स्थानीय अदालत परिसर में लोक अदालत का आयोजन हुआ, जिसमें नगरपालिका द्वारा कैंप लगाकर नगर के बकायादारों को पूर्व में नोटिस देकर निकाय की जलकर, संपत्ति कर, समेकितकर आदि की बकाया राशि वसूली गई। कैंप का शुभारंभ नपाध्यक्ष प्रतिनिधि रायसिंह मेवाड़ा, सीएमओ विनोदकुमार प्रजापति की उपस्थिति में किया गया। नपाध्यक्ष प्रतिनिधि रायसिंह मेवाड़ा द्वारा लोक अदालत में निकाय की बकाया जलकर, संपत्तिकर, दुकान प्रीमियम राशि

जमा करने आए बकायादारों से आग्रह करते हुए कहा कि निकाय की बकाया राशि समय रहते जमा करावें, क्योंकि आपके द्वारा जमा की जाने वाली करों की राशि से ही नगर का विकास होता है, वहीं मूलभूत आवश्यकओं व सुविधाओं को उपलब्ध भी निकाय आपके द्वारा जमा कराई जाने वाली राशि से ही कराती है। आप सभी प्रत्येक माह अपने नलकर एवं संपत्तिकर की राशि जमा करावें, ताकि आपके ऊपर भी भार न हो और आपके द्वारा जमा कराई जाने वाली राशि से नगरपालिका और अधिक तेजी से नगर का विकास कर सकें।

“नपा ने वसूली 23 लाख से अधिक की बकाया राशि”
मुख्य नगरपालिका अधिकारी विनोकुमार प्रजापति द्वारा अपने अधिनस्थ अमले को साथ लेकर मुनादी के साथ-साथ नागरिकों से बकाया जमा करने हेतु द्वार-द्वार पहुंचकर आग्रह किया गया। सीएमओ प्रजापति द्वारा वार्डवार 5 सदस्यी टीम गठित की गई जिसमें एक-एक दल प्रभारी व गठित टीम से सुचारू रूप से काम कराने के लिए एक-एक नोडल नियुक्त किया गया। सीएमओ प्रजापति ने जानकारी देते हुए बताया कि लोक अदालत के माध्यम से

नगर के बकायादारों से 5 लाख 55 हजार 287 रूपये संपत्तिकर, 5 लाख 95 हजार 699 जलकर एवं दुकान प्रीमियम 12 लाख रूपये की वसूल किए गए इस प्रकार कुल 23 लाख 50 हजार 986 रुपयों की बकाया राशि वसूली गई है। सीएमओ विनोदकुमार प्रजापति ने राजस्व अमले की सराहना करते हुए कहा कि इसी प्रकार निकाय को मजबूत करने में अपना पूर्ण सहयोग प्रदान करते रहे। वसूली कार्य में नपा की राजस्व टीम सहित अन्य कर्मचारियों का सराहनीय योगदान रहा।

“आष्टा न्यायालय में लगी नेशनल लोक अदालत का आयोजन,ना कोई हारा-ना कोई जीता की तर्ज पर हुए कई मामलों में निर्णय”
न्यायालय परिसर आष्टा में राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण जबलपुर के आदेशानुसार आज 14 मार्च 2026 को नेशनल लोक अदालत का माॅ सरस्वती की प्रतिमा के समक्ष तहसील विधिक सेवा समिति, आष्टा की अध्यक्ष/जिला न्यायाधीश,श्री विजय डांगी, श्री महेश कुमार चौहान, श्री नदीम जावेद खान, श्रीमती ऋचा शर्मा, श्रीमती ऋचा जैन एवं सभी अधिवक्तागणो की उपस्तिथि में शुभारम्भ किया गया । लोक अदालत में लंबित प्रकरणों में न्यायाधीश श्री महेश कुमार चौहान के द्वारा कुल विद्युत प्री लिटिगेशन के 607 प्रकरण निराकरण के लिए रखे गए थे। जिसमें से राजीनामा अनुसार कुल 607 प्रकरणों का निराकरण हुआ।


जिसमें 1214 पक्षकारगण को 55,31,000/- रुपये का लाभ हुआ। न्यायालय के कुल 58 प्रकरण रखे गए थे जिनमें से 58 प्रकरणों निराकरण हुआ जिसमें 146 पक्षकारों को 40,94,500/- रुपये का लाभ हुआ। न्यायाधीश श्री विजय डांगी के न्यायालय में 124 प्रकरण निराकरण हेतु रखे गए थे जिसमें से 13 प्रकरण निराकृत हुए तथा 41 पक्षकारगण को 20,28,187/- रुपये का लाभ प्राप्त हुआ।

