आष्टा/सीहोर । कुछ दिनों पूर्व सिद्दिकगंज पुलिस द्वारा खाचरौद चौकी पर गौ सेवकों के साथ थाने में पदस्थ एएसआई लोकेश नावरे एवं उनके साथ आये कर्मियों द्वारा अभद्रता और गाली गलौच करने का मामला सामने आया था । सोशल मीडिया पर इसका एक वीडियो भी वायरल हुआ था । उक्त मामले को लेकर क्षेत्र के गौभक्तों और बजरंग सेना,केसरिया हिन्दू वाहिनी,सहित कई हिन्दू संगठनों ने सिद्धिकगंज थाने के घेराव की घोषणा के बाद हिन्दू संगठन के नेताओं से आष्टा एसडीओपी श्री दामोदर गुप्ता ने आज खाचरौद चौकी पर मुलाक़ात की और दोषी पुलिस कर्मियों पर कार्यवाही का आश्वासन दिया ।

सकारात्मक चर्चा के बाद हिन्दू संगठनों ने सिद्दिकगंज थाना घेराव का कार्यक्रम स्थगित करने की घोषणा की ओर हिन्दू संगठनों ने एक ज्ञापन भी एसडीओपी को सौपा जिसमे गालीबाज कर्मियों पर कड़ी कार्यवाही की मांग की गई । जांच में एएसआई लोकेश नावरे को दोषी पाये जाने पर उनको लाईन अटैच कर दिया गया । एसडीओपी दामोदर गुप्ता ने चर्चा में इसकी पुष्टि की गई ।
“खाद्य सुरक्षा विभाग की कार्रवाई में आष्टा के विभिन्न प्रतिष्ठानों से खाद्य पदार्थों के नमूने लिए गए
नाना घर रिजॉर्ट में एक्सपायरी डेट के पापड़ मिले,चावलों में पाए गए कीड़े”
खाद्य पदार्थों में मिलावट एवं अमानक खाद्य सामग्री के विक्रय पर प्रभावी नियंत्रण के लिए कलेक्टर श्री बालागुरु के. के निर्देशानुसार खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा जिले में निरंतर निरीक्षण एवं नमूना संग्रहण की कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम द्वारा आष्टा तहसील में विभिन्न रेस्टोरेंट, रिजॉर्ट एवं किराना प्रतिष्ठानों का औचक निरीक्षण किया गया।

कार्रवाई के दौरान विभिन्न खाद्य पदार्थों के नमूने जांच के लिए संग्रहित किए गए। खाद्य सुरक्षा अधिकारी श्रीमती ज्योति बंसल ने बताया कि टीम द्वारा न्यू मनोज रेस्टोरेंट का निरीक्षण कर भाजीबड़ा एवं कचौड़ी के नमूने लिए गए। नाना घर रिजॉर्ट के निरीक्षण के दौरान चावल एवं पापड़ के नमूने संग्रहित किए गए। निरीक्षण में रिजॉर्ट में उपयोग किए जा रहे पापड़ की समाप्ति तिथि निकल चुकी थी, जबकि चावलों में कीड़े पाए गए। इस पर संबंधित को आवश्यक निर्देश दिए गए। इसी प्रकार राधा रानी रिजॉर्ट से दाल एवं चावल के दो नमूने तथा ओम शिवम किराना एवं जनरल स्टोर से रोस्टेड चने का एक नमूना जांच के लिए लिया गया।

खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा संग्रहित सभी खाद्य नमूनों को जांच के लिए राजकीय खाद्य प्रयोगशाला भेजा जा रहा है। प्रयोगशाला से प्राप्त जांच रिपोर्ट के आधार पर खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के प्रावधानों के तहत नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी। विभाग द्वारा खाद्य कारोबारियों को खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता, स्वच्छता एवं निर्धारित मानकों का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। विभाग ने स्पष्ट किया है कि आमजन के स्वास्थ्य से खिलवाड़ करने वाले प्रतिष्ठानों के विरुद्ध नियमानुसार सख्त कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी।
“इंदौर में होने वाले “छात्रों की गूँज” कार्यक्रम की तैयारी को लेकर आष्टा में बैठक सम्पन्न”
आगामी दिनों में इंदौर में आयोजित होने वाले कांग्रेस नेता श्री राहुल गांधी जी के “छात्रों की गूँज” कार्यक्रम की तैयारी को लेकर आज आष्टा में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता पूर्व मंत्री सी डब्ल्यू सी मेम्बर कमलेश्वर पटेल ने की। बैठक में आष्टा विधानसभा क्षेत्र के कांग्रेस पदाधिकारी,एनएसयूआई, युवा कांग्रेस के कार्यकर्ता एवं छात्र प्रतिनिधि बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

