Spread the love

आष्टा। रीवा में दिगंबर जैन आर्यिका संघ के साथ हुई हृदयविदारक घटना के विरोध में आज सोमवार को प्रातः 9 बजे आष्टा नगर में सकल श्वेताम्बर जैन श्रीसंघ,श्री दिगंबर जैन पंचायत समिति,हिन्दू उत्सव समिति एवं सकल हिंदू समाज संगठन के तत्वावधान में विशाल मौन रैली निकाली गई।

रैली में जैन समाज सहित विभिन्न समाजों के लोगों, महिलाओं, युवाओं एवं बच्चों ने बड़ी संख्या में सहभागिता कर संत समाज के प्रति अपनी श्रद्धा एवं संवेदना व्यक्त की।
मौन रैली पुरानी सब्जी मंडी चौक से प्रारंभ हुई, जो बड़ा बाजार, प्रगति गली, बुधवारा, गल चौराहा, कॉलोनी चौराहा एवं कन्नौद रोड मार्ग से होती हुई तहसील कार्यालय पहुंची। रैली में शामिल समाजजन हाथों में संत सुरक्षा एवं न्याय की मांग से संबंधित तख्तियां लिए हुए थे। पूरे मार्ग में अनुशासित एवं शांतिपूर्ण वातावरण बना रहा।
तहसील कार्यालय पहुंचकर भारत सरकार के गृह मंत्री अमित शाह, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, कलेक्टर एवं जिला पुलिस अधीक्षक के नाम ज्ञापन एसडीएम नितिन कुमार टाले को सौंपा गया। ज्ञापन का वाचन श्वेताम्बर जैन श्रीसंघ अध्यक्ष पवन सुराणा ने किया। ज्ञापन दिगम्बर जैन समाज अध्यक्ष आनन्द पोरवाल, सकल हिंदू समाज अध्यक्ष नरेंद्र कुशवाहा, हिंदू उत्सव समिति अध्यक्ष नारायण “भूरु” मुकाती सहित समाजजनों द्वारा सौंपा गया।


ज्ञापन वाचन के पूर्व श्रीसंघ अध्यक्ष पवन सुराणा ने रीवा की घटना पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए दिवंगत आर्यिका श्री श्रुतमति जी एवं आर्यिका श्री उपशममति जी को श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने कहा कि पदविहार कर रहे संत समाज पर जानबूझकर वाहन चढ़ाने जैसी घटना अत्यंत निंदनीय एवं समाज को झकझोर देने वाली है।

IMG-20250625-WA0014__01
PlayPause
previous arrow
next arrow


ज्ञापन में घटना की उच्चस्तरीय निष्पक्ष जांच, दोषियों पर कठोर कार्रवाई तथा देशभर में विहाररत जैन संत-साध्वियों की सुरक्षा के लिए विशेष सुरक्षा व्यवस्था लागू करने की मांग की गई। साथ ही “संत सुरक्षा प्रोटोकॉल” लागू करने, संवेदनशील क्षेत्रों में पुलिस समन्वय बढ़ाने एवं प्रशासनिक स्तर पर “Sant Security Coordination Cell” गठित करने की भी मांग रखी गई।
ज्ञापन के दौरान महिलाओं ने भी अपनी भावनाएं व्यक्त कीं।

शकुंतला छाजेड़, श्रद्धा गंगवाल, संगीता सेठी एवं डॉ. मीना सिंगी ने एसडीएम को ज्ञापन सौंपते हुए कहा कि संत समाज भारतीय संस्कृति और आध्यात्मिक परंपरा की अमूल्य धरोहर है। उनके साथ हुई इस प्रकार की दुखद घटना ने पूरे देश के श्रद्धालुओं को गहरी पीड़ा पहुंचाई है। महिलाओं ने दोषियों के विरुद्ध कठोरतम कार्रवाई की मांग की।


उल्लेखनीय है कि रीवा में विगत दिनों जंगल मार्ग से पदविहार कर रहे दिगंबर जैन आर्यिका संघ पर तेज गति से कार चढ़ा देने की घटना में दो आर्यिका माताजी का निधन हो गया था, जबकि कई आर्यिकाएं एवं श्रावक घायल हुए थे। घटना के बाद पूरे देश में जैन समाज द्वारा विरोध स्वरूप मौन रैलियां एवं ज्ञापन कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।

आष्टा में आयोजित मौन रैली में जैन समाज के अलावा अन्य समाजों के लोगों ने भी बड़ी संख्या में सहभागिता कर सामाजिक एकता एवं संत समाज के प्रति सम्मान का परिचय दिया। रैली के दौरान पूरा वातावरण शांत, अनुशासित एवं भावनात्मक बना रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed

error: Content is protected !!