आष्टा अनुविभाग के थाना सिद्दीकगंज क्षेत्र में धर्मपुरी जोड़ के पास मोटर साईकिल अनियंत्रित होकर ट्रेक्टर से टकराकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई । उक्त दुर्घटना में 03 व्यक्ति गम्भीर रूप से घायल हो गये हैं । पुलिस सहायता की आवश्यकता है,सूचना राज्य स्तरीय पुलिस कंट्रोल रूम डायल-112 भोपाल में दिनांक 06 /07/2026 को रात्रि 09:21 प्राप्त हुई। सूचना प्राप्ति पर तत्काल थाना सिद्दीकगंज में तैनात डायल-112 वाहन को मदद के लिए रवाना किया गया।


डायल-112 स्टाफ आरक्षक जीतेन्द्र मीणा और पायलट शुभम वर्मा ने तत्परता से मौके पर पहुँचकर बताया कि मोटर साईकिल के अनियंत्रित होकर ट्रैक्टर से टकरा जाने से 03 लोग घायल हो गये थे, डायल-112 जवानों ने त्वरित कार्यवाही करते हुए सभी घायलों को एफआरव्ही वाहन की मदद से तत्काल नजदीकी प्राइवेट अस्पताल में भर्ती कराया गया
“जनसंघ के संस्थापक डॉ. श्यामाप्रसाद मुखर्जी की 125वीं जयंती पर नपाध्यक्ष ने अर्पित की पुष्पांजलि”

भारतीय जनसंघ के संस्थापक, प्रखर राष्ट्रवादी और महान शिक्षाविद् श्रद्धेय डॉ. श्यामाप्रसाद मुखर्जी की 125वीं जयंती के पावन अवसर पर आज पालीवाल ग्राउंड स्थित नपाध्यक्ष श्रीमती हेमकुंवर रायसिंह मेवाड़ा के निज कार्यालय में श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। इस गरिमामयी कार्यक्रम में नपाध्यक्ष श्रीमती हेमकुंवर मेवाड़ा एवं नपाध्यक्ष प्रतिनिधि रायसिंह मेवाड़ा मुख्य रूप से उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के दौरान उपस्थितजनों ने डॉ. श्यामाप्रसाद मुखर्जी के चित्र पर माल्यार्पण कर एवं पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी। श्रद्धांजलि सभा को संबोधित करते हुए नपाध्यक्ष प्रतिनिधि रायसिंह मेवाड़ा ने कहा कि डॉ. श्यामाप्रसाद मुखर्जी का संपूर्ण जीवन भारत माता की सेवा और राष्ट्र की अखंडता के लिए समर्पित था।

उन्होंने एक देश में दो निशान, दो प्रधान और दो विधान नहीं चलेंगे, का नारा देकर कश्मीर को भारत का अभिन्न अंग बनाए रखने के लिए अपने प्राणों की आहुति दे दी। उनका यह बलिदान युगों-युगों तक देशवासियों को राष्ट्रभक्ति की प्रेरणा देता रहेगा। श्री मेवाड़ा ने कहा कि डॉ. मुखर्जी केवल एक राजनीतिक नेता नहीं थे, बल्कि एक दूरदर्शी चिंतक और महान जनसेवक थे। राष्ट्र की एकता, अखंडता और जनसेवा के प्रति उनका समर्पित जीवन हम सभी के लिए सदैव प्रेरणास्रोत रहेगा।

मेवाड़ा ने उपस्थितजनों से आव्हान करते हुए कहा कि हम सभी को उनके बताए गए आदर्शों और सिद्धांतों पर चलकर देश और समाज के विकास में अपना सक्रिय योगदान देना ही उनके प्रति हमारी सच्ची श्रद्धांजलि होगी। इस अवसर पर पार्षदगण रवि शर्मा,डॉ. सलीम खान, सुभाष नामदेव, पूरणसिंह मेवाड़ा, रईस पठान,राकेश रेकवाल आदि मौजूद थे।

“तेज बारिश के बीच नपा की आपात बैठक…….
लापरवाही वरतने पर थमाए कारण बताओ नोटिस, सुधार न होने पर बर्खास्तगी की दी चेतावनी”

अंचल में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश के चलते उत्पन्न हुई जलभराव की स्थिति और नागरिक समस्याओं को देखते हुए आज नगरपालिका कार्यालय में एक महत्वपूर्ण आपात बैठक आयोजित की गई। बैठक नपाध्यक्ष प्रतिनिधि रायसिंह मेवाड़ा की अध्यक्षता एवं मुख्य नगरपालिका अधिकारी विनोदकुमार प्रजापति की विशेष उपस्थिति में संपन्न हुई।

