नपा के सफाई मित्रों द्वारा अपनी मांगों को लेकर किये जा रहे आंदोलन,प्रदर्शन पर सीएमओ विनोद प्रजापति ने एक प्रेस विज्ञप्ति जारी कर बताया की
नगरपालिका परिषद आष्टा द्वारा योजना संबंधी, सफाई मित्रों सहित अन्य कर्मचारियों के हितार्थ तथा शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं के साथ ही नगर में मूलभूत सुविधाओं को उपलब्ध कराना जैसे सभी कार्य नियमों एवं शासन के निर्देशानुसार संपन्न किए जा रहे है।

मुख्य नगरपालिका अधिकारी विनोदकुमार प्रजापति ने जानकारी देते हुए बताया कि कुछैक व्यक्तियों द्वारा अपने निजी लाभ के चलते कर्मचारियों को दिग्भ्रमित कर संगठन का अनैतिक उपयोग कर कर्मचारियोें को भड़काने जैसा कृत्य किया जा रहा है जो विधि संगत नही है। पूर्व में भी ऐसे विध्वंसक लोगों द्वारा सफाई मित्रों एवं अन्य कर्मचारियों में फूट डालकर नगर का वातावरण खराब करने का प्रयास किया गया था, तत्समय भी नपा प्रशासन द्वारा सामंजस्य स्थापित कर सामान्य स्थिति बनाकर नियमानुसार मांगों की पूर्ति के लिए आश्वस्त किया जा चुका था, क्योंकि शासकीय विभाग में नियमों का पालन करते हुए ही कार्य किया जाना संभव है दस्तावेजी कार्यवाही सहित अन्य गतिविधियों में समय लगना लाजमी है। सीएमओ प्रजापति ने बताया कि शासन द्वारा सफाई मित्रों सहित अन्य कर्मचारियों की ई-अटेंडेंस का प्रावधान है, जिसका पालन कराना नगरपालिका का दायित्व है, ऐसे में कुछैक सफाई कर्मचारियों द्वारा ई-अटेंडेंस नही लगाई जाती है तथा ऐसे भी कर्मचारी है जो ई-अटेंडेंस लगाकर अपने कर्त्तव्य पर अनुपस्थित रहते है। ऐसी स्थिति में ऐसे कर्मचारियों पर नियमानुसार कार्यवाही की जाना आवश्यक है।

“ईपीएफ-जीपीएफ भुगतान प्रक्रिया में है”
मुख्य नगरपालिका अधिकारी श्री प्रजापति ने संगठन द्वारा की जा रही हड़ताल का कटाक्ष करते हुए कहा कि इनके द्वारा लगाए जा रहे सभी आरोप निराधार है। नपा कर्मचारियों को ईपीएफ, जीपीएफ का भुगतान नियमानुसार दिया जा रहा है, संस्थान में 8 माह का कार्यकाल हुआ है, जिसमें 4 माह का जमा किया जा चुका है, शेष मार्च माह की समाप्ति तक जमा करने की प्रक्रिया में है। ईपीएफ-जीपीफ जैसी प्रक्रिया पूर्ण ऑनलाईन प्रक्रिया है इसमें अनियमितता उत्पन्न होना असंभव है। साथ ही नपा के समस्त सफाई मित्रों सहित कर्मचारियों को समय पर वेतन भुगतान किया जा रहा है। सीएमओ प्रजापति ने यह भी बताया कि प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि सफाई मित्रों से उनकी योग्यता के विपरीत कार्य लिया जा रहा है। नपा में सफाई व्यवस्था में अनुभव को प्राथमिकता दी जाती है, साथ ही उपलब्ध सफाई मित्रों की संख्या सीमित होने के कारण कार्य आवंटन प्रशासनिक आवश्यकता एवं उपलब्धता के आधार पर किया जाता है।

