
दो दिन पूर्व सिद्दीकगंज थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले ग्राम धरमपुरी में परीक्षा देने आ रहे छात्र कुलदीप एवं उसकी बहन शीतल की पुरानी रंजिश के चलते उसके बड़े पिताजी व अन्य सदस्यो ने लाठी से पीट पीट कर जघन्य हत्या कर दी थी । उक्त घटना से पूरा क्षेत्र दुखी है ।

आज आष्टा विधायक गोपालसिंह इंजीनियर दुखी परिवार के बीच शोक संवेदना व्यक्त कर उनसे मिलने,चर्चा कर उनकी पीड़ा सुनने ग्राम धरमपुरी पहुचे ओर दोनों मृतक बालक एवं बालिका के प्रति श्रद्धांजलि अर्पित कर बच्चों के दादाजी,पिता जी मामाजी को दुख की इस विकट घड़ी में सांत्वना दी एवं ढाढस बंधाया ।

इस अवसर पर आष्टा एसडीएम नितिन टाले, रेंजर नवनीत झा भी उपस्तिथ थे उन्होंने भी मृत बच्चों को श्रद्धांजलि अर्पित की । इस अवसर पर विधायक ने कहा की अपराधी अपराधी होता है,उसकी ना कोई जाति होती है और ना धर्म । ऐसे अपराधियो को कड़ी से कड़ी सजा मिलना ही चाहिये । शोकाकुल पीड़ित परिवार के जगदीश मालवीय,मुकेश मालवीय ने पूरी घटना व घटना के कारणों से विधायक गोपालसिंह इंजीनियर को अवगत कराया एवं सिद्दीकगंज पुलिस की लापरवाही की भी शिकायत की । पीड़ित पक्ष ने आज फिर विधायक गोपालसिंह इंजीनियर के समक्ष मांग की की आरोपी को फांसी हो,उसका मकान तोड़ा जाये एवं सिद्दीकगंज टीआई को हटाया जाये ।

विधायक गोपालसिंह इंजीनियर ने पीड़ित पक्ष को भरोसा दिया कि प्रशासन,पुलिस ठोस कार्यवाही करेगी,आरोपियों को कड़ी से कड़ी सजा मिले इसके निर्देश दिये है । दुखी परिवार के बीच पहुचे विधायक गोपालसिंह इंजीनियर ने पीड़ित परिवार को अपनी ओर से आर्थिक सहायता देने के साथ परिवार को अनाज व अन्य आवश्यक सामग्री तत्काल उपलब्ध कराने के साथ पंचायत की ओर से प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत आवास,अंत्येष्टि सहायता राशि उपलब्ध कराने के एसडीएम को निर्देश दिये । पीड़ित पक्ष ने सिद्दीकगंज टीआई की जो शिकायते की विधायक ने पीड़ित पक्ष को पूर्ण भरोसा दिया कि वे इसको लेकर जल्द ही एसपी सीहोर से चर्चा कर कार्यवाही करने को कहेंगे ।

इस अवसर पर वरिष्ठ भाजपा नेता कल्याणसिंह ठाकुर,सिद्दीकगंज मंडल अध्यक्ष राकेश सिसोदिया,महेंद्रसिंह ठाकुर,जयसिंह ठाकुर,अशोक राठौर,महेन्द्र काजले,शिवम सोनी,दिनेश पंवार,जितेन्द्र सोलंकी, लक्ष्मीनारायण वर्मा,धर्मेन्द्र मालवीय सहित ग्रामीण जन उपस्तिथ थे ।
“नारी शक्ति को पहचानो, यही है देश की शान जब बढ़ेगी नारी, तभी बढ़ेगा हिंदुस्तान-रायसिंह मेवाड़ा
मैजिक बस संस्था ने मनाया अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस”
आज का दिन दुनिया भर की उन महिलाओं के सम्मान में समर्पित है, जिन्होंने समाज, परिवार और राष्ट्र के निर्माण में अपना अमूल्य योगदान दिया है। यह दिन केवल एक तारीख नहीं, बल्कि महिलाओं के संघर्ष, उनके साहस और उनकी अनगिनत उपलब्धियों की खुशी मनाने का अवसर है। इतिहास गवाह है कि जब भी महिलाओं को अवसर मिला है, उन्होंने खुद को साबित किया है। आज ऐसी कोई जगह नहीं है जहाँ महिलाओं ने अपनी छाप न छोड़ी हो।