इस दौरान नगर के विभिन्न वार्डों के पार्षदगण और स्वच्छता टीम के सभी प्रमुख व जमादार मुख्य रूप से उपस्थित रहे।बैठक के दौरान नपाध्यक्ष प्रतिनिधि रायसिंह मेवाड़ा ने कहा कि भारी बारिश के कारण नागरिकों की सुरक्षा सर्वाेपरि है।

उन्होंने सभी जमादारों को निर्देशित करते हुए कहा सभी जमादार तत्काल अपने-अपने वार्डों का मुआयना करें। जहां भी जल भराव की स्थिति बन रही है, उसे दुरुस्त करें। साथ ही वार्डों में मौजूद कच्चे और जीर्ण-शीर्ण मकानों का चिन्हांकन कर उनके मकान मालिकों को तुरंत सूचित किया जाए। उन्हें इस मौसम में सतर्कता और सावधानी बरतने हेतु समझाईश दें ताकि किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके

“लापरवाही बर्दाश्त नहीं, गलती नहीं सुधारी तो होंगे बर्खास्त”
मुख्य नगरपालिका अधिकारी विनोदकुमार प्रजापति ने बैठक में बेहद कड़ा रुख अपनाते हुए अधीनस्थ सफाई अमले को सख्त लहजे में हिदायत दी। उन्होंने कहा कि वर्तमान में नगर सहित पूरे क्षेत्र में अत्यधिक बारिश हो रही है, जिससे नागरिकों को कई समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। ऐसे संकट के समय नागरिकों की समस्याओं का त्वरित निदान होना चाहिए।

नागरिकों की समस्याओं के निराकरण में यदि किसी भी कर्मचारी द्वारा लापरवाही बरती गई, तो वह कतई बर्दाश्त नहीं की जाएगी और न ही क्षम्य होगी। नगर में जहां भी जल भराव जैसी समस्या है, उसे तत्काल चिन्हित कर व्यवस्थित करें। इसके अलावा नगर में जो भी रिक्त प्लॉट हैं, उनके मालिकों को सूचित कर वहां जलजमाव और गंदगी की समस्या का तुरंत निदान करवाएं। सख्ती दिखाते हुए सीएमओ प्रजापति ने कार्य के प्रति लापरवाही बरतने वाले कुछ कर्मचारियों को बैठक के दौरान ही कारण बताओ नोटिस जारी किए गए।


उन्होंने साफ तौर पर सचैत किया कि यदि समय रहते कार्यप्रणाली में सुधार नहीं किया गया और लापरवाही का सिलसिला जारी रहा,तो संबंधित कर्मचारियों को कार्य से बर्खास्त करने की वैधानिक कार्रवाई भी की जाएगी। बैठक में पार्षद रवि शर्मा, तेजसिंह राठौर, मेहमूद अंसारी, स्वच्छता पर्यवेक्षक विनोद सांगते, उपपर्यवेक्षक मनोज घेंघट, दरोगा राजेश घेंघट, अमरदीप सांगते सहित जमादारगण मौजूद थे।

“लगातार बारिश के मद्देनज़र बाढ़ आपदा प्रबंधन को लेकर प्रशासन अलर्ट
एसडीएम एवं एसडीओपी ने ली ब्लॉक स्तरीय अधिकारियों की बैठक,सभी विभागों को दिए आवश्यक निर्देश”

क्षेत्र में लगातार हो रही बारिश और संभावित बाढ़ की स्थिति को देखते हुए प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। इसी क्रम में अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) महेंद्र प्रताप सिंह किरार एवं अनुविभागीय अधिकारी पुलिस दामोदर गुप्ता ने बाढ़ आपदा प्रबंधन की तैयारियों की समीक्षा के लिए ब्लॉक स्तरीय अधिकारियों की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की।

बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारियों से मानसून के दौरान संभावित आपदा से निपटने के लिए की गई तैयारियों की जानकारी ली गई। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि संवेदनशील एवं बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों पर लगातार निगरानी रखी जाए तथा किसी भी आपात स्थिति में त्वरित राहत एवं बचाव कार्य सुनिश्चित किए जाएं।

बैठक में अधिकारियों को नदी-नालों के जलस्तर पर लगातार नजर रखने, राहत एवं बचाव दलों को सक्रिय रखने, आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित करने तथा आपदा की स्थिति में तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।

साथ ही कंट्रोल रूम को सक्रिय रखने और सभी विभागों के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखने पर भी जोर दिया गया।
“प्रशासन ने नागरिकों से की सतर्कता बरतने की अपील”
प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की है कि लगातार हो रही बारिश के दौरान अनावश्यक रूप से नदी, नालों एवं जलभराव वाले क्षेत्रों में जाने से बचें।

