर पहुंचे। श्रद्धालुओं ने चारों मुनिराजों से जलयात्रा में ससंघ शामिल होने का निवेदन किया। मुनिश्री ने श्रद्धालुओं के आग्रह को सहर्ष स्वीकार करते हुए जलयात्रा में शामिल होने का आशीर्वाद प्रदान किया।
समिति के अनुसार जलयात्रा समाधि सम्राट मुनिश्री 108 भूतबली सागर जी महाराज के परम प्रभावक शिष्य मुनिश्री 108 मुनि सागर जी महाराज एवं ऐलक श्री 105 मंथन सागर जी महाराज, तथा आचार्यश्री 108 सुबल सागर जी महाराज के परम प्रभावक शिष्य मुनिश्री 108 अभेद सागर जी महाराज एवं नगर गौरव मुनिश्री 108 अगर्भ सागर जी महाराज और बाल ब्रह्मचारिणी मंजुला दीदी के पावन सानिध्य में निकाली जाएगी।

गंज मंदिर से शुरू होगी जलयात्रा
जलयात्रा दोपहर 2 बजे गंज मंदिर जी से प्रारंभ होकर गल चौराहा, मानस भवन रोड, सुभाष चौक होते हुए पुराना दशहरा मैदान स्थित गोकुलधाम गार्डन पहुंचेगी। यहां श्रीजी की विधिवत पूजा-अर्चना एवं अभिषेक किया जाएगा। इसके बाद जलयात्रा धोबीपुरा होते हुए गंज चौराहा पहुंचेगी और यहां से पुनः गंज मंदिर जी पहुंचकर भगवान के अभिषेक एवं शांतिधारा के साथ संपन्न होगी।
आयोजकों ने सभी धर्मप्रेमी बंधुओं से अधिक से अधिक संख्या में जलयात्रा में शामिल होकर आयोजन की शोभा बढ़ाने और धर्मलाभ लेने का आग्रह किया है।
“मेगा स्वास्थ्य परीक्षण शिविर न्यायालय परिसर में आयोजित किया गया”
न्यायालय परिसर, आष्टा में म.प्र. उच्च न्यायालय जबलपुर द्वारा न्यायिक प्रणाली के कर्मचारियों अधिवक्ताओं एवं अन्य हितधारकों के स्वास्थ्य एवं समग्र कल्याण हेतु मेगा स्वास्थ्य परीक्षण शिविर राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण जबलपुर के आदेशानुसार श्री संजीव कुमार अग्रवाल, प्रधान जिला न्यायाधीश/अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण सीहोर के निर्देशानुसार श्री विजय डांगी, द्वितीय जिला न्यायाधीश/अध्यक्ष तहसील विधिक सेवा समिति, आष्टा, न्यायाधीश महेश कुमार चौहान, न्यायाधीश श्रीमती मीनाक्षी रावत, न्यायाधीश श्रीमती नेहा तोमर सिंह, न्यायाधीश श्री अमन सूलिया, कृपाल सिंह ठाकुर, अध्यक्ष अधिवक्ता संघ आष्टा की उपस्थिति में तहसील विधिक सेवा समिति, आष्टा द्वारा आयोजित किया गया जिसमें प्रतिभागियों का स्वास्थ्य परीक्षण चिकित्सा परामर्श तथा आगे के उपचार/फाॅलोअप संबंधी मार्गदर्शन उपलब्ध करवाया गया तथा चिकित्सकों द्वारा आवश्यक जांच के परीक्षण तथा चिकित्सीय परामर्श के साथ औषधी वितरण किया गया। पूर्व में दिनांक 12 सितम्बर 2026 को 87 ब्लड सैंपल लिया गया था जिसमें से

आज दिनांक 19 सितम्बर 2026 को 80 लोगों की स्वास्थ्य जांच रिपोर्ट प्राप्त हुई, जिससे उन्हें अवगत कराया गया। मेगा स्वास्थ्य परीक्षण शिविर उपरांत प्रतिभागियों से फीडबैक प्रपत्र डी प्राप्त किया गया तदुपरांत मेगा स्वास्थ्य परीक्षण शिविर में उपस्थित न्यायिक कर्मचारीगण, अधिवक्तागण एवं हितधारकों को स्वास्थ्य एवं समग्र कल्याण हेतु मेगा स्वास्थ्य परीक्षण शिविर में लाभ लेने हेतु प्रेरित कर स्वास्थ्य जांच परीक्षण उपरांत आभा कार्ड का ऑनलाइन वितरण किया गया। इस अवसर पर मेगा स्वास्थ्य परीक्षण शिविर में डाॅ. संतोष करांजा, डाॅ शाइनी अंजुम, डाॅ. देवेन्द्र बदाना, तथा मेडिकल स्टाफ परमानंद वर्मा, अशोक परमार, संतोष वैध उपस्थित थे।

























