Spread the love
IMG-20250625-WA0014__01
PlayPause
previous arrow
next arrow

आष्टा। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर हर घर तिरंगा, घर-घर तिरंगा अभियान के अंतर्गत आज आष्टा नगर में भव्य एवं विशाल तिरंगा रैली का आयोजन किया गया। आजादी का अमृत महोत्सव की भावना को आगे बढ़ाते हुए नगर के समस्त नागरिको से अपने-अपने घरों पर सम्मान पूर्वक राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा फहराकर देशभक्ति एवं राष्ट्रीय एकता की भावना को प्रदर्शित करने की अपील की गई। विशाल तिरंगा रैली में जिला भाजपा अध्यक्ष नरेश मेवाडा,विधायक गोपाल सिंह इंजीनियर, नगर पालिका अध्यक्ष हेमकुवर रायसिंह मेवाड़ा, जनपद पंचायत अध्यक्ष दीक्षा सोनू गुणवान भाजपा नगर मंडल अध्यक्ष अंजलि विशाल चैरसिया, जिला उपाध्यक्ष धारासिंह पटेल,एवं अन्य जनप्रतिनिधिगण, गणमान्य नागरिक,पूर्व सैनिक, एन.सी.सी. कैडेट्स,सभी विभागों के अधिकारी,कर्मचारी, एन.एस.एस. स्वयंसेवकों सहित सांदीपनि विद्यालय आष्टा एवं अन्य विद्यालयों के करीब दो हजार से अधिक विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।

सर्वप्रथम अनुविभागीय अधिकारी महेंद्र प्रताप सिंह किरार,एसडीओपी दामोदर गुप्ता,मुख्य कार्यपालन अधिकारी अमित व्यास,रेंजर नवनीत झा,सीएमओ विनोद प्रजापति,विकासखंड शिक्षा अधिकारी निलेश सक्सेना,विकासखंड स्त्रोत समन्वयक अजब सिंह राजपूत एवं सांदीपनि विद्यालय आष्टा के प्राचार्य सितवत खान द्वारा सभी अतिथियों का पुष्प गुच्छ भेंट कर स्वागत किया गया।


तिरंगा यात्रा के प्रारंभ होने से पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष नरेश मेवाड़ा, विधायक गोपाल सिंह इंजीनियर और भाजपा जिला उपाध्यक्ष धारासिंह पटेल ने संबोधित किया। अपने उद्बोधन में उन्होंने कहा कि बहुत संघर्ष और त्याग के पश्चात हमें आजादी मिली है। आज हम एक विकसित राष्ट्र बनने की दिशा में आगे बड़ रहे है। यदि हम सभी अपने कर्तव्यों का ईमानदारी से पालन करते है, तो विकसित राष्ट्र का सपना बहुत जल्द ही साकार हो जाएंगा। युवाओं से आव्हान किया कि वो अपनी शक्ति को पहचाने और उनकों जो अवसर और सुविधाएं मिल रही है, उससे लाभांवित हो। विशाल तिरंगा हाथों में थामे विद्यार्थियों एवं युवाओं का कारवां सांदीपनि विद्यालय से प्रारंभ होकर आष्टा नगर के प्रमुख मार्गों से होते हुए वापस सांदीपनि विद्यालय पहुंचा। पूरा नगर भारत माता की जय, वंदे मातरम् और जय हिंद के नारों से गूंज उठा। विद्यार्थियों में देशभक्ति एवं राष्ट्रप्रेम का अद्भुत उत्साह देखने को मिला।
तिरंगा रैली के दौरान नगरवासियों ने उत्साह पूर्वक सहभागिता करते हुए जगह जगह पुष्प वर्षा कर तिरंगा रैली का स्वागत किया। विशाल संख्या में विद्यार्थियों की उपस्थिति ने पूरे आयोजन को भव्य एवं आकर्षक बना दिया।


रैली का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों एवं नागरिकों में राष्ट्रीय एकता, अखंडता, देशभक्ति और तिरंगे के प्रति सम्मान की भावना को और अधिक सुदृढ़ करना रहा। आष्टा की सड़कों पर लहराता तिरंगा और हजारों विद्यार्थियों का अनुशासित कदमताल देशभक्ति की एक शानदार तस्वीर प्रस्तुत कर रहा था। यह विशाल तिरंगा रैली नगरवासियों के लिए एकता, उत्साह और राष्ट्रप्रेम का यादगार संदेश छोड़ गई ।