किसी भी आपात स्थिति या दुर्घटना की जानकारी तत्काल प्रशासन को दें तथा प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें। बैठक में विभिन्न विभागों के ब्लॉक स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे और बाढ़ आपदा प्रबंधन की तैयारियों को लेकर आवश्यक सुझाव एवं कार्ययोजना पर विस्तार से चर्चा की गई।
“सम्यक दर्शन और कर्म क्षय के मार्ग पर चलकर हर जीव बन सकता है भगवान : मुनिश्री यशोजित विजयजी महाराज
श्री महावीर जैन मंदिर गंज में वार्षिक ध्वजा महोत्सव श्रद्धा एवं भक्ति के साथ संपन्न”

श्री महावीर श्वेतांबर जैन मंदिर गंज में मंगलवार को यशोजित विजयजी महाराज साहब शासन के पावन सानिध्य में वार्षिक ध्वजा महोत्सव श्रद्धा, भक्ति और धार्मिक उल्लास के साथ संपन्न हुआ। इस अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे। ध्वजा चढ़ाने के साथ जिनालय में विशेष पूजा-अर्चना एवं धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए गए।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुनिश्री यशोजित विजयजी महाराज ने कहा कि भगवान महावीर केवल पूजनीय ही नहीं हैं, बल्कि वे प्रत्येक जीव को भगवान बनने का मार्ग भी बताते हैं। हम जिनालय की ध्वजा का उत्सव केवल परंपरा निभाने के लिए नहीं मनाते, बल्कि यह स्मरण करने के लिए एकत्रित होते हैं कि भगवान महावीर द्वारा बताए गए मार्ग पर चलकर हम भी आत्मकल्याण कर सकते हैं।

मुनिश्री ने कहा कि भूतकाल में हमने धर्म तो किया, लेकिन भगवान की आज्ञा और सिद्धांतों के अनुरूप धर्म नहीं किया, इसलिए आज भी जन्म-मरण के चक्र में भटक रहे हैं। भगवान अपनी देशना में स्पष्ट कहते हैं कि प्रत्येक जीव में भगवान बनने की क्षमता है। यदि वह सम्यक दर्शन की प्राप्ति कर ले और अपने कर्मों का क्षय करना प्रारंभ कर दे, तो निश्चित रूप से भविष्य में सिद्ध पद को प्राप्त कर सकता है।

उन्होंने कहा कि यदि ध्वजा महोत्सव के इस पावन अवसर पर हम अपने जीवन में सकारात्मक परिवर्तन का संकल्प लें, तो यह दिन वास्तव में सार्थक बन जाएगा। जीवन का अंतिम लक्ष्य मोक्ष प्राप्त करना है और मोक्ष का अर्थ है सिद्ध भगवान बनना। जब किसी व्यक्ति के हृदय में भगवान की सत्ता और उनके सिद्धांतों के प्रति अटूट श्रद्धा स्थापित हो जाती है, तब उसके जीवन के अनेक संकट स्वतः समाप्त होने लगते हैं।
मुनिश्री ने श्रद्धालुओं से भगवान के प्रति गहन आस्था रखने का आह्वान करते हुए कहा कि जो व्यक्ति भगवान से जुड़ता है, उसके जीवन में अनुशासन, शांति, संयम, संतोष और सकारात्मकता जैसे अनेक गुण स्वतः विकसित हो जाते हैं। उन्होंने बताया कि मंदिरों में भगवान की प्रतिमाएं प्रायः पद्मासन मुद्रा में स्थापित होती हैं, जो आत्मस्थता, स्थिरता और स्वाभिमान का प्रतीक है। स्वाभिमानी व्यक्ति कभी स्वयं को अभावग्रस्त नहीं मानता।
प्रवचन के दौरान मुनिश्री ने कहा कि राग और द्वेष में जीने वाला व्यक्ति कभी वास्तविक अर्थों में स्वस्थ और प्रसन्न नहीं रह सकता

अधिकांश लोग जीवनभर केवल अपने लिए कार्य करते हैं, जबकि मानव जीवन का वास्तविक उद्देश्य दूसरों के लिए भी उपयोगी बनना है। समाज में ऐसे अनेक लोग हैं जो निस्वार्थ भाव से दूसरों की सेवा करते हैं। ऐसे लोगों को देखकर प्रत्येक व्यक्ति को प्रेरणा लेनी चाहिए और स्वयं भी सेवा एवं परोपकार के कार्यों में आगे आना चाहिए। मुनि वीरतेन्द्र महाराज ने आष्टा तीर्थ किला मंदिर पर आशीष वचन देते हुए कहा कि गौतम स्वामी से जुड़ा एक प्रेरणादायी प्रसंग सुनाते हुए बताया कि एक व्यक्ति ने गौतम स्वामी को अन्य लोगों के घर गोचरी करते देखा। यह देखकर उसके मन में भी गुरु भगवंत को भोजन कराने की भावना जागृत हुई।