बैठक में पटेल ने कहा कि – “राहुल गांधी जी हमेशा छात्रों, युवाओं और देश के भविष्य की आवाज को बुलंद करते रहे हैं। ‘छात्रों की गूँज’ केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि छात्रों के अधिकार, शिक्षा, रोजगार और लोकतंत्र को बचाने का आंदोलन है। आष्टा से अधिक से अधिक छात्र और युवा इस कार्यक्रम में शामिल होकर अपनी आवाज राहुल जी तक पहुंचाएंगे।बैठक में इंदौर चलने के लिए वाहन व्यवस्था, छात्र संपर्क अभियान, सोशल मीडिया प्रचार और रजिस्ट्रेशन को लेकर रणनीति तय की गई। सभी ब्लॉक अध्यक्षों और एनएसयूआई कार्यकर्ताओं को अपने-अपने क्षेत्र में छात्रों से संपर्क कर अधिक से अधिक संख्या में इंदौर पहुंचने की जिम्मेदारी सौंपी गई। कार्यक्रम को जिला कांग्रेस अध्यक्ष राजीव गुज़रती ने संबोधित करते हुए कहा कि आज देश के युवाओं की आवाज राहुल गांधी जी उठा रहे हे हम सब मजबूती के साथ राहुल जी के कार्यकम में पहुंचकर सफल बनाएगे ।

इस अवसर पर वरिष्ठ कांग्रेस नेता, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष,एनएसयूआई जिलाध्यक्ष सहित अनेक कार्यकर्ता उपस्थित रहे उपरोक्त अवसर पर महेश मूँदीखेड़ी ब्लॉक अध्यक्ष ग्रामीण, ज़ाहिद गुड्डू नगर अध्यक्ष, धर्मेंद्र मेमदखेदी ब्लॉक अध्यक्ष आष्टा, कैलाश परमार,गुलाब बाई ठाकुर, जितेंद्र सोभाखेड़ी, रमेश मेवाड़ा,सुनील कटारा, कमल चौहान, अरविंद मेवाड़ा, जगदीश चौहान, तोसिफ बाबा, मनोहर पंडितिया, सनावर ख़ान, रसीद नेता जी,प्रेम पटरिया,फ़ैज़ उद्दीन,घनश्याम जांगड़ा, राजकुमार मालवीय,कमल मेवाड़ा, सानू भाई,देवराज परमार,चंदर ठाकुर, बनप पटेल,तेज सिंह जवारिया, संदीप हाजीपुर,मुकेश पांचाल,राकेश जवारिया,अखलेश बाबू राजपूत,महेश पटेल, महेश मेवाडा,अरविंद परमार, गोरे मियां,हरेंद्र नोगाँव ,लोकेंद्र बिलपन, अजय ठाकुर,प्रदीप भाटी,आशिक मंसूरी,राजकुमार नोगाँव, विजय मालवीय,यशवंत मालवीय,रिंकु नामदेव, हरि मेवाड़,पुष्पराज जादोन, टोनी कोठारी,रामचरण दावरीय, बंसीलाल बम्बे,देवेंद्र परमार,अंसार अली,सतीश मेवाड़,साहिद टेलर, मकसूद खान,देवराज मालवीय,तेज सिंह मेवाड़ा,देवेंद्र दुपडीय,राजाराम मुकेश काजीखेड़ी,आदि कांग्रेसजन उपस्थित थे
“प्रधानमंत्री मोदी के 25 वर्ष के सेवा कार्य को जन-जन तक पहुंचाएगा ‘सेवा संकल्प अभियान’ – राव उदयप्रताप सिंह
17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक प्रदेशभर में होंगे सेवा, सुशासन, संवाद और जनभागीदारी के कार्यक्रम”
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन एवं जनसेवा के 25 वर्ष पूर्ण होने एवं उनके जन्मदिन के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी मध्यप्रदेश द्वारा 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक ‘सेवा संकल्प अभियान’ चलाया जाएगा। आज इसको लेकर जिला भाजपा ने एक पत्रकारवार्ता का आयोजन किया गया।

पत्रकार वार्ता को संबोधित करने सीहोर पहुचे अतिथि मंत्री श्री राव उदयप्रताप सिंह का जिलाध्यक्ष नरेश मेवाड़ा ने पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत कर स्वागत उदबोधन दिया एवं वार्ता के विषय से पत्रकारों को अवगत कराया । जिला भाजपा कार्यालय पर आयोजित पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए स्कूल शिक्षा मंत्री श्री राव उदयप्रताप सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का 25 वर्षों का सार्वजनिक जीवन सेवा, सुशासन, गरीब कल्याण और राष्ट्र निर्माण को समर्पित रहा है।

