जैन धर्म के सातवें तीर्थंकर भगवान श्री सुपार्श्वनाथ स्वामी के पावन जन्म एवं तप कल्याणक महा महोत्सव के अवसर पर नगर के जैन मंदिरों में धर्ममय वातावरण के बीच विविध धार्मिक आयोजन संपन्न हुए। श्रद्धालुओं ने भक्ति, आराधना एवं पूजन-अर्चन कर भगवान के आदर्शों को आत्मसात करने का संकल्प लिया। स्थानीय श्री चन्द्रप्रभु गंज जैन मंदिर में प्रातःकाल विशेष पूजन, अभिषेक, शांतिधारा एवं धार्मिक विधान आयोजित किए गए।

इस अवसर पर मनोज-नीतू जैन परिवार द्वारा शांतिधारा का पुण्यार्जक लाभ प्राप्त किया गया। श्रद्धालुओं ने भगवान सुपार्श्वनाथ के जीवन चरित्र का स्मरण करते हुए उनके त्याग, तप, संयम और अहिंसा के संदेश को जीवन में अपनाने का आह्वान किया।

धार्मिक कार्यक्रम के दौरान भक्तिभाव से भगवान की आराधना की गई तथा मंगल मंत्रों और जयघोषों से पूरा जिनालय गुंजायमान हो उठा। मंदिर में उपस्थित श्रद्धालुओं ने भगवान की प्रतिमा के समक्ष श्रद्धा-सुमन अर्पित कर विश्व शांति, सुख-समृद्धि एवं मानव कल्याण की कामना की। जैन समाज के वरिष्ठजनों ने बताया कि भगवान सुपार्श्वनाथ का जीवन तप, त्याग और आत्मकल्याण की प्रेरणा देता है।


उनके जन्म एवं तप कल्याणक का पर्व आत्मशुद्धि, संयम और धर्म आराधना का संदेश लेकर आता है। इस अवसर पर बच्चों, युवाओं एवं महिलाओं ने भी उत्साहपूर्वक सहभागिता निभाई। नगर के अन्य सभी जैन जिनालयों में भी भगवान श्री सुपार्श्वनाथ

के जन्म एवं तप कल्याणक महोत्सव श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ मनाए गए। विभिन्न मंदिरों में विशेष पूजन, अभिषेक, शांतिधारा तथा धर्मसभा के आयोजन हुए, जिनमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। पूरे दिन जिनालयों में धार्मिक वातावरण बना रहा और श्रद्धालु भगवान की भक्ति में लीन नजर आए।

“मोहर्रम त्यौहार को लेकर प्रशासन-पुलिस सतर्क…
आज निकलेगा चल समारोह
डीआईजी भोपाल (देहात) आष्टा पहुचे,कानून-व्यवस्था,सुरक्षा,
जुलूस मार्ग की ली जानकारी,दिये निर्देश,सीहोर एसपी श्रीमति सोनाक्षी सक्सेना भी रही साथ”

मोहर्रम त्यौहार को लेकर प्रशासन-पुलिस पूरी तरह से सतर्क ओर मुस्तेद है । पार्वती थाना क्षेत्र के अलीपुर में 26 जून को दोपहर में ताजियों का विसर्जन जुलूस निकला वही आष्टा थाना क्षेत्र के तहत आष्टा नगर में आज 27 जून शनिवार को ताजियों का विसर्जन जुलूस पुराना बस स्टैंड से निकलेगा ।

मोहर्रम त्यौहार को लेकर कानून एवं व्यवस्था का निरीक्षण करने डीआईजी भोपाल देहात श्री राजेशसिंह चंदेल 26 जून की शाम आष्टा पहुचे मोहर्रम पर निकलने वाले जुलूस मार्ग का,सुरक्षा व्यवस्था,तय पाइंटों पर बल तैनाती आदि की जानकारी स्थानीय अधिकारियों से ली एवं निर्देश दिये । इस अवसर पर एसपी सीहोर श्रीमति सोनाक्षी सक्सेना भी निरीक्षण के दौरान साथ थी ।