इसी प्रकार न्यायाधीश श्री नदीम जावेद खान के न्यायालय में बैंक प्री लिटिगेशन के कुल 7 प्रकरण जिसमें से 7 का निराकरण हुआ और 7 पक्षकारगण को 447400 रुपये राशि राजीनामा अनुसार जमा कराई गई एवं न्यायालय के कुल 101 प्रकरण निराकरण हेतु रखे गए थे जिसमें ने 101 प्रकरणों का निराकरण हुआ जिसमें 158 पक्षकार 12,19,900/- रुपये लाभान्वित हुए।

न्यायाधीश श्रीमती ऋचा शर्मा के न्यायालय में 97 प्रकरण निराकरण हेतु रखे गए थे जिसमें से 90 प्रकरण निराकृत हुए तथा 128 पक्षकारगण को 11,33,000/- रुपये का लाभ प्राप्त हुआ। न्यायाधीश श्रीमती ऋचा जैन के न्यायालय में प्री लिटिगेशन के संपत्तिकर/जलकर के कुल 99 प्रकरणों का निराकरण हुआ जिसमें 99 पक्षकारगण 8,93,597/- रुपये जमा कराये गये एवं न्यायालय के कुल 324 प्रकरण निराकरण हेतु रखे गए थे जिसमें से 52 प्रकरण निराकृत हुए तथा 139 पक्षकारगण को 20,39,319/- रुपये का लाभ प्राप्त हुआ।

“आष्टा पुलिस एक्शन में…
तेज आवाज में बज रहे भोपाल के डीजे पर कोल्हाहल अधिनियम के तहत की कार्यवाही, डीजे वाहन जप्त”
आष्टा क्षेत्रांतर्गत पुलिस अधीक्षक दीपक कुमार शुक्ला एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमती सुनीता रावत के निर्देशन तथा अनुविभागीय अधिकारी (पुलिस) दामोदर गुप्ता एवं थाना प्रभारी आष्टा गिरीश दुबे के मार्गदर्शन में दिनांक 13/02/2026 को थाना आष्टा परिसर में समस्त आष्टा क्षेत्र के डीजे संचालकों एवं शादी/मैरेज गार्डन संचालकों की बैठक आयोजित की गई थी।

बैठक के दौरान सभी को निर्देशित किया गया था कि आगामी कक्षा 10वीं एवं 12वीं की परीक्षाओं को दृष्टिगत रखते हुए तथा शासकीय भवन जैसे अस्पताल, न्यायालय, स्कूल, थाना आदि के आसपास डीजे बजाना पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा।
उक्त निर्देशों के बावजूद भोपाल जिले से आष्टा लाकर कन्नौद रोड पर आराध्या डीजे द्वारा रात्रि लगभग 08:00 तेज आबाज मे डीजे बजाया जा रहा था।

आमजन की सूचना पर थाना आष्टा पुलिस द्वारा मौके पर पहुंचकर डीजे को बंद कराया गया तथा डीजे संचालक व चालक के विरुद्ध विधि अनुसार कार्रवाई करते हुए डीजे जप्त किया जाकर मध्यप्रदेश कोलाहल नियंत्रण अधिनियम धारा 7/15 के तहत प्रतिबंधित वैधानिक कार्रवाई कर प्रकरण पंजीवद्ध किया गया है।डीजे की तेज आबाज बच्चो, बुजुर्गो के स्वास्थ पर हानिकारक व विपरीत प्रभाव डाल सकती थी।

पुलिस ने
आरोपीगण
01 अंकित मारण पिता गोविन्द मारण उम्र 22 वर्ष निवासी रातिबड़ भोपाल (डीजे वाहन चालक)
02 अमन विश्वकर्मा पिता हुकुम सिंह विश्वकर्मा उम्र 25 वर्ष निवासी मेंन्डोरी रातिबड़ भोपाल (डीजे मालिक ) पर प्रकरण दर्ज किया एवं

डीजे वाहन
आयशर लोडिंग वाहन क्र mp04/GA/9183 जप्त किया
थाना आष्टा पुलिस द्वारा आमजन से अपील की जाती है परीक्षाओ व आमजन, बुजुर्ग, बच्चो के स्वास्थ के मद्देनजर ध्वनि प्रदूषण संबंधी नियमों का पालन करें, अन्यथा उल्लंघन करने पर विधि अनुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी।
“आचार्य उमेशमुनि ‘अणु’ की 14वीं पुण्यतिथि पर नवकार महामंत्र जाप, गौसेवा व श्रमिकों को भोजन वितरण”