इस आशय के विचार नपाध्यक्ष प्रतिनिधि रायसिंह मेवाड़ा ने अलीपुर स्थित मूनलाईट गार्डन में मैजिक बस संस्था के बैनर तले आयोजित अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर व्यक्त किए। कार्यक्रम में नपाध्यक्ष हेमकुंवर मेवाड़ा, जनपद अध्यक्ष दीक्षा गुणवान, नपाध्यक्ष प्रतिनिधि रायसिंह मेवाड़ा, भाजपा नेता सोनू गुणवान, संस्था के राकेश शर्मा अतिथि के रूप में उपस्थित थे। कार्यक्रम के प्रारंभ में संस्था की उस्मान खां, भैयालाल, नसरीन बी, वेदांत, सुमित आदि द्वारा उपस्थित अतिथियों का पुष्पगुच्छ भेंटकर स्वागत सम्मान किया। तत्पश्चात संस्था द्वारा उपस्थित मातृशक्तियों को छोटे व्यापार को बड़ा रूप कैसे दे इससे संबंधित वीडियों भी दिखाए।

नपाध्यक्ष प्रतिनिधि रायसिंह मेवाड़ा ने उपस्थित मातृशक्तियों को अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि चाहे राजनीति हो, व्यापार हो या अधिकारी हो हर जगह महिलाओं की उपस्थिति मौजूद है। मातृशक्ति ने जहां विज्ञान और अंतरिक्ष में कल्पना चावला तथा सुनीता विलियम्स ने अपना परचम लहराया है, वहीं खेल जगत में पी.वी. सिंधु और मैरी कॉम ने महिलाओं को आगे लाने का काम किया है। आज के युग में जहां महिला सरपंच, नपाध्यक्ष, जनपद अध्यक्ष जैसे पदों से लेकर देश के सर्वोच्च पद पर काबिज है। एक समाज के रूप में हमारी जिम्मेदारी है कि हम लड़कियों की शिक्षा पर जोर दें, उन्हें अपने सपने पूरे करने के लिए सुरक्षित माहौल दें। घर और बाहर, हर जगह उनके निर्णयों का सम्मान करें।

नारी शक्ति को पहचानो, यही है देश की शान जब बढ़ेगी नारी, तभी बढ़ेगा हिंदुस्तान। जनपद अध्यक्ष दीक्षा गुणवान ने कहा कि यह दिन हमें उन चुनौतियों की याद भी दिलाता है, जिनका सामना आज भी कई महिलाएं कर रही हैं। समानता का अर्थ केवल अधिकार देना नहीं, बल्कि महिलाओं को वह सम्मान और सुरक्षा देना भी है जिसकी वे हकदार हैं।
कार्यक्रम के अंत में संस्था द्वारा उपस्थित महिलाओं को टोपी व चश्मा वितरित किया गया। संचालन राकेश शर्मा ने किया तथा आभार नसरीन बी द्वारा व्यक्त किया गया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में महिलाएं मौजूद थी।
“गेहूं के खेत में लगी आग,फसल जल कर हुई नष्ट,धरमपुरी से लौटते वक्त विधायक ने खेत पर पहुच कर किया निरीक्षण, राहत राशि के दिये निर्देश
एसडीएम भी रहे उपस्तिथ”

आष्टा अनुविभाग के अंतर्गत आने वाले ग्राम खाचरोद में 2 दिन पूर्व महिला कृषक धनकुंवर/सरदारसिंह एवं रामसभा/लक्ष्मणसिंह के खेत में गेंहू की खड़ी फसल में आग लग जाने से गेहूं की खड़ी पूरी फसल जलकर खाक हो गई थी । सूचना मिलने पर आज ग्राम धरमपुरी से लौटते वक्त

विधायक गोपालसिंह इंजीनियर ने एसडीएम नितिन टाले के साथ खेत पर पहुंचकर मौके का निरीक्षण कर पीड़ित कृषक परिवार से जानकारी ली । विधायक गोपालसिंह इंजीनियर ने एसडीएम को निर्देश दिये कि पीड़ित कृषक के खेत मे आग लगने से हुए नुकसानी का आंकलन करा कर पीड़ित कृषकों को राहत राशि स्वीकृत कर उपलब्ध कराई जाये ।