वर्तमान में शासन स्तर पर स्वच्छता निरीक्षण की पदस्थापना निकाय में नही होने के कारण एवं सफाई कार्य को सुव्यवस्थित करने हेतु सहायक स्वच्छता निरीक्षक को प्रभार स्वरूप नियुक्त किया गया है, जो पूर्णतः प्रशासनिक निर्णय है।
सीएमओ प्रजापति ने बताया कि प्रदर्शनकारियों द्वारा किए जा रहे विरोध प्रदर्शन पूर्ण रूप से असत्य तथ्यों पर आधारित है। इनका उद्देश्य कर्मचारियों को भड़काना, अनुशासनात्मक कार्यवाही का विरोध करना, प्रशासन पर दबाव डालना है। इस संबंध में अनुविभागीय अधिकारी को जानकारी देकर स्थिति से अवगत कराया जा चुका है।

सीएमओ प्रजापति ने नगरवासियों से अपील करते हुए कहा कि प्रदर्शनकारियों द्वारा किए जा रहे भ्रामक प्रदर्शन पर ध्यान नही देते हुए नगर को साफ एवं स्वच्छ बनाए रखने में निकाय का सहयोग करें। आज अपनी मांगों को लेकर सफाई मित्र कार्य पर नही आये जिसके कारण पूरे नगर में सफाई व्यवस्था ध्वस्थ हो गई । प्रातः स्वयं नपा अध्यक्ष प्रतिनिधि रायसिंह मेवाडा,सीएमओ विनोद प्रजापति, पार्षद रवि शर्मा,तेजसिंह राठौर,विशाल चौरसिया आदि ने झाड़ू उठाई,डोर टू डोर कचरा संग्रहण के वाहन वार्ड में घुमाये और कॉलोनी चोराहे पर सफाई भी की ।
“विधायक कार्यालय में हुई जनसुनवाई…..स्वसहायता समूह ग्राम लाखिया की महिलाओं ने विधायक को सौपा मांग पत्र,समूह की सेवाएं निरंतर करने की मांग की”

आज विधायक कार्यालय में होने वाली जनसुनवाई में ग्राम लाखिया के शक्ति महिला स्वसहायता समूह की अध्यक्ष शकुंतला बाई के नेतृत्व में समूह की महिलाओं की ओर से एक मांग पत्र विधायक गोपालसिंह इंजीनियर को सौप कर मांग की गई कि हमारा समूह ग्राम के शा.प्रा.शाला एवं आंगनबाड़ी लाखिया में विगत 12 साल से मध्यान भोजन एवं बच्चों को भोजन सामग्री वितरण करता आ रहा है । उक्त दोनों स्थानों पर हमारी सेवाए निरंतर रखी जाये ताकि समूह की महिलाओं को कार्य के साथ उनका आर्थिक सशक्तिकरण भी होता रहे । वही ग्राम कुण्डिया नाथू निवासी मंडी आष्टा से उप निरीक्षक के पद से सेवानिवृत्त हुए मानसिंह ठाकुर ने शिकायत की,की सेवानिवृत्त होने के 11 माह बाद भी उन्हें पेंशन की राशि नही मिली है,जो आष्टा मंडी से दिलाई जाये,पेंशन नही मिलने से मेरा परिवार आर्थिक रूप से परेशान है ।

विधायक गोपालसिंह इंजीनियर ने आज जनसुनवाई में आये अन्य कई ग्रामो के ग्रामीण जनों की वन टू वन मिल कर समस्याओं को सुना । स्मरण रहे प्रत्येक बुधवार को आष्टा विधायक अपने कार्यालय में सुबाह 10 बजे से जनता की समस्याओं को सुनने,उनेह हल करवाने के लिये जनसुनवाई करते है । आज बुधवार को प्रातः 10 बजे से कार्यालय में उपस्तिथ रह कर विधायक गोपालसिंह इंजीनियर ने जनता की समस्याओं को सुना एवं उनकी समस्याओं को हल करने के सम्बंधित अधिकारियों को निर्देश दिये । आष्टा विधायक गोपालसिंह इंजीनियर जो की हर बुधवार को अपने कार्यालय में जन सुनवाई कार्यक्रम के तहत उपस्तिथ रहते है । आज भी बड़ी संख्या में क्षेत्र से नागरिक जनसुनवाई में पहुचे एवं अपनी अपनी पीड़ा से विधायक को अवगत कराया एवं आवेदन दिये। जनता से प्राप्त आवेदनों पर विधायक ने कहा की आपका जन सेवक होने के नाते आपकी समस्याओं को सुनना, हल करना मेरा धर्म है।