जिनशासन गौरव, श्रमणश्रेष्ठ आचार्य प्रवर पूज्य गुरुदेव श्री उमेशमुनि जी म.सा.‘अणु’ की 14वीं पुण्यतिथि श्रद्धा एवं भक्ति के साथ 15 मार्च रविवार को मनाई जाएगी। इस अवसर पर विभिन्न धार्मिक एवं सेवा गतिविधियों का आयोजन किया गया है।
श्री वर्धमान स्थानकवासी जैन श्रावक संघ आष्टा द्वारा रविवार 15 मार्च 2026 को प्रातः 9 से 10 बजे तक श्री महावीर भवन स्थानक गंज में नवकार महामंत्र जाप,अणु चालीसा पाठ एवं गुरु गुणगान का आयोजन किया गया है। श्रद्धालु तप, त्याग और गुरु स्मरण के साथ पुण्यतिथि को श्रद्धापूर्वक मनाएंगे।

इसके पश्चात श्रद्धालु श्री महावीर भवन स्थानक से गौशाला पहुंचकर गोमाताओं को गौ-ग्रास खिलाकर सेवा करेंगे। साथ ही कम्युनिटी हॉल के सामने रोजाना मजदूरी के लिए आने वाले श्रमिकों को भोजन के पैकेट वितरित किए जाएंगे। श्रावक संघ ने सभी श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में सपरिवार उपस्थित होकर कार्यक्रम में सहभागी बनने का आग्रह किया है।

“मनुष्य जीवन का लक्ष्य मोक्ष प्राप्ति होना चाहिए, धन-संपत्ति साथ नहीं जाती – आचार्य हर्ष तिलक सूरीश्वर”
नगर के आष्टा तीर्थ श्री नेमिनाथ श्वेतांबर जैन मंदिर किला स्थित उपाश्रय में धर्मसभा को संबोधित करते हुए आचार्य हर्ष तिलक सूरीश्वर महाराज ने कहा कि जिस प्रकार बूंद-बूंद से सागर भरता है, उसी प्रकार थोड़ा-थोड़ा पुण्य जोड़ने से जीव को उत्तम मनुष्य जन्म प्राप्त होता है। इसलिए मनुष्य जीवन का सदुपयोग करते हुए पुण्य और धर्म के मार्ग पर चलना चाहिए।
उन्होंने कहा कि आज मनुष्य जीवन को केवल रुपया-पैसा, गाड़ी-बंगला, पुत्र-पुत्री और संपत्ति तक सीमित कर दिया गया है, जबकि मनुष्य जन्म का वास्तविक उद्देश्य मोक्ष की प्राप्ति है। यह दुर्लभ मनुष्य भव ही ऐसा है, जिसमें मोक्ष की प्राप्ति संभव है। यदि जैन कुल में जन्म मिला है तो जिनेश्वर परमात्मा की भक्ति करना और धर्म मार्ग पर चलना हमारा परम कर्तव्य है। आचार्यश्री ने कहा कि जीवन भर मनुष्य धन-संपत्ति एकत्र करता रहता है, लेकिन अंत समय में इनमें से कुछ भी साथ नहीं जाता। केवल अपने हाथों से किए गए पुण्य कर्म ही जीव के साथ जाते हैं। इस लिए अहंकार या दिखावे के लिए धन के पीछे भागना उचित नहीं है, बल्कि धर्म और पुण्य के कार्यों में उसका सदुपयोग करना चाहिए।

उन्होंने उदाहरण देते हुए बताया कि प्रभु महावीर के समवशरण में आनंद और कामदेव पहुंचे थे। उन्होंने मात्र तीन घंटे प्रभु की देशना सुनी और उसी से जीवन का सच्चा अर्थ समझ लिया। आचार्यश्री ने कहा कि मृत्यु जीवन का अटल सत्य है। जब किसी व्यक्ति की मृत्यु होती है तो उसके पैर घर के बाहर की ओर रखे जाते हैं और अर्थी को कसकर बांधा जाता है। यह हमें याद दिलाता है कि एक दिन हर जीव को इस संसार से जाना है। इसलिए मृत्यु आने से पहले ही जीवन की दुर्लभता को समझकर वैराग्य की ओर अग्रसर होना चाहिए।आचार्य हर्ष तिलक सूरीश्वर महाराज ने कहा कि यदि किसी व्यक्ति की धन, संपत्ति उसके बाद पुत्र द्वारा धर्म कार्यों में लगाई जाती है तो उसका पुण्य पुत्र को ही मिलता है, क्योंकि वह पुण्य उसी के द्वारा किया गया है। इसलिए जो भी पुण्य करना है वह अपने हाथों से ही करना चाहिए। आज के समय में कई रिश्ते केवल दिखावे के रह गए हैं, लेकिन सच्चा साथ केवल धर्म और पुण्य ही देते हैं।

