Spread the love

आष्टा । पुलिस अधीक्षक सीहोर श्रीमती सोनाक्षी सक्सेना के निर्देशन मे एवं अति पुलिस अधीक्षक प्रशांत चौबे के मार्गदर्शन में एसडीओपी दामोदर गुप्ता के निर्देशन में एवं थाना प्रभारी पार्वती हरिसिंह परमार के नेतृत्व में पार्वती थाना पुलिस द्वारा मुखबिर की सूचना पर कन्नौद से शुजालपुर न्यू बाय पास निर्माण धीन ब्रिज के नीचे एक आई 20 कार MP 13 CB 0777 में तीन व्यक्ति बैठे हुवे है । पार्वती पुलिस ने गाड़ी चेक किया तो उनके कब्जे से अवैध रूप से रखा मादक पदार्थ गांजा करीब 870 ग्राम पुलिस टीम द्वारा जप्त कर धारा 8/20 NDPS एक्ट के अंतर्गत अपराध पंजीवद्ध कर जांच की जा रही है ।


गिरफ्तार आरोपीयो के नाम
(1) शेख तोसिफ पिता शेख मुफीद उम्र 25 साल निवासी वार्ड नंबर 2 कन्नौद
(2) फारुख खा पिता पप्पू खा उम्र 20 साल निवासी वार्ड नंबर 14 कन्नौद (3) आरिफ पिता माजिद खा उम्र 21 साल निवासी वार्ड नंबर 3 कन्नौद जिला देवास है ।
अवैध मादक पदार्थ लाने के स्त्रोत के सम्बन्ध मे बारीकी से पूछताछ कर तकनीकी रूप से भी जानकारी एकत्र की जा रही है। इस मामले में
सब इंस्पेक्टर शिवलाल वर्मा, आरक्षक नितिन वर्मा, आरक्षक चालक गोपाल प्रजापत,आरक्षक राजेश परमार सैनिक जितेन्द्र ठाकुर की सराहनीय भूमिका रही ।

“अस्पताल में हंगामे के मामले में एनएसयूआई के छात्रनेता पर एफआईआर दर्ज, कांग्रेस ने जताया विरोध,
स्वास्थ्य कर्मचारियों के काम बंद करने के अल्टीमेटम के बाद पुलिस की कार्रवाई, कांग्रेस ने एसडीओपी को ज्ञापन सौंपकर निष्पक्ष जांच और प्रकरण निरस्त करने की मांग की”

सिविल अस्पताल में अभद्रता और शासकीय कार्य में बाधा डालने के मामले में पुलिस ने एनएसयूआई के छात्र नेता प्रशांत उर्फ गोल्डी के खिलाफ विभिन्न धाराओं में प्रकरण दर्ज किया है। अस्पताल के अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा कार्रवाई के लिए तीन दिन का अल्टीमेटम देते हुए 30 नवंबर से काम बंद करने की चेतावनी दिए जाने के बाद पुलिस ने तत्काल कार्रवाई की। वहीं, एफआईआर दर्ज होने के विरोध में कांग्रेस नेताओं ने एसडीओपी को ज्ञापन सौंपकर कार्रवाई को दोषपूर्ण बताते हुए प्रकरण निरस्त करने की मांग की है। विदित रहे कि सिविल अस्पताल आष्टा में 26 नवंबर को एनएसयूआई के जिला उपाध्यक्ष प्रशांत गोल्डी और उनके साथ आए 30-40 साथियों द्वारा प्रदर्शन एवं हंगामा किए जाने का मामला सामने आया था।

अस्पताल के बीएमओ डॉ. अमित माथुर सहित अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने शुक्रवार को अनुविभागीय अधिकारी राजस्व महेंद्र प्रताप सिंह किरार तथा नगर निरीक्षक रमनसिंह ठाकुर को ज्ञापन सौंपकर संबंधित लोगों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई की मांग की थी। सूत्रों के अनुसार 26 नवंबर को प्रशांत उर्फ गोल्डी अपने साथियों के साथ सिविल अस्पताल पहुंचे थे। अस्पताल में लंबे समय से बंद पड़ी सीटी स्कैन मशीन को चालू कराने सहित अन्य समस्याओं को लेकर बीएमओ डॉ. अमित माथुर से बातचीत की गई। इस दौरान तीखे शब्दों में बातचीत और चेतावनी दिए जाने की बात सामने आई। इसके बाद अस्पताल के मुख्य द्वार पर धरना दिया गया।