आज आये आवेदनों को तत्काल सम्बंधित विभागों के अधिकारियों से चर्चा कर ग्रामीणों की समस्याओं का समय सीमा में तत्काल निराकरण करने के निर्देश दिये । विधायक गोपालसिंह इंजीनियर ने कार्यालय आये सभी नागरिको को भरोसा दिया कि आपकी समस्याओं का जल्द निराकरण होगा,

जो मांग शासन स्तर की है उनेह वे शासन तक पहुचायेंगे। मीडिया प्रभारी सुशील संचेती ने जानकारी देते हुए बताया की आज जनसुनवाई में ग्राम लाखिया के शक्ति स्वसहायता समूह की सेवाऐं निरन्तर रखे जाने,
बेण्ड शिक्षक के पद पर नियुक्ति प्रदाय कराने,बी.पी.एल.कार्ड बनाये जाने,जावर में मुरमी करण कराये जाने,आर्थिक सहायता प्रदाय कराने

कृषि उपज मण्डी मे आउट सोर्स पर रखे जाने,प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ दिलाने सहित अन्य आवेदन प्राप्त हुए। सभी आई शिकायतों,मांगो एवं आवेदनों को सम्बंधित विभागों को निराकरण हेतु निर्देश दिये है । विभागों की आई समस्याओं को लेकर मौके से ही सम्बंधित विभाग के अधिकारियों को आई समस्याओं के निराकरण करने के निर्देश दिये,कुछ आवेदन निराकरण हेतु सम्बंधित विभागों को भेजे गये ।

“गर्मी में ग्रामीणों को जल संकट से नही करना होगा सामना,विधायक निधि से विधायक ने 5 ग्राम पंचायतों को सौपे पानी के टैंकर
शेष पंचायतों को भी दिये जायेंगे टैंकर”

धीरे धीरे गर्मी का असर क्षेत्र में देखा जाने लगा है,गर्मी में ग्रामीणों को किसी भी प्रकार से जल संकट का सामना ना करना पड़े इसको लेकर आष्टा विधायक गोपालसिंह इंजीनियर अति गम्भीर नजर आये और अभी तक आष्टा क्षेत्र की 144 ग्राम पंचायतों में से लगभग 80 पंचायतों को पूर्व में विधायक निधि से पानी के टैंकर उपलब्ध करा चुके है ।

आज विधायक गोपालसिंह इंजीनियर ने विधायक कार्यालय पर आयोजित एक सादे समारोह में आष्टा जनपद की 5 ग्राम पंचायत जाफराबाद,खाचरौद,जीवापुर महोडिया,मुबारिकपुर मांडली, कन्नौद मिर्जी के सरपंचों को पानी के टैंकर सौपे गये

विधायक गोपालसिंह इंजीनियर ने कार्यक्रम में उपस्तिथ जावर मंडल अध्यक्ष विजेन्द्रसिंह ठाकुर,खाचरौद मंडल अध्यक्ष शिव पाटीदार,सुशील संचेती, सुनील केलिया, ग्राम पंचायत जाफराबाद के सरपंच प्रतिनिधि बाबूलाल जी,
ग्राम पंचायत खाचरोद के सरपंच – शंकरलाल रेवाराम,ग्राम पंचायत जीवापुर महोडिया के सरपंच सुरेंद्र सिंह गणपत सिंह,ग्राम पंचायत मुबारिकपुर मांडली के सरपंच संतोष कुमार शिवनारायण,