“वीर शिरोमणि दुर्गादास राठौर की जयंती पर निकला भव्य चल समारोह
नगरपालिका ने मंच बनाकर किया चल समारोह स्वागत”

राष्ट्रभक्ति, अदम्य शौर्य, त्याग और स्वाभिमान के प्रतीक वीर शिरोमणि दुर्गादास जी राठौर की 388वीं जयंती के अवसर पर क्षत्रीय राठौर समाज द्वारा नगर में भव्य चल समारोह का आयोजन बड़े ही हर्षाेल्लास और गरिमामय वातावरण में किया गया।
समारोह की शुरुआत स्थानीय गायत्री मंदिर से हुई। इसके पश्चात चल समारोह ढोल-धमाकों, आतिशबाजी और जयकारों की गूंज के साथ नगर के प्रमुख मार्गों से होता हुआ खंडेलवाल चौराहा पहंुचा।

चल समारोह में सुसज्जित रथ पर विराजित वीर दुर्गादास जी राठौर के चित्रात्मक स्वरूप के दर्शन कर नपाध्यक्ष प्रतिनिधि रायसिंह मेवाड़ा ने सभी समाजजनों को बधाई दी।
खंडेलवाल चौराहे पर हुआ भव्य स्वागत – चल समारोह का खंडेलवाल चौराहा पर नगरपालिका द्वारा मंच बनाकर नपाध्यक्ष प्रतिनिधि रायसिंह मेवाड़ा की उपस्थिति में चल समारोह पर पुष्प वर्षा कर समाज के अध्यक्ष गौरीशंकर राठौर, व्यापार महासंघ अध्यक्ष रूपेश राठौर, उपाध्यक्ष हेमंत राठौर, कोषाध्यक्ष हेमंत राठौर (हरिओम), पार्षद तेजसिंह राठौर, महामंत्री जुगलकिशोर राठौर, दीपक राठौर, प्रदीप राठौर, राजू राठौर सहित वरिष्ठजनों एवं पदाधिकारियों का साफा बांधकर व माला पहनाकर आत्मीय स्वागत-सम्मान किया गया।


स्वागत समारोह को संबोधित करते हुए नपाध्यक्ष प्रतिनिधि रायसिंह मेवाड़ा ने कहा कि वीर दुर्गादास जी राठौर केवल राठौर समाज ही नहीं, बल्कि संपूर्ण राष्ट्र और मानव समाज के स्वाभिमान, पराक्रम और राष्ट्रभक्ति के अद्वितीय प्रतीक हैं। उन्होंने विपरीत परिस्थितियों में भी अपनी मातृभूमि और संस्कृति की रक्षा के लिए जो त्याग और समर्पण दिखाया, वह अमर है। उनकी देशभक्ति और रणनीतिक चातुर्य से आने वाली पीढ़ियों को सदैव राष्ट्रसेवा की प्रेरणा मिलती रहेगी।

इस अवसर पर नपाध्यक्ष प्रतिनिधि रायसिंह मेवाड़ा, पार्षदगण रवि शर्मा, डॉ. सलीम खान, तारा कटारिया, अरशद अली, आनंद गोस्वामी, मनीष धारवां, पवन वर्मा, चेतन छाजेड़, दिलीप वशिष्ट, आकाश सुराना, रोहित तौमर, अनिमेश सोनी, अंकुश सोनी, मोहित प्रजापति आदि मौजूद थे।

“नगर परिषद कोठरी में निकली विशाल तिरंगा यात्रा,देशभक्ति के नारों से गूंजा कोठरी नगर,विधायक गोपालसिंह इंजीनियर हुए शामिल,सैनिकों का किया सम्मान”

स्वतंत्रता दिवस के एक दिन पूर्व आज 14 अगस्त को नगर परिषद कोठरी की विशाल तिरंगा यात्रा निकाली गई । यात्रा में शामिल होने कोठरी पहुचे विधायक श्री इंजीनियर का नपा की अध्यक्षा श्रीमती नगीना राधेश्याम दलपति एवं मुख्य नगर पालिका अधिकारी राहुल शर्मा ने पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया ।