उन्होंने अष्टप्रकारी पूजा के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि भगवान को किसी भी द्रव्य की आवश्यकता नहीं होती। पूजा का उद्देश्य अपने जीवन को पवित्र और उन्नत बनाना है। जल का स्वभाव मैल को दूर करना और शुद्धता प्रदान करना है, इसलिए जल पूजा के माध्यम से यह भावना रखी जाती है कि हमारे जीवन के विकार भी दूर हों और आत्मा निर्मल बने।
वहीं मुनिश्री विश्वसूर्य सागर मुनिराज ने श्री नेमिनाथ दिगंबर जैन मंदिर नेमीनगर साईं कॉलोनी में आशीर्वचन देते हुए कहा कि ज्ञानी पुरुष अपने भावों की शुद्धि और वृद्धि पर ध्यान देते हैं। मोक्ष आत्मा का होता है, कर्मों का नहीं। आत्मा पर कर्मों की कालिमा जमी होती है, जिसे साधना और संयम के माध्यम से हटाया जाता है।

उन्होंने कहा कि मोहनीय कर्म के कारण ही जीव अधिक कर्मों का बंध करता है और जब तक घातिया कर्मों का क्षय नहीं होता तब तक केवलज्ञान की प्राप्ति संभव नहीं है। मोक्ष प्राप्त करने के बाद जीव फिर संसार में नहीं आता। सभी जीव मोक्ष को प्राप्त नहीं कर पाते, केवल भव्य जीव ही कर्मों का क्षय कर मोक्ष मार्ग पर आगे बढ़ते हैं, जबकि अभव्य जीव कर्मों का पूर्ण क्षय नहीं कर पाते। मुनिश्री ने शुभ और अशुभ भावों की चर्चा करते हुए कहा कि मनुष्य के भाव ही उसे पापात्मा या पुण्यात्मा बनाते हैं। इसलिए जीवन में सद्भाव, संयम और धर्म के मार्ग पर चलकर आत्मकल्याण का प्रयास करना चाहिए। धर्मसभा में बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे और आचार्यश्री व मुनिश्री के उपदेशों को श्रवण कर धर्मलाभ प्राप्त किया।

“आष्टा में आज धूमधाम से मनेगी कर्मा जयंती,निकलेगी भव्य शोभा यात्रा”
साहू समाज आष्टा द्वारा आराध्य देवी माँ भक्त शिरोमणि कर्मा देवी की जयंती के अवसर पर आज 15 मार्च रविवार को भव्य महोत्सव का आयोजन किया जा रहा हैं। सेमनरी रोड स्थित साहू मैरिज गार्डन में आयोजित होने वाले इस कार्यक्रम में समाज की एकता और गौरव की झलक देखने को मिलेगी। इस गरिमामयी उत्सव में मुख्य अतिथि के रूप में क्षेत्रीय विधायक गोपाल सिंह इंजीनियर उपस्थित रहेंगे। कार्यक्रम की अध्यक्षता पूर्व नगरपालिका अध्यक्ष कैलाश परमार करेंगे। विशेष अतिथि के रूप में नपा अध्यक्ष श्रीमती हेमकुंवर रायसिंह मेवाड़ा और हिंदू उत्सव समिति अध्यक्ष नारायण सिंह भूरू मुकाती भी शामिल होंगे। साहू समाज के अध्यक्ष राजकुमार साहू ने बताया कि सुबह 8:30 बजे से भव्य शोभा यात्रा जुलूस निकाली जाएगी

जो कार्यक्रम स्थल साहू मैरिज गार्डन से प्रारंभ होते हुए आष्टा के प्रमुख मार्ग कॉलोनी चौराहा भाऊ बाबा मंदिर कुम्हार मोहल्ला बाबा रामदेव जी मंदिर गलचौराहा शास्त्री कॉलोनी मुकाती पेट्रोल पम्प होते हुए कार्यक्रम स्थल साहू मैरिज गार्डन पहुचेगी। कार्यक्रम स्थल पर कई कार्यक्रम आयोजित किये जाएंगे जिसमें शाम 6 बजे से छात्र प्रतिभा एवं वरिष्ठ जन सम्मान समारोह आयोजित होगा उसके पश्चात भजन संध्या और भोज का आयोजन किया जाएगा। समस्त साहू समाज ने अधिक से अधिक संख्या में पधारकर धर्म लाभ लेने की अपील की है।
