ग्राम पंचायत कन्नौद मिर्जी के सरपंच लक्ष्मीनारायण कन्हैयालाल सहित सभी उपस्तिथ ग्रामीण जनों को टैंकर सौपते हुए कहा की इन टैंकरों का उपयोग ग्राम में जनता की प्यास बुझाने एवं जनहित के कार्यो में करे जब किसी सूखे कंठ को शीतल जल मिलता है,जब उसकी प्यास बुझती है और प्यास बुझने के बाद उसके मुख से जो आशीर्वाद के शब्द निकलते है,उस आशीर्वाद के आगे सब धन फीका होता है,जो आशीर्वाद मिलता है,ना जाने वो कब किसी संकट से हमे बचा कर पार लगा देता है ।

इस अवसर पर टैंकर लेने पहुचे सभी सरपंचों ने विधायक गोपालसिंह इंजीनियर का पंचायत को दी गई टैंकर की सौगात पर उनका स्वागत सम्मान कर उनका आभार व्यक्त किया
“विभिन्न मांगों को लेकर नगर पालिका के सफाई कर्मी हड़ताल पर,अध्यक्ष प्रतिनिधि ने कहा सभी मांगे मान ली गई दबाव बनाकर व्यक्तिगत मांगों को स्वीकृत करना चाहते हैं सफाई कर्मी”

आष्टा नगर पालिका लंबे समय से नगर पालिका के सफाई कर्मी एवं नगर पालिका प्रशासन के बीच में अखाड़ा बनी हुई है । जिसके कारण नगर की सफाई व्यवस्था हर बार चरमरा जाती है । कल भी नगर पालिका के सफाई कर्मियों ने अपनी मांगों को लेकर आंदोलन किया और हड़ताल पर जाने की धमकी दी । आज से वह हड़ताल पर चले गये । सफाई कर्मियों के हड़ताल पर जाने के कारण पूरे नगर की सफाई व्यवस्था गड़बड़ा गई है । जगह-जगह कचरे के ढेर नजर आने लगे है ।

इसको लेकर आज नगर पालिका अध्यक्ष प्रतिनिधि रायसिंह मेवाडा, सीएमओ विनोद प्रजापति एवं पार्षद रवि शर्मा,तेजसिंह राठौर ने स्वयं झाड़ू उठाई और कॉलोनी चौराहे पर सफाई की । सफाई कार्य मे जुटे नगर पालिका अध्यक्ष प्रतिनिधि रायसिंह मेवाडा ने मौके पर पहुचे इस प्रतिनिधि को बताया कि नगर पालिका के सफाई कर्मी जिन मांगों को

लेकर हड़ताल पर गए हैं, उनकी वह सभी मांगे मान ली गई है,जो नगर पालिका के अधिकार क्षेत्र की है, वे केवल उन मांगों को लेकर अड़े हुए जो उनकी व्यक्तिगत है और व्यक्तिगत मांगों को नगर पालिका नहीं मान सकती है । कुछ सफाई कर्मी संगठन के लोग दबाव की राजनीति बनाकर के नगर के सफाई कर्मीयो को गुमराह कर रहे है ओर नगर पालिका को दबाव में लेना चाहते हैं । लेकिन नगर पालिका किसी के आगे दबाव में नहीं झुकेगी जो भी नियम अनुसार होगा वही कार्यवाही की जाएगी ।

नगर पालिका अध्यक्ष प्रतिनिधि रायसिंह मेवाडा ने बताया कि आउटसोर्स को लेकर जो मांगे कर्मचारी कर रहे हैं । आउटसोर्स का ठेका हो गया है अनुबंध होना है। उसके पश्चात आउटसोर्स नियम अनुसार सफाई कर्मियों को रखेगा,हमने कर्मियों से सूची भी मांगी है ताकि जो पूर्व में जो काम कर रहे थे उनेह प्राथमिकता दी जाये । मेवाडा ने बताया कि कुछ सफाई कर्मियों के परिवार के लोग बिना काम का वेतन ले रहे हैं, जिसको लेकर नगर पालिका ने सख्त कदम उठाते हुए काम नही कर रहे कर्मचारियों को सस्पेंड किया है ।