अस्पताल प्रबंधन की ओर से आरोप लगाया गया कि धरने के दौरान बीएमओ के साथ आक्रामक व्यवहार किया गया और अमर्यादित भाषा का उपयोग किया गया। संबंधित लोग अस्पताल के संवेदनशील एवं प्रतिबंधित विभागों, जैसे लेबर रूम, एनबीएसयू और वैक्सीनेशन कक्ष में पहुंच गए, जहां पुरुषों का प्रवेश प्रतिबंधित है। वहां नारेबाजी और वीडियो रिकॉर्डिंग कर शासकीय कार्य में बाधा उत्पन्न की गई।ज्ञापन में यह भी आरोप लगाया गया कि बीएमओ कार्यालय के गेट को क्षतिग्रस्त कर जबरन कार्यालय में प्रवेश किया गया। कार्यालय में टेबल ठोकते हुए अधिकारियों एवं कर्मचारियों से अभद्रता की गई तथा 10 दिन में देख लेने की धमकी दी गई।
स्वास्थ्य अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने ज्ञापन में कहा था कि इस प्रकार की घटनाओं से चिकित्सकों, नर्सिंग स्टाफ और अन्य कर्मचारियों में भय एवं असुरक्षा का वातावरण बनता है।

अस्पताल एक संवेदनशील स्थल है, जहां स्वास्थ्य सेवाओं का सुचारू संचालन आवश्यक है।ज्ञापन के माध्यम से संबंधित लोगों के विरुद्ध कार्रवाई के लिए तीन दिन का समय दिया गया था। साथ ही चेतावनी दी गई थी कि यदि कार्रवाई नहीं हुई तो 30 नवंबर से अस्पताल के समस्त अधिकारी एवं कर्मचारी काम बंद कर देंगे।बीएमओ डॉ. अमित माथुर की रिपोर्ट पर पुलिस ने प्रशांत उर्फ गोल्डी के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया। अस्पताल प्रबंधन का कहना है कि इससे पहले भी अस्पताल में बड़ी घटनाएं हुई थीं, लेकिन पुलिस आवेदन लेकर जांच में रख देती थी। इस मामले में संभवतः पहली बार तत्काल प्रकरण दर्ज किया गया है।

“एनएसयूआई ने एफआईआर को बताया झूठा,थाने के घेराव की चेतावनी”

एफआईआर दर्ज होने के बाद एनएसयूआई के जिलाध्यक्ष हरिओम सिसोदिया ने सूचना जारी कर कहा कि संगठन अपने जिला उपाध्यक्ष प्रशांत गोल्डी के खिलाफ दर्ज एफआईआर का कड़ा विरोध करता है। उन्होंने शासन-प्रशासन से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने और एफआईआर तत्काल निरस्त करने की मांग की।एनएसयूआई ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द उचित कार्रवाई नहीं हुई तो आष्टा थाने का घेराव कर विरोध प्रदर्शन किया जाएगा। संगठन ने कहा कि वह प्रशांत गोल्डी के साथ पूरी मजबूती से खड़ा है।

“कांग्रेस जिलाध्यक्ष बोले, जनहित में किया गया था प्रदर्शन”