एसडीएम ने बताया की घटना के बाद मौके पर पहुंचे हल्का पटवारी ने नुकसान का आकलन कर पंचनामा आदि बना कर राहत राशि का प्रतिवेदन तैयार कर जल्द ही उक्त प्रतिवेदन प्रस्तुत किया जाएगा ।
“भारत की जीत पर रंगपंचमी के दिन मनी दीपावली,क्रिकेट प्रेमियों ने जीत की खुशी में निकाली तिरंगा यात्रा, जम के चली आतिशबाजी”
कल रात्रि में अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में हुए भारत-न्यूजीलैंड के बीच टी 20 विश्व कप का फाइनल खेला गया। जिसमें भारतीय टीम ने शानदार क्रिकेट का प्रदर्शन करते हुए टी 20 विश्व कप ट्रॉफी पर अपना कब्जा कर हिंदुस्तान के क्रिकेट प्रेमियों को रंगपंचमी का तोहफा देकर उन्हें जीत के बाद दीपावली मनाने का अवसर प्रदान किया ।

ऐसा हिंदुस्तान के इतिहास में पहली बार हुआ है जब देश के नागरिको ने रंगपंचमी के साथ दीपावली भी मनाई । कल रंगपंचमी के बाद अधिकांश नागरिक घरों में टीवी के सामने जम गए थे, तथा क्रिकेट का शानदार प्रदर्शन का आनंद लिया । रात्रि में जैसे ही भारत विश्व विजेता बनी,वैसे ही क्रिकेट प्रेमी युवा सड़कों पर निकल आए । हाथों में तिरंगा लेकर नगर में ढोल धमाकों के साथ तिरंगा यात्रा निकाली एवं जमकर आतिशबाजी का प्रदर्शन किया । इस अवसर पर आष्टा नगर के सभी क्षेत्रों में जमकर आतिशबाजी का प्रदर्शन किया गया एवं भारतीय टीम को जीत की बधाई दी गई ।

कल रंगपंचमी का त्यौहार था दिनभर युवाओं ने रंगों की मस्ती में रंग पंचमी मनाई और जैसे ही रात्रि में भारत जीती रंग पंचमी के दिन भारतीयों ने हिंदुस्तान के इतिहास में पहली बार रंग पंचमी के दिन दीपावली भी मनाई । आष्टा के समस्त क्रिकेट प्रेमियों ने भारतीय टीम को जीत की बधाई देते हुए उनके शानदार प्रदर्शन की जमकर तारीफ की ।
“दिखावे के दौर में धर्म-आराधना भी बन रही प्रदर्शन का माध्यम- मुनिश्री विश्वसूर्य सागर मुनिराज
उपवास में सम्मान की अपेक्षा नहीं, भावों की शुद्धि ही असली तप — मुनिश्री
विधायक ने मुनि साध्य सागर से भेंट कर आशीर्वाद लिया”
नगर के नेमीनगर साई कॉलोनी स्थित श्री नेमिनाथ दिगंबर जैन मंदिर में विराजित वात्सल्य रत्नाकर मुनिश्री विश्वसूर्य सागर मुनिराज ने धर्मसभा में अपने आशीर्वचन देते हुए कहा कि आज का समय दिखावे का हो गया है और इसका प्रभाव धर्म-आराधना व तप-उपवास पर भी दिखाई देने लगा है। व्यक्ति उपवास तो करता है, लेकिन मन में क्लेश, क्रोध और अपेक्षाएं रखता है, ऐसे में उस उपवास का वास्तविक फल नहीं मिल पाता।