वहीं कुछ कर्मचारी जो काम पर नहीं आ रहे हैं उन पर भी कार्रवाई की जा रही है । रायसिंह मेवाड़ा ने कहा जो भी काम करेगा वही वेतन पाएगा । नगर पालिका किसी के दबाव में झुकेगी नहीं । नगर की सफाई व्यवस्था, नगर के नागरिकों को सुख सुविधा उपलब्ध कराना हमारी पहली प्राथमिकता है और उसमें सभी सफाई कर्मियों का भी अपना महत्वपूर्ण रोल है ।

नगर के सफाई कर्मचारियों को भी इन चीजों को देखना चाहिए और अनावश्यक दबाव नगर पालिका पर ना बनाते हुए नगर की व्यवस्था में सहयोग करना चाहिए । वहीं सीएमओ विनोद प्रजापति ने बताया कि नगर के सफाई कर्मचारियों द्वारा जिन मांगों को लेकर हड़ताल की गई है उनमें से अधिकांश मांगे मान ली गई है । कुछ मांगे ऐसी है जो नगरपालिका के कार्यक्षेत्र की नहीं है । उन्हें नहीं माना जा सकता । वही कुछ कर्मचारी अपनी व्यक्तिगत मांगों को लेकर संगठन के बैनर तले उठा रहे हैं जो अनुचित है ।

तथा उन्होंने कहा कि आउटसोर्स कर्मचारी का ठेका हो गया है तथा कर्मचारी कुछ ऐसे कर्मचारियों को भी आउटसोर्स में भर्ती करना चाहते हैं जो पूर्व में नहीं थे । लेकिन आउटसोर्स का ठेका,जिस ठेकेदार ने लिया है वह उसी का कार्यक्षेत्र की बात है कि वो किसे रखता है और किसे नहीं रखता है । सीएमओ ने बताया की नपा ने शासन के निर्देश पर ई-अटेंडेंस शुरू की ही जिसका कर्मी विरोध कर रहे है ।


नगर पालिका सीएमओ ने बताया कि उन्होंने अध्यक्ष जी को पत्र लिखा है कि जो वर्तमान में स्थितियां निर्मित हुई है इसको लेकर एक नगर पालिका परिषद का विशेष सत्र बुलाया जाए और इसका समाधान परिषद निकाले । देखना है नगर पालिका का प्रशासन और सफाई कर्मचारियों के बीच जो वाद विवाद की स्थिति बनी हुई है वह कब तक और किस स्तर पर हल होती है ।

आज से सफाई कर्मी नपा के सामने राहुल बाल्मीकि के नेतृत्व में भूख हड़ताल पर बैठे है,वही सफाई कर्मी आज कार्य पर भी नही आये है ।
“प्रभु प्रेमी संघ आज मनाएगा हिंदू नव वर्ष
विद्धवान ज्योतिषाचार्य डॉ. निलिम्प त्रिपाठी का होगा व्याख्यान”
हिंदू नववर्ष विक्रम् संवत् 2083 गुडी पडवा, चैत्र नवरात्र के आगमन पर हिन्दू धर्मं, सनातनी संस्कृति, भारतीय काल गणना विषय पर प्रसिद्ध विद्धवान ज्योतिषाचार्य, भागवताचार्यं डॉ. निलिम्प त्रिपाठी स्थानीय मानस भवन में

गुरूवार चैत्र शुक्ल पक्ष प्रतिपदा गुड़ी पड़वा 19 मार्च को प्रातः 8.30 बजे से 10.30 बजे तक प्रभु प्रेमी संघ द्वारा आयोजन गुडी पडवा महोत्सव में व्याख्यान देगें। प्रभु प्रेमी संघ के संयोजक कैलाश परमार ने जानकारी देते हुए बताया कि प्रभु प्रेमी संघ प्रतिवर्ष गुडी पडवा हिंदू नव वर्ष पर आयोजन करता हैं। इस वर्ष डॉ. निलिम्प त्रिपाठी के अनमोल व्याख्यानो का लाभ मिलेगा।