कांग्रेस के जिलाध्यक्ष राजीव गुजराती ने भी एफआईआर दर्ज होने पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि जिले में स्वास्थ्य सेवाएं चरमराई हुई हैं और अस्पतालों में भ्रष्टाचार का बोलबाला है। सरकारी अस्पताल रेफर सेंटर बने हुए हैं। उन्होंने कहा कि आष्टा में छात्र नेताओं द्वारा किया गया प्रदर्शन जनहित से जुड़ा था, इसलिए एफआईआर दर्ज करने की कांग्रेस निंदा करती है।उन्होंने आयुष्मान योजना में कथित घोटाले पर कार्रवाई नहीं होने का मुद्दा उठाते हुए एफआईआर वापस लेने की मांग की।
ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष धर्मेंद्र सिंह मेमदाखेड़ी ने कांग्रेस एवं एनएसयूआई कार्यकर्ताओं के साथ एसडीओपी दामोदर गुप्ता को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में प्रशांत उर्फ गोल्डी सहित कार्यकर्ताओं पर दर्ज प्रकरण को दोषपूर्ण बताते हुए समाप्त करने की मांग की गई।ज्ञापन में कहा गया कि जनसमस्याओं को लेकर प्रदर्शन किया गया था, जिसमें बड़ी संख्या में विद्यार्थी भी शामिल थे। उनके भविष्य को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर उचित कार्रवाई की जाए।एसडीओपी दामोदर गुप्ता ने कांग्रेस नेताओं को आश्वस्त किया कि मामले में फुटेज आदि लेकर जांच कराई जाएगी। उन्होंने कहा कि अस्पताल संवेदनशील स्थल है। वहां चिकित्सकों और स्वास्थ्य कर्मचारियों के साथ इस प्रकार का व्यवहार नहीं होना चाहिए। इस अवसर पर ब्लाक कांग्रेस अध्यक्ष धर्मेंद्र सिंह मेमदाखेड़ी, जिला पंचायत सदस्य कमलसिंह चौहान,खालिद पठान, सोभालसिंह मुगली,
इदरीस मंसूरी सहित काफी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता आदि उपस्थित थे।

“वार्ड क्रमांक 1 की दोनों आंगनवाड़ियों में संयुक्त रूप से आयोजित हुई स्वच्छता पाठशाला”

स्वच्छ भारत मिशन के अंतर्गत नगर पालिका परिषद आष्टा की जन जागरूकता टीम द्वारा वार्ड क्रमांक 1 स्थित दोनों आंगनवाड़ी केंद्रों में संयुक्त रूप से स्वच्छता पाठशाला कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का संचालन नगर पालिका अध्यक्ष महोदय हेमकुंवर रायसिंह मेवाड़ा एवं मुख्य नगर पालिका अधिकारी विनोद कुमार प्रजापति के मार्गदर्शन एवं निगरानी में किया गया। इस दौरान बच्चों को स्वच्छता के महत्व, व्यक्तिगत साफ-सफाई, स्वच्छ वातावरण एवं कचरे के उचित निपटान के संबंध में जागरूक किया गया। साथ ही बच्चों को अपने घर एवं आसपास स्वच्छता बनाए रखने तथा स्वच्छता की आदतों को दैनिक जीवन में अपनाने के लिए प्रेरित किया गया।

कार्यक्रम का उद्देश्य बचपन से ही बच्चों में स्वच्छता के प्रति सकारात्मक सोच विकसित करना एवं उन्हें स्वच्छता का संदेश अपने परिवार और समाज तक पहुंचाने के लिए प्रेरित करना रहा। इस अवसर पर आंगनवाड़ी कार्यकर्ता श्रीमती सरिता पांचाल एवं श्रीमती रेखा नामदेव सहित नगर पालिका परिषद की जन जागरूकता टीम की ओर से राजकुमार अकेला एवं कचरा वाहन प्रभारी विनय सिंह मुख्य रूप से उपस्थित रहे। नगर पालिका परिषद आष्टा द्वारा स्वच्छ एवं स्वस्थ नगर के निर्माण हेतु जन जागरूकता गतिविधियां निरंतर संचालित की जा रही हैं।

“धर्म के मार्ग पर चलने से मिलता है सच्चा सुख, गुरु का सानिध्य मोक्ष प्राप्ति का आधार
श्री उपधान तप आराधना में पन्यास प्रवर यशोजित विजयजी महाराज ने दिए धर्म, पुण्य और गुरु भक्ति के संदेश”