मुनिश्री ने कहा कि सच्चा तप वही है जिसमें व्यक्ति धर्म-आराधना में मन लगाकर अपने भावों को शुद्ध करता है और अनावश्यक कार्यों से दूर रहता है। आजकल कई लोग एक-दूसरे को देखकर उपवास करते हैं।किसी ने तीन उपवास किए तो दूसरा उससे अधिक करने की होड़ में पांच उपवास कर लेता है। इस प्रकार की प्रतिस्पर्धा तपस्या नहीं, बल्कि दिखावा बन जाती है।उन्होंने बताया कि वास्तविक तप-साधना करने वाले के चेहरे पर एक अलग ही तेज और आभा दिखाई देती है। जिस प्रकार सोना अग्नि में तपकर और अधिक निखरता है, उसी प्रकार तप-साधना और उपवास से आत्मा के कर्म हल्के होते हैं और आत्मिक शुद्धि प्राप्त होती है। लेकिन जब उपवास केवल प्रदर्शन के लिए किया जाता है तो उसका आध्यात्मिक लाभ नहीं मिल पाता।मुनिश्री विश्वसूर्य सागर मुनिराज ने कहा कि उपवास करने पर सम्मान या प्रशंसा की अपेक्षा नहीं रखनी चाहिए। जो साधक वास्तव में कर्मों की निर्जरा के लिए उपवास करता है, वह अपनी तपस्या को छिपाकर करता है, उसका प्रदर्शन नहीं करता। मुनिश्री विश्वसूर्य सागर
मुनिराज ने कहा कि त्याग और तपस्या का मार्ग सादगी और आत्मसंयम का मार्ग है, इसमें दिखावा या प्रदर्शन का कोई स्थान नहीं है।उन्होंने कहा कि साधना समता भाव से की जानी चाहिए, विसमता और आक्रोश के साथ नहीं। यदि उपवास के दौरान व्यक्ति क्रोध करता है, घर में क्लेश करता है या कषायों को बढ़ाता है तो उपवास का उद्देश्य ही समाप्त हो जाता है। उपवास का संदेश यही है कि मनुष्य अपने भीतर के क्रोध, मान, माया और लोभ जैसे कषायों को कम करे तथा अपने भावों को नियंत्रित रखे।
मुनिश्री ने कहा कि थोड़ी साधना करें, लेकिन ऐसी करें जिससे नए कर्मों का बंधन न हो और पुराने कर्म क्षीण हों। साधना का वास्तविक उद्देश्य आत्मा को शुद्ध बनाना है। कई लोग किसी इच्छा की पूर्ति के लिए तप या उपवास करते हैं, जबकि इच्छा के लिए किया गया तप वास्तविक तप नहीं माना जाता और उससे कर्मों की निर्जरा भी नहीं होती।उन्होंने बताया कि जब तप बिना किसी स्वार्थ या इच्छा के किया जाता है तभी वह आत्मा के कल्याण का कारण बनता है। केवल अच्छा तप कर लेने से स्वर्ग की प्राप्ति नहीं होती, बल्कि परिणामों की शुद्धता से ही आत्मा ऊंचे लोकों की प्राप्ति करती है।
धर्मसभा में मुनिश्री ने कहा कि जैन दर्शन को समझकर अपनाना चाहिए। वीतरागी साधुओं का समागम मिलना अत्यंत दुर्लभ होता है, इसलिए इस अवसर का सदुपयोग कर आत्मकल्याण के मार्ग पर आगे बढ़ना चाहिए। प्रतिमाएं केवल दिखावे के लिए नहीं ली जातीं, बल्कि यह संकल्प लेकर ली जाती हैं कि हमें भी भगवान के समान पवित्र और वीतरागी बनने का अवसर प्राप्त हो।
अंत में उन्होंने कहा कि जो साधक निर्दोष भाव से साधना करता है उसकी कभी दुर्गति नहीं होती। भगवान की पूजा-अर्चना और भक्ति भाव के साथ किया गया उपवास अत्यंत फलदायी होता है। साधना का उद्देश्य कर्मों को बांधना नहीं, बल्कि उन्हें क्षय करना है।