नगर के प्रसिद्ध संगीतज्ञ श्रीराम श्रीवादी एवं शिव श्रीवादी की संगीत मंडली सुमधुर भजनो की प्रस्तुति इसी कार्यक्रम में देगें। गुडी पूजन नगर के महाराष्ट्रीयन बब्बनराव महाड़िक परिवार द्वारा संपन्न कराई जावेगी। प्रभु प्रेमी संघ के वरिष्ठ सदस्यो द्वारा रामराज्याभिषेक ध्वजारोहरण किया जावेगा। रामराज्याभिषेक वाचन एवं मंगलाचरण प्रभु प्रेमी संघ के युवा साथियों द्वारा प्रस्तुत किया जावेगा। प्रभु प्रेमी संघ के अध्यक्ष सुरेश पालीवाल एवं महासचिव प्रदीप प्रगति ने सभी से इस कार्यक्रम में सम्मिलत होने का आग्रह किया हैं।
“बुजर्गो के पुण्य और धर्म मार्ग पर चलते रहने से ही संत का समागम मिलता है-आचार्य डॉ मुक्तिसागर जी”

बुजर्गो के पुण्य और धर्म मार्ग पर चलते रहने से ही संत का समागम मिलता है,उक्त उदगार आज धाड़ीवाल निवास पर पधारे आचार्य डॉ मुक्तिसागर जी महाराज श्री ने व्यक्त किये । आष्टा धाड़ीवाल निवास पर पधारे दिव्य आशीर्वाद प्रदाता पूज्य आचार्य भगवन श्री अभ्युदय सागर जी महाराज साहब ने परम पूज्य दादाजी स्वर्गीय श्री चाँदमलजी धाड़ीवाल का पुण्य स्मरण किया । उन्होंने कहा आज उनकी पुण्यानि से पूज्य आचार्य भगवन डॉ श्री मुक्तिसागर जी महाराज साहेब,जापध्यान निष्ठ पूज्यनीय आचार्य भगवन श्री अचलमुक्ति सागर सूरिजी महाराज साहब के श्री चरण निवास पर पड़े है

पूज्य आचार्य डॉ श्री मुक्तिसागर जी के द्वारा दिव्य आशीर्वाद प्रदाता
गुरुवर अभ्युदय सागर जी महाराज साहेब व स्वर्गीय दादाजी चाँदमल जी धाड़ीवाल के पुराने संस्मरण सुनाकर भाव विभोर कर धाड़ीवाल परिवार को आशीर्वाद दिया व माताजी सुषमा धाड़ीवाल को स्वास्थ्य लाभ व धर्म मार्ग पर चलते रहने की प्रेरणा दी ।

इस अवसर पर धाड़ीवाल परिवार के वरिष्ठ सदस्य सुरेश धाड़ीवाल,सुषमा,प्रवेंद्र,प्रभात,मीना,लोकेश,राखी, दिव्य,भव्य,प्रसिद्धि,नूपुर धाड़ीवाल सहित परिवार जन ने गुरुदेव का आशीर्वाद प्राप्त किया ।

“हिन्दू नववर्ष 2083 की आगवानी आज आष्टा धूमधाम से करेगा
तोरण व मङ्गल ध्वज लगा कर करे
नव वर्ष की अगवानी-नगर पुरोहित”
19 मार्च, गुरुवार से हिन्दू नववर्ष प्रारंभ हो रहा है। ब्रह्म पुराण के अनुसार चैत्र शुक्ल प्रतिपदा को ब्रह्मा ने सृष्टि की रचना की थी। इसी कारण इस दिन की महत्ता और बढ़ जाती है। नगर पुरोहित डॉ दीपेश पाठक ने कहा की इस दिन हिंदू धर्मावलंबी अपने अपने घरों में पूजा-पाठ कर निम्न कार्य जरूर करे-


1- मुख्य द्वार पर हल्दी से स्वस्तिक चिन्ह बनाएं
2-आम या अशोक के पत्तों से बने तोरण को लगाएं
3- घर के मुख्य ऊंचाई पर ईशान कोण या मध्य में केशरिया मङ्गल ध्वज लगाएं
4- विभिन्न सौभाग्य अलंकारों से कुलदेवी की आराधना करें।
5-कन्याओं का पूजन करे।
6- सूर्यदेव को अर्ध्य दे
ऐसा करने से घर में सकारात्मक उर्जा का संचार होता है और मां दुर्गा प्रसन्न होती हैं।
“जमीयत उलमा आष्टा द्वारा जिला जेल सीहोर में सामूहिक रोज़ा इफ्तार का किया आयोजन, सभी धर्मों के बंदियों के साथ एक ही दस्तरख़्वान पर भाईचारे का संदेश”