संसार नश्वर है, व्यक्ति संसार में जितना अधिक रम जाता है, उतना ही उसमें उलझता चला जाता है। यदि जीवन का लक्ष्य मोक्ष प्राप्त करना है, तो गुरु का सानिध्य और धर्म आराधना आवश्यक है। बिना गुरु सानिध्य के मोक्ष की प्राप्ति संभव नहीं है।
यह बात परम पूज्य पन्यास प्रवर श्री यशोजित विजयजी महाराज ने 51 दिवसीय श्री उपधान तप आराधना के अंतर्गत शनिवार को श्री कैलाशचंद गौरव वोहरा के किला स्थित निवास पर आयोजित प्रवचन में कही।


महाराजश्री ने कहा कि व्यक्ति ने स्वयं भोजन किया तो वह व्यर्थ हो गया, लेकिन किसी को भोजन कराया तो वह लाभकारी बन गया। बिना नाम और प्रसिद्धि की इच्छा के गुरु भक्ति, धर्मज्ञान और आराधना के आयोजन करवाना अत्यंत पुण्यकारी कार्य है। आष्टा में ऐसे अनेक धर्मप्रेमी हैं,जो नाम की अपेक्षा नहीं रखते, बल्कि गुरु भक्ति और धर्म आराधना करवाने में ही अपना सौभाग्य मानते हैं।
उन्होंने कहा कि व्यक्ति को पुण्यशाली बनने का प्रयास करना चाहिए।यशोजित विजय महाराज ने आगे कहां
भगवान, देव, शास्त्र और गुरु के प्रति श्रद्धा होगी, तभी मनुष्य जीवन सार्थक बनेगा। भारत भूमि अत्यंत पावन है, लेकिन आज अधिकांश लोग यह मानने लगे हैं कि धन ही सब कुछ है। जबकि केवल पैसा होने से जीवन में वास्तविक सुख प्राप्त नहीं हो सकता। व्यक्ति के पुण्य से ही जीवन में सुख, शांति और अनुकूल परिस्थितियां प्राप्त होती हैं।महाराजश्री ने कहा कि भगवान महावीर स्वामी ने पुण्यशाली श्रावक को समझाया था कि व्यक्ति को अपने जीवन के एक पल का भी भरोसा नहीं है, फिर भी वह सात पीढ़ियों की चिंता करता रहता है। जन्म-जन्म का साथी होने की बातें करना भी संसार की वास्तविकता से दूर है। संसार में कोई भी संबंध स्थायी नहीं है, इसलिए व्यक्ति को धर्म और आत्मकल्याण की ओर ध्यान देना चाहिए।

उन्होंने कहा कि आज लोग शरीर को चलाते रहने के लिए दवाइयों पर निर्भर हो गए हैं। खानपान की बदलती आदतों और अस्वस्थ जीवनशैली के कारण अनेक बीमारियां बढ़ रही हैं। आज घर-घर में कैंसर जैसे गंभीर रोगों के मरीज देखने को मिल रहे हैं। ऐसे समय में व्यक्ति को अपने जीवन और आहार के प्रति सजग रहने के साथ ही जिनवाणी का लाभ भी उठाना चाहिए। जिनवाणी में आत्मकल्याण का मार्ग बताया गया है, लेकिन हम उसका पूरा लाभ नहीं ले पा रहे हैं। महाराजश्री ने कहा कि सुखी होने का मार्ग धर्म है। धर्म के रास्ते पर चलने से सुख और शांति मिलती है, जबकि अधर्म का मार्ग व्यक्ति को दुख की ओर ले जाता है। इसलिए जीवन में धर्म को अपनाएं, गुरु के प्रति श्रद्धा रखें और पुण्य कार्यों में आगे आएं।प्रवचन प्रातः 9 से 10 बजे तक श्री कैलाशचंद वोहरा के निवास पर हुए। श्री चतुर्विध जैन श्वेतांबर संघ के मार्गदर्शन एवं सहयोग से आयोजित 51 दिवसीय श्री उपधान तप आराधना में धर्मप्रेमियों ने गुरु वचनों का श्रवण किया।

IMG-20250625-WA0014__01
PlayPause
previous arrow
next arrow

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed

error: Content is protected !!