आष्टा। सामाजिक समरसता और जनकल्याण की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल के तहत मुख्यमंत्री कन्या विवाह/निकाह योजना के अंतर्गत 7 मई को नगर के डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी ग्राउंड पर विशाल सामूहिक विवाह सम्मेलन आयोजित किया जाएगा। इस आयोजन में कुल 200 जोड़े वैवाहिक बंधन में बंधेंगे। कार्यक्रम के दौरान डॉ. मोहन यादव वर्चुअल माध्यम से नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद देंगे। यह सामूहिक विवाह समारोह विधायक गोपालसिंह इंजीनियर के अथक प्रयासों से हो रहा है।
मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत अमित व्यास ने उक्त जानकारी देते हुए बताया कि योजना के अंतर्गत 182 जोड़े वैदिक रीति-रिवाज से मंत्रोच्चार के साथ सात फेरे लेकर दांपत्य जीवन की शुरुआत करेंगे, वहीं 18 जोड़े मुस्लिम समाज की परंपरा अनुसार निकाह के माध्यम से वैवाहिक बंधन में बंधेंगे। कार्यक्रम का शुभारंभ प्रातः 7:30 बजे से होगा, जिसकी तैयारियां अंतिम चरण में हैं। मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री व्यास ने बताया कि यह सामूहिक विवाह सम्मेलन न केवल सामाजिक समरसता का प्रतीक है, बल्कि आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के परिवारों के लिए बड़ी राहत भी प्रदान करता है। शासन द्वारा प्रत्येक जोड़े मैं वधू के खाते में 49 हजार रुपए नकद आर्थिक सहायता उपलब्ध कराता है, जिससे नवदंपत्ति अपने नए जीवन की शुरुआत सुगमता से कर सकें।

सामूहिक विवाह से मिलता है सामाजिक व आर्थिक संबल
मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री व्यास ने बताया कि
मुख्यमंत्री कन्या विवाह/निकाह योजना का मुख्य उद्देश्य जरूरतमंद परिवारों को विवाह जैसे महत्वपूर्ण संस्कार में सहयोग प्रदान करना है। सामूहिक विवाह के माध्यम से अनावश्यक खर्चों में कमी आती है, सामाजिक कुरीतियों पर अंकुश लगता है और सभी वर्गों में समानता व भाईचारे की भावना मजबूत होती है।
इस प्रकार के आयोजन समाज में सादगीपूर्ण विवाह को बढ़ावा देने के साथ ही सामूहिक सहभागिता और सामाजिक एकता का संदेश भी देते हैं। प्रशासन एवं जनप्रतिनिधियों द्वारा किए जा रहे प्रयासों से यह आयोजन जनकल्याण का एक सशक्त माध्यम बनता जा रहा है। विधायक गोपालसिंह इंजीनियर, एसडीएम नितिन कुमार टाले,जनपद अध्यक्ष दीक्षा सोनू गुणवान ने नागरिकों से अपील की है कि वे इस आयोजन में शामिल होकर नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद दें तथा समाज में सादगी, सहयोग और समरसता के इस संदेश को आगे बढ़ाएं।
