इस सेवा यात्रा को जन-जन तक पहुंचाने और विकसित भारत-2047 के संकल्प को जनभागीदारी का अभियान बनाने के उद्देश्य से प्रदेशभर में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। राव उदयप्रताप सिंह ने कहा कि 7 अक्टूबर 2001 से मुख्यमंत्री और 26 मई 2014 से प्रधानमंत्री के रूप में नरेंद्र मोदी लगातार देश की सेवा कर रहे हैं। यह 25 वर्ष भारत के लोकतांत्रिक इतिहास में सेवा और समर्पण का महत्वपूर्ण अध्याय है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में देश ने गरीब कल्याण, आवास, स्वच्छता, सामाजिक सुरक्षा, महिला सशक्तिकरण, स्वास्थ्य और आर्थिक विकास सहित विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना के माध्यम से 4.5 करोड़ से अधिक परिवारों को आवास, स्वच्छता अभियान के माध्यम से 12 करोड़ से अधिक शौचालयों का निर्माण, 100 करोड़ से अधिक लोगों को सामाजिक सुरक्षा पेंशन से जोड़ने तथा लगभग 80 करोड़ लोगों को निःशुल्क राशन उपलब्ध कराने जैसे कार्यों ने देश के गरीब और वंचित वर्ग के जीवन में व्यापक बदलाव किया है। मंत्री ने कहा कि कोविड-19 महामारी के कठिन दौर में देशवासियों को 200 करोड़ से अधिक निःशुल्क वैक्सीन डोज उपलब्ध कराना भारत की सामर्थ्य और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व का उदाहरण है। उन्होंने कहा कि आज भारत विश्व पटल पर तेजी से आगे बढ़ रहा है और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश की प्रतिष्ठा एवं सम्मान में निरंतर वृद्धि हुई है।

“17 सितंबर को ‘सेवा दिवस’ के रूप में मनाया जाएगा-घर घर जलेगा आशीर्वाद का दिया”
मंत्री राव उदयप्रताप सिंह ने बताया कि 17 सितंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस को प्रदेश में ‘सेवा दिवस’ के रूप में मनाया जाएगा। इस अवसर पर रक्तदान शिविर सहित विभिन्न सेवा गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। उन्होंने कहा कि 17 सितंबर को शाम 7 बजे प्रदेश के सभी 71930 बूथों पर ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। प्रत्येक परिवार दीप प्रज्ज्वलित कर प्रधानमंत्री की 25 वर्षों की जनसेवा के प्रति आभार व्यक्त करेगा और विकसित भारत-2047 के सामूहिक संकल्प में सहभागी बनेगा।

“अभियान में आम नागरिकों की भी होगी भागीदारी”
मंत्री जी ने कहा कि ‘सेवा संकल्प अभियान’ केवल भाजपा का कार्यक्रम नहीं, बल्कि जनभागीदारी का अभियान बने, यह पार्टी का प्रयास है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री का मूल मंत्र ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास’ इस पूरे अभियान की आधार भावना है।
उन्होंने बताया कि ‘सेवा मेरा योगदान’ कार्यक्रम के अंतर्गत प्रत्येक नागरिक कम से कम 25 मिनट का श्रमदान करके अभियान में अपनी भागीदारी दर्ज करा सकता है। युवा, महिलाएं, वरिष्ठ नागरिक, सामाजिक कार्यकर्ता और समाज के विभिन्न वर्ग इसमें सहभागी होंगे।

“बच्चों और युवाओं को जोड़ेगा ‘विकसित भारत’ का संदेश”
राव उदयप्रताप सिंह ने कहा कि 17 सितंबर से 7 अक्टूबर के बीच प्रदेश के सरकारी एवं निजी विद्यालयों में ‘विकसित भारत’ की कल्पना पर चित्रकला, ड्राइंग और भाषण प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। उत्कृष्ट प्रतिभागियों को प्रमाण-पत्र भी प्रदान किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि युवाओं, विद्यार्थियों, स्टार्टअप्स, प्रोफेशनल्स और इनोवेटर्स को जोड़ने के लिए ‘सेवा फर्स्ट इनोवेशन चैलेंज’ भी आयोजित किया जाएगा। इसका उद्देश्य युवाओं के नवाचार को प्रोत्साहित करना और उन्हें राष्ट्र निर्माण से जोड़ना है।