कोठरी नगर परिषद की निकली तिरंगा यात्रा नगर के विभिन्न मार्गो से होती हुई नगर परिषद प्रांगण पहुंची, जहां यात्रा का समापन हुआ। तिरंगा यात्रा के दौरान नगरवासियों एवं विद्यार्थियों ने हाथों में तिरंगा लेकर देशभक्ति के नारों के साथ उत्साहपूर्वक सहभागिता की। स्थान स्थान पर पुष्पवर्षा कर यात्रा का स्वागत किया गया
इस अवसर पर विधायक गोपालसिंह इंजीनियर ने कहा की आज कोठरी नगर में तिरंगा यात्रा का विशाल आयोजन किया गया । आज का दिन हम सभी के लिए गर्व और प्रेरणा का दिन है। हमारे हाथों में लहराता यह तिरंगा केवल एक ध्वज नहीं, बल्कि भारत की अस्मिता, स्वाभिमान, एकता और करोड़ों देशवासियों की भावनाओं का प्रतीक है।


विधायक इंजीनियर ने कहा की यह तिरंगा हमें उन वीर सपूतों की याद दिलाता है जिन्होंने अपने प्राणों की आहुति देकर हमें स्वतंत्र भारत का अमूल्य उपहार दिया। हम उन सभी ज्ञात-अज्ञात स्वतंत्रता सेनानियों,वीर सैनिकों और राष्ट्ररक्षकों को विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित करते हैं। जिन्होंने भारत माता को अंग्रेजों के चुंगल से मुक्त कराया । आज जब हमने तिरंगा यात्रा निकाली हैं, तब हमें यह भी संकल्प लेना है कि राष्ट्र प्रथम की भावना को अपने जीवन का आधार बनाएँगे। देश का विकास तभी संभव है जब समाज का हर नागरिक अपने अधिकारों के साथ-साथ अपने कर्तव्यों का भी ईमानदारी से पालन करे।

इस अवसर पर विधायक इंजीनियर ने सभी युवाओं से विशेष आग्रह किया कि वे शिक्षा, सेवा, अनुशासन और राष्ट्र निर्माण में अपनी सक्रिय भूमिका निभाएँ। भारत आज दुनिया में नई ऊँचाइयों को छू रहा है और प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्रमोदी जी के नेतृत्व में विकसित भारत के निर्माण में युवाओं की सबसे महत्वपूर्ण भूमिका है। विधायक ने कोठरी के नागरिको से आव्हान किया कि हम सब मिलकर अपने क्षेत्र को स्वच्छ, शिक्षित, समृद्ध और आत्मनिर्भर बनाएँ। आपसी प्रेम, भाईचारे और सामाजिक सद्भाव को मजबूत करें। यही तिरंगे का संदेश है और यही हमारे महान राष्ट्र की पहचान है। आज इस पावन अवसर पर हम सभी संकल्प लें कि राष्ट्र की एकता, अखंडता और सम्मान की रक्षा के लिए सदैव तत्पर रहेंगे तथा अपने तिरंगे की आन, बान और शान को हमेशा ऊँचा रखेंगे। विधायक श्री गोपाल सिंह इंजीनियर ने विकसित भारत, विकासशील भारत एवं खुशहाल भारत के संकल्प के साथ सभी को स्वतंत्रता दिवस की बधाई दी ।

इसके पूर्व सहकारिता के नेता पार्षद राधेश्याम दलपति ने अपने स्वागत संबोधन में सभी का स्वागत किया । कार्यक्रम में विधायक इंजीनियर ने सभी सैनिकों का स्वागत सम्मान किया । तिरंगा रैली में पूर्व विधायक रघुनाथसिंह मालवीय, मंडल अध्यक्ष देवजी पटेल,सोनू गुणवान, युवराज चंद्रवंशी,सतीश सोनानीया,जितेन्द्रसिंह आजाद सहित सभी जनप्रतिनिधि,पार्षद,नागरिक,सैनिक, शिक्षक,विद्यार्थी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

“भाजपा ने विभाजन की विभीषिका के दौरान दिवंगत हुए लोगो को अर्पित की श्रद्धांजलि”

भाजपा एवं भाजयुमो ने आज विधायक कार्यालय में विधायक श्री गोपालसिंह इंजीनियर की उपस्तिथी में विधायक कार्यालय में विभाजन की विभीषिका स्मृति दिवस मनाया ।
इस अवसर पर विधायक गोपालसिंह इंजीनियर ने कहा कि हमने तो वो दिन नही देखा है,लेकिन इतिहास के पन्नो में जब हम पढ़ते है तो आंखे नम हो जाती है ।

