आष्टा। नगर के बुधवारा क्षेत्र में शनिवार को ठगी का एक बड़ा मामला सामने आया। दो शातिर ठगों ने पहले करीब दो माह तक सराफा व्यापारी का भरोसा जीता और फिर 23 नकली सोने के सिक्के का हार बेचकर 20 लाख रुपए नकद तथा 6 लाख 40 हजार रुपए के सोने-चांदी के जेवरात लेकर फरार हो गए। ठगी गई कुल राशि 26 लाख 40 हजार रुपए बताई जा रही है ।


जबकि सिक्कों की बाजार कीमत करीब 33 लाख 35 हजार रुपए है। मामले में पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर दो विशेष टीमें आरोपियों की तलाश में लगा दी हैं।

थाना प्रभारी गिरीश दुबे के अनुसार बुधवारा निवासी गिरीराज पिता रामचंद्र सोनी की “पटेल गिरीराज ज्वेलर्स” नाम से सराफा दुकान है। शनिवार सुबह दो व्यक्ति उनकी दुकान पर पहुंचे और 10-10 ग्राम वजन वाले 23 सोने के सिक्के के गुथे हार बेचने की बात कही।


मोलभाव के बाद व्यापारी ने सिक्कों की अनुमानित कीमत 33 लाख 35 हजार रुपए होने पर उन्हें 20 लाख रुपए नकद और 6 लाख 40 हजार रुपए के सोने-चांदी के जेवरात देकर खरीद लिया। दोनों आरोपी नकदी और जेवरात लेकर चले गए। कुछ देर बाद जब सिक्कों की जांच की गई तो सभी सिक्के नकली निकले। इसके बाद व्यापारी ने तत्काल आष्टा थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई।


“पहले गिरवी रखे असली सिक्के, फिर जीता भरोसा”
पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी पिछले लगभग दो माह से व्यापारी के संपर्क में थे। वे स्वयं को देवास जिले के कन्नौद क्षेत्र का निवासी बताते थे। इस दौरान वे कई बार असली सोने के सिक्के गिरवी रखकर पैसे लेते और कुछ दिनों बाद राशि लौटाकर सिक्के वापस ले जाते थे।


लगातार लेन-देन के चलते व्यापारी का उन पर भरोसा बन गया। दो दिन पहले भी आरोपी एक महिला को अपनी पत्नी बताकर दुकान पर आए थे और घर में विवाह होने की बात कही थी। पुलिस का मानना है कि यह पूरा घटनाक्रम व्यापारी का विश्वास जीतने की सोची-समझी साजिश का हिस्सा था।


“सीसीटीवी में तीसरा साथी भी आया नजर”
दुकान और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच में दो आरोपी दुकान के अंदर जाते दिखाई दिए हैं, जबकि उनका तीसरा साथी कुछ दूरी पर बाइक पर हेलमेट लगाकर खड़ा था। वारदात के बाद दोनों आरोपी उसी बाइक पर बैठकर जाते हुए कैमरों में कैद हुए हैं।

पुलिस के अनुसार बाइक के नंबर पर सफेद रंग पोत दिया गया था, जिससे उसकी पहचान न हो सके।
“आधार कार्ड और मोबाइल नंबर भी फर्जी”

जांच में आरोपियों द्वारा दिया गया आधार कार्ड भी संदिग्ध पाया गया है। उस पर कैलाश नगर, पलवल (हरियाणा) का पता दर्ज है, जबकि व्यापारिक लेन-देन में उपयोग किए गए मोबाइल नंबर असम के बताए जा रहे हैं।

पुलिस के अनुसार आरोपी अक्सर स्वयं कॉल करते थे, लेकिन वापस संपर्क करने पर नंबर नहीं लगते थे। इससे आरोपियों तक पहुंचना जांच एजेंसियों के लिए चुनौती बना हुआ है।


पुलिस ने किया मामला दर्ज,आरोपियों की तलाश जारी”
पुलिस ने व्यापारी की शिकायत पर अपराध क्रमांक 387/26 दर्ज कर धारा 318(1) भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) के तहत मामला कायम किया है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दो टीमें गठित कर संभावित ठिकानों पर तलाश शुरू कर दी गई है।


इनका कहना है….
“सराफा व्यापारी से नकली सोने के सिक्कों के जरिए 20 लाख रुपए नकद और 6 लाख 40 हजार रुपए के सोने-चांदी के जेवरात की ठगी की गई है। प्रकरण दर्ज कर लिया गया है। आरोपियों की तलाश के लिए पुलिस की दो टीमें लगातार कार्रवाई कर रही हैं।”
— गिरीश दुबे, थाना प्रभारी, आष्टा

