“देश की सेवा करने का भाव रखें -साध्य सागर”
श्री पार्श्वनाथ दिगंबर जैन मंदिर किला पर विराजित मुनिश्री साध्य सागर मुनिराज ने विधायक गोपालसिंह इंजीनियर को आशीर्वाद देते हुए कहा कि आपके मन में अपने क्षेत्र ,प्रदेश के साथ-साथ देश की सेवा और देश के प्रति समर्पण के भाव रहना चाहिए। व्यक्ति को अच्छे भाव ही ऊंचाइयों तक पहुंचाते हैं। चुनाव तक आप किसी एक दल के रहते हैं और चुनाव जीतने के पश्चात पूरी जनता के जनप्रतिनिधि बनते हैं। इसलिए बिना भेदभाव के सभी का काम करना चाहिए और विशेष कर दीन दुखियों पर अधिक ध्यान देकर उन्हें ऊपर उठाने का प्रयास करें।
“आओ चले महाराज जी के बताएं रास्ते पर”
रंग पंचमी के पावन अवसर पर नामदेव छीपा मारवाड़ी समाज के आराध्य देव गोकुल दास महाराज के निर्वाण दिवस को श्रद्धा और भक्ति के साथ मनाया समाज के लोगों ने इस अवसर पर विशेष पूजा अर्चना भजन कीर्तन और सामूहिक कार्यक्रम का आयोजन किया इस धार्मिक आयोजन में समाज के सभी वर्ग के लोगों ने बढ़ चढ़कर भाग लिया जिसमें आपसी भाईचारा और सामाजिक एकता को मजबूती मिली नगर के प्रतिष्ठ नागरिक समाजसेवी और जन प्रतिनिधियों ने भी अपनी उपस्तिथि दर्ज कराई ।

इस अवसर पर कैलाश परमार, डॉ मीना विनीत सिंगी पंडित मनोज दुबे,नरेंद्र कुशवाहा, मुकेश नामदेव,पार्षद आरती सुभाष नामदेव,श्री मति गुलाब बाई ठाकुर,मनीष डोंगरे, फूलचंद भाटी,कैलाश डोंगरे, सतीश डोंगरे, सुरेश डोंगरे, दिनेश डोंगरे, मनोज भाटी, अशोक डोंगरे,राजेश डोंगरे, जितेंद्र चौहान, अनिल डोंगरे, धर्मेंद्र डोंगरे, दीपक चौहान, शैलेन्द्र डोंगरे, चेतन डोंगरे, प्रेम जायसवाल, सहित अन्य गण मान्य नागरिक उपलब्ध थे
पूरे आयोजन में धार्मिक उत्साह और श्रद्धा का माहौल देखने को मिला जहां श्रद्धालुओं ने गोकुलदास महाराज के बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया ।
“ग्रीष्मकाल में पेयजल समस्याओं के निराकरण के लिए सूखा राहत प्रकोष्ठ कंट्रोल रूम स्थापित”
लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग द्वारा ग्रीष्म काल में पेयजल समस्याओं की सूचना प्राप्त करने, संबंधितों को सूचनायें प्रेषित करने, प्राप्त सूचनाओं पर की गई कार्यवाही का विवरण संकलित करने एंव ग्रामीण पेयजल व्यवस्था की मॉनिटरिंग से संबंधित समस्त आवश्यक जानकारी संकलित करने के लिए लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के खण्ड सीहोर एवं उपखण्डों के अंतर्गत सूखा राहत प्रकोष्ठ कन्ट्रोल रूम का गठन किया गया है।

लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी खंड सीहोर स्तर पर गठित कंट्रोल रूम का नंबर 9893416712 है। इसी प्रकार सीहोर उपखंड स्तरीय कंट्रोल रूम का नंबर 9425682161, भैरूंदा उपखंड स्तरीय कंट्रोल रूम का नंबर 9589499102, आष्टा उपखंड स्तरीय कंट्रोल रूम का नंबर 8839362991 और बुधनी उपखंड स्तरीय कंट्रोल रूम का नंबर 7489803741 है। कंट्रोल रूम में अधिकारियों कर्मचारियों की शिफ्टवार ड्यूटी लगाई गई है।
“दिन के समय बिजली सप्लाई बंद रखने के दिए निर्देश”

टीएल बैठक में बिजली लाइनों की स्पार्किंग से गेंहू की फसल में आग लगने की घटनाओं को रोकने के लिए कलेक्टर श्री बालागुरू के. ने दिन के समय बिजली सप्लाई बंद रखने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने किसानों से अपील की है कि ट्रांसफार्मर तथा विद्युत लाइनों के आसपास विशेष सावधानी बरतें। साथ ही किसी भी प्रकार की स्पार्किंग या खराबी दिखाई देने पर तुरंत विद्युत विभाग को सूचित करें, ताकि समय रहते दुर्घटनाओं को रोका जा सके।