“लाभार्थियों की ‘अनकही कहानियां’ आएंगी सामने”
मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यकाल में जनकल्याणकारी योजनाओं से जिन नागरिकों के जीवन में सकारात्मक बदलाव आया है, उनकी वास्तविक कहानियों को भी जनता के सामने लाया जाएगा। ‘नमो सेवा-अनकही कहानियां’ तथा ‘सेवा की कहानी’ जैसे कार्यक्रमों के माध्यम से लाभार्थियों के अनुभव साझा किए जाएंगे। उन्होंने बताया कि प्रदेश के 11,404 शक्ति केंद्रों पर ‘सेवा की कहानी’ कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इन कार्यक्रमों के माध्यम से प्रधानमंत्री की योजनाओं से आए सकारात्मक बदलाव को जनता के सामने रखा जाएगा।
“सेवा ज्योति यात्रा के माध्यम से गांव-गांव पहुंचेगा संदेश”
राव उदयप्रताप सिंह ने कहा कि 7 अक्टूबर को ‘सेवा ज्योति यात्रा’ के माध्यम से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के सेवा कार्य और विकास उपलब्धियों का संदेश गांव-गांव तक पहुंचाया जाएगा। पदयात्रा, साइकिल रैली और बाइक रैली के माध्यम से कार्यकर्ता एवं आमजन इसमें सहभागी होंगे। उन्होंने कहा कि यात्रा के दौरान 25 वर्षों की प्रमुख सेवा एवं विकास उपलब्धियों की जानकारी देने के साथ विकसित भारत-2047 का सामूहिक संकल्प भी लिया जाएगा।

“सेवा मेरा योगदान’ के माध्यम से 25 प्रकार की सेवा गतिविधियां होगी संचालित”
मंत्री राव उदयप्रताप सिंह ने कहा कि 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलने वाले अभियान में कार्यकर्ता समाजसेवा की विभिन्न गतिविधियों में अपना योगदान देंगे। अभियान के अंतर्गत 25 प्रकार की सेवा गतिविधियां संचालित की जाएंगी। उन्होंने कहा कि सेवा को केवल कार्यक्रम तक सीमित नहीं रखा जाएगा, बल्कि इसे समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचाने का प्रयास होगा।
“सेवा सेतु’ कैंप से योजनाओं का लाभ दिलाने का प्रयास”
उन्होंने बताया कि प्रदेश के सभी विधानसभा क्षेत्रों में विकासखंड स्तर पर ‘सेवा सेतु कैंप’ आयोजित किए जाएंगे। इन शिविरों में स्वास्थ्य सेवाओं, सरकारी योजनाओं की जानकारी देने के साथ पात्र हितग्राहियों को योजनाओं से जोड़ने और आवेदन प्रक्रिया में सहायता उपलब्ध कराने का कार्य किया जाएगा। सरकार की योजनाओं का वास्तविक उद्देश्य तभी पूरा होता है, जब उसका लाभ अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक पहुंचे। ‘सेवा सेतु’ के माध्यम से इसी भावना को जमीन पर उतारने का प्रयास किया जाएगा।

“प्रमुख चौराहों,सार्वजनिक स्थानों पर बनाई जाएंगी रांगोली”
उन्होंने बताया कि सार्वजनिक स्थलों पर मानव रंगोली के माध्यम से प्रधानमंत्री की प्रमुख जनकल्याणकारी योजनाओं, राष्ट्रीय प्रतीकों और विकसित भारत के संदेश को प्रदर्शित किया जाएगा। नागरिक इन गतिविधियों को नमो ऐप और सोशल मीडिया के माध्यम से साझा कर अभियान से जुड़ेंगे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की 25 वर्षों की सेवा यात्रा हम सभी के लिए प्रेरणा है। उन्होंने कहा कि ‘सेवा संकल्प अभियान’ के माध्यम से भाजपा कार्यकर्ता जनता से केवल संवाद नहीं करेंगे, बल्कि जनता को विकसित भारत के निर्माण का सहभागी बनाएंगे। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री की सेवा भावना से प्रेरणा लेकर मध्यप्रदेश को विकसित, आत्मनिर्भर और सशक्त प्रदेश बनाने के लिए भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता पूरी प्रतिबद्धता से कार्य करेगा। साथ ही विकसित भारत-2047 के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाने का कार्य किया जाएगा।
पत्रकारवार्ता में ये रहे उपस्तिथ
पत्रकार वार्ता में भाजपा जिलाध्यक्ष नरेश मेवाड़ा,जिला प्रभारी विकास विरानी,आष्टा विधायक गोपाल इंजीनियर,निगम अध्यक्ष रवि मालवीय, जिला महामंत्री द्वय पंकज गुप्ता, जितेन्द्र गौड़ एवं जिला मीडिया प्रभारी प्रितेश राठौर उपस्थित रहे।

