आष्टा नगर में मोहर्रम कमेटी जुम्मापूरा का ताजियों का विसर्जन जुलूस आज 27 जून शनिवार को प्रातः पुराना बस स्टैंड से शुरू होगा एवं मोहर्रम कमेटी काजीपुरा का जुलूस सिकन्दर बाजार से शुरू होगा दोनों जुलूस बुधवारा,परदेशीपुरा,पुराना बस स्टैंड होते हुए विसर्जन स्थल पहुचेंगे ।

डीआईजी देहात के आष्टा दौरे के दौरान एसपी श्रीमति सोनाक्षी सक्सेना, एसडीओपी दामोदर गुप्ता,आष्टा थाना प्रभारी गिरीश दुबे आदि भी उपस्तिथ रहे ।


“बिना अनुमति लगाए जा रहे अवैध होर्डिंग पर नगर पालिका की सख्त कार्रवाई,संपूर्ण स्ट्रक्चर हटाकर किये जब्त”

नगर पालिका परिषद आष्टा द्वारा नगर पालिका क्षेत्र में सार्वजनिक मार्गों पर किए जा रहे अवैध अतिक्रमण एवं बिना अनुमति स्थापित किए जा रहे होर्डिंग्स के विरुद्ध लगातार कार्रवाई की जा रही है। नपा आष्टा द्वारा एक प्रेस विज्ञप्ति जारी कर बताया कि इसी क्रम में पुराना भोपाल-इंदौर मार्ग पर बिना सक्षम प्राधिकारी की अनुमति के एक विशालकाय होर्डिंग स्थापित किए जाने का मामला नपा के संज्ञान में आया।


सूचना प्राप्त होते ही नगर पालिका की टीम द्वारा मौके का निरीक्षण किया गया, जिसमें पाया गया कि रात्रि के समय लोहे का विशाल होर्डिंग स्ट्रक्चर खड़ा किया जा रहा था। निरीक्षण के समय तक होर्डिंग का अधिकांश लोहे का फ्रेम एवं संरचना स्थापित की जा चुकी थी। प्रथम दृष्टया उक्त निर्माण के संबंध में नगर पालिका से किसी प्रकार की वैध अनुमति प्राप्त नहीं होना पाया गया तथा सार्वजनिक मार्ग के किनारे अनियमित एवं अवैध रूप से होर्डिंग स्थापित किया जा रहा था, जिससे यातायात एवं जनसुरक्षा प्रभावित होने की आशंका थी।


मुख्य नगर पालिका अधिकारी विनोद कुमार प्रजापति के निर्देशन में नगर पालिका की टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए अवैध रूप से स्थापित किए जा रहे संपूर्ण होर्डिंग स्ट्रक्चर को हटाकर जब्त कर लिया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार उक्त कार्य में अक्षय शर्मा, निवासी सीहोर का नाम सामने आया है।

प्रकरण की विधिवत जांच की जा रही है। जांच उपरांत संबंधित व्यक्ति के विरुद्ध प्रचलित अधिनियमों एवं नियमों के अंतर्गत वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। साथ ही अवैध निर्माण को हटाने एवं शासकीय संसाधनों के उपयोग में हुए समस्त व्यय एवं हर्जाने की वसूली भी नियमानुसार संबंधित से की जाएगी।


इस कार्रवाई में नगर पालिका की ओर से अतिक्रमण प्रभारी कैलाश घेंगट, मनोहर विश्वकर्मा सहित नगर पालिका के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
मुख्य नगर पालिका अधिकारी विनोद कुमार प्रजापति ने कहा कि नगर पालिका क्षेत्र में बिना वैधानिक अनुमति के किसी भी प्रकार का अतिक्रमण, अवैध होर्डिंग अथवा सार्वजनिक भूमि एवं मार्ग पर अनधिकृत निर्माण किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जाएगा। ऐसे मामलों में तत्काल कार्रवाई करते हुए दोषियों के विरुद्ध नियमानुसार कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।



