पवित्र माह रमज़ान के अवसर पर सामाजिक सद्भाव, मानवता और आपसी भाईचारे का एक प्रेरणादायक उदाहरण उस समय देखने को मिला जब जमीयत उलेमा आष्टा की ओर से जिला जेल सीहोर में रोज़ा इफ्तार का विशेष आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में जेल में निरुद्ध विभिन्न धर्मों के बंदियों को एक ही दस्तरख़्वान पर बैठाकर सामूहिक रूप से रोज़ा इफ्तार कराया गया, जिससे आपसी एकता, सद्भाव और भाईचारे का संदेश दिया गया।

इस अवसर पर बड़ी संख्या में बंदियों ने भाग लिया और एक साथ बैठकर इफ्तार किया। यह दृश्य रमज़ान के मूल संदेश—त्याग, करुणा और इंसानियत—को प्रत्यक्ष रूप से दर्शा रहा था। जेल प्रशासन ने भी इस पहल की सराहना करते हुए इसे समाज में सौहार्द बढ़ाने वाला महत्वपूर्ण कदम बताया।

कार्यक्रम के दौरान जमीयत उलेमा आष्टा की ओर से जिला जेल सीहोर अक्षय कुमार उपाधीक्षक सहित जेल स्टाफ का भी सम्मान किया गया। यह सम्मान जेल प्रशासन द्वारा बंदियों के साथ मानवीय व्यवहार और उनकी सेवा भावना के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने के उद्देश्य से किया गया। इस कार्यक्रम का नेतृत्व जमीयत उलेमा जिला सीहोर के अध्यक्ष हाफ़िज़ चांद मियां ने अपनी टीम के साथ किया। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के कार्यक्रम समाज में आपसी विश्वास और भाईचारे को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

इस अवसर पर ऑल इंडिया उलेमा बोर्ड के उपाध्यक्ष मौलाना मुफ्ती सैयद दानिश परवेज़ नदवी तथा कारी अमीर जरनल सेक्रेटरी जिला सीहोर कारी सैयद शाहवेज़ परवेज़ नदवी भी विशेष रूप उपस्थित रहे। जेल में सभी धर्मों के बंदियों के साथ सामूहिक इफ्तार का आयोजन इस बात का प्रतीक है कि इंसानियत और आपसी सम्मान ही समाज की सबसे बड़ी ताकत है।


कार्यक्रम के अंत में उपस्थित बंदियों और जेल प्रशासन ने जमीयत उलेमा आष्टा की इस पहल की प्रशंसा करते हुए इसे सामाजिक सौहार्द और भाईचारे को मजबूत करने वाला सराहनीय प्रयास बताया। इस अवसर पर जमीयत उलेमा आष्टा की टीम के कई सदस्य भी मौजूद रहे, जिनमें विशेष रूप से कारी शकील भाई सीहोर सरवर उस्ताद असलम भाई होटल मज़हर भाई मुस्तकीम सलीम भाई सीहोर अरबाज़ फरहान इनके अतिरिक्त जमीयत उलेमा की टीम के अन्य सदस्यों ने भी कार्यक्रम को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

ओर लिखते लिखते….
आज सुबाह से शुरू हुई सफाई कर्मियों की हड़ताल शाम को
मध्य प्रदेश राज्य सफाई कर्मचारी आयोग मध्य प्रदेश शासन के अधयक प्रताप करोसिया

के द्वारा सभी पक्षों,मुख्य नगर पालिका अधिकारी एवं नगर पालिका अध्यक्ष,पार्षद गण
तथा सफाई कर्मचारियों
से चर्चा के पश्चात हड़ताल समाप्त करा दी गई….
