विभाजन की विभीषिका का दिन हमारे इतिहास के उस अध्याय को याद करने का दिन है,जिसे याद करना पीड़ादायक है,लेकिन जिसे भूलना उससे भी अधिक खतरनाक है। विधायक ने कहा की 1947 में देश का विभाजन केवल जमीन का विभाजन नहीं था, बल्कि यह करोड़ों लोगों के जीवन, परिवारों और भावनाओं को प्रभावित करने वाली ऐतिहासिक त्रासदी थी। लाखों परिवारों को अपना घर-बार छोड़ना पड़ा। अनेक लोगों ने अपनों को खोया और असंख्य लोगों को विस्थापन का दर्द सहना पड़ा।


हम उन सभी लोगों को श्रद्धापूर्वक नमन करते हैं, जिन्होंने विभाजन की उस कठिन घड़ी में अपार पीड़ा सहन की और अपने जीवन को नए सिरे से खड़ा किया।


आज आवश्यकता है कि हम इतिहास से सीख लें और अपने देश की एकता, अखंडता और भाईचारे को और मजबूत करें। हमारी सबसे बड़ी ताकत है—विविधता में एकता। हमारी भाषाएं अलग हो सकती हैं, हमारी परंपराएं अलग हो सकती हैं, हमारी पूजा-पद्धतियां अलग हो सकती हैं, लेकिन हम सभी भारतीय हैं और भारत हमारी साझा पहचान है। विधायक श्री इंजीनियर ने कहा की हमारे प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में आज भारत आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ रहा है। हमारा संकल्प होना चाहिए कि एक मजबूत, आत्मनिर्भर, विकसित और एकजुट भारत का निर्माण करें। विभाजन की पीड़ा को याद करते हुए हम उन सभी पीड़ितों को श्रद्धांजलि दें और यह संकल्प लें—
हम भारत की एकता और अखंडता की रक्षा करेंगे।


हम समाज में भाईचारा और सद्भाव बढ़ाएंगे।
हम इतिहास से सीखेंगे,लेकिन भविष्य को बेहतर बनाने के लिए आगे बढ़ेंगे।
कार्यक्रम के अंत मे उपस्तिथ सुशील संचेती, विशाल चौरसिया,महेंद्र सिंह ठाकुर,बलवीर ठाकुर,उत्थान धारवा,सौरभ जैन सहित सभी कार्यकर्ताओ ने विभाजन के दौरान जिन्होंने अपना सब कुछ खोया,जो दिवंगत हुए उन नागरिको को नमन कर श्रद्धांजलि अर्पित की

“पूर्व मंडी सचिव सीताराम शर्मा नहीं रहे, आष्टा से बड़ी संख्या में लोगों ने दी अंतिम विदाई”

स्थानीय कृषि उपज मंडी में कई वर्षों पूर्व मंडी सचिव के पद पर सेवाएं देते हुए मंडी के विकास में महत्वपूर्ण योगदान देने वाले 87 वर्षीय सेवानिवृत्त मंडी सचिव श्री सीताराम शर्मा का 13 अगस्त को गंजबासौदा स्थित उनके निवास पर आकस्मिक निधन हो गया।

वे लंबे समय से अस्वस्थ चल रहे थे और जीवन-मृत्यु से संघर्ष कर रहे थे। उनके निधन का समाचार मिलते ही आष्टा मंडी में शोक की लहर छा गई।
श्री सीताराम शर्मा ने आष्टा कृषि उपज मंडी में मंडी सचिव के रूप में कार्य करते हुए मंडी के विकास और व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। उनके कार्यकाल को आज भी मंडी से जुड़े लोगों द्वारा सम्मान पूर्वक याद किया जाता है।


श्री शर्मा के निधन से उनके परिजनों, परिचितों एवं मंडी से जुड़े व्यापारियों में शोक व्याप्त है। वे उमाशंकर शर्मा, रविकांत शर्मा एवं शशिकांत शर्मा के पूज्य पिताजी तथा अभी, यश एवं ओजस्व के दादाजी थे।


उनकी अंतिम यात्रा शुक्रवार 14 अगस्त को सुबह 10 बजे गंजबासौदा के नेहरू चौक स्थित नानाजी वाली गली से निकाली गई। अंतिम संस्कार में आष्टा से बड़ी संख्या में व्यापारीगण, स्नेहीजन एवं परिचित शामिल हुए और नम आंखों से उन्हें अंतिम विदाई दी।शोकाकुलजनों ने श्री शर्मा के निधन पर गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए दिवंगत आत्मा की शांति तथा शोक संतप्त परिवार को यह अपार दुख सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed

error: Content is protected !!