इसी प्रकार जैन परंपरा में पहरामणि का विशेष महत्व है, जिसमें सिर से लेकर चरणों तक के वस्त्र श्रद्धापूर्वक अर्पित किए जाते हैं। प्राचीन समय में बाहर से आने वाले व्यापारियों और यात्रियों को भी अतिथि मानकर भोजन कराया जाता था। अतिथि सेवा भारतीय संस्कृति और जैन धर्म की महत्वपूर्ण परंपरा रही है।
मुनिश्री ने कहा कि यदि किसी व्यक्ति में स्वयं देने की क्षमता नहीं है, तो उसे किसी से लेकर दिखावा नहीं करना चाहिए। वास्तविक श्रावक वही है जिसके घर से अतिथि, साधु-संत और जरूरतमंद कभी निराश नहीं लौटते।


प्रवचन के दौरान उन्होंने गौतम स्वामी और एक गरीब बालक का प्रसंग सुनाते हुए कहा कि एक निर्धन बालक ने अत्यंत श्रद्धा और भावनाओं के साथ अपनी माता से खीर बनवाकर गौतम स्वामी को गोचरी अर्पित की थी। उसकी निष्कपट भावना और श्रद्धा के कारण उसे महान आध्यात्मिक फल प्राप्त हुआ। यह प्रसंग बताता है कि दान की महत्ता वस्तु के मूल्य में नहीं, बल्कि उसके पीछे निहित भावनाओं में होती है।

मुनिश्री ने अंत में कहा कि भगवान महावीर का संदेश आत्मजागरण, सम्यक दर्शन, संयम और करुणा का संदेश है। यदि हम इन सिद्धांतों को जीवन में उतार लें तो न केवल हमारा जीवन सफल होगा, बल्कि समाज और राष्ट्र का भी कल्याण होगा। ध्वजा महोत्सव का वास्तविक उद्देश्य भी यही है कि हम धर्म को केवल अनुष्ठान तक सीमित न रखें, बल्कि उसे अपने व्यवहार और जीवनचर्या का हिस्सा बनाएं।
“रोलागांव के ग्रामीणजन, जनप्रतिनिधियों एवं पालकों ने विधायक गोपालसिंह इंजीनियर का स्वागत सम्मान कर ग्राम के हाई स्कूल को हायर सेकेंडरी में उन्नयन करने पर किया आभार व्यक्त”

आष्टा विधायक गोपालसिंह इंजीनियर द्वारा ग्रामीण क्षेत्र के दौरे के दौरान आष्टा विधानसभा क्षेत्र के ग्राम रोलागांव के ग्रामीणजनों, जनप्रतिनिधियों, भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं, पदाधिकारीयो एवं ग्राम के हाई स्कूल में अध्यनरत विद्यार्थियों के पालकों ने विगत दिनों मांग की थी कि ग्राम रोलागांव के हाई स्कूल का उन्नयन कर हायर सेकेंडरी स्कूल किया जाए। क्योंकि हाई स्कूल तक पढ़ाई करने के पश्चात विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा के लिए ग्राम खामखेड़ा जत्रा या अन्यत्र जाना पड़ता है । इसलिए ग्राम के हाई स्कूल को उन्नयन कर हायर सेकेंडरी किया जाए । ग्रामीणों की मांग पर विधायक गोपालसिंह इंजीनियर ने लगातार आष्टा से लेकर भोपाल तक ठोस प्रयास किए परिणाम स्वरुप मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव एवं शिक्षा मंत्री श्री राव उदयप्रतापसिंह जी द्वारा हाल ही में आष्टा विधानसभा क्षेत्र के 15 हाईस्कूलों का हायर सेकेंड्री के रूप में एवं 5 मिडिल स्कूलों का उन्नयन कर हाईस्कूल करने की बड़ी सौगात दी ।

आज ग्राम रोलागांव के सरपंच धर्मेंद्र धनगर के नेतृत्व में पूर्व सरपंच वीरेंद्र जैन, मांगीलाल सोलंकी, संतोष गुणवान,मुकेश कुमार,दशरथ मालवीय, बलवंत चौकीदार, अनोखी लाल, दलूसिंह, गजराजसिंह, बाबूलाल, गजराज सिंह मालवीय सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण जन एवं पालक विधायक कार्यालय आष्टा पहुंचे एवं विधायक श्री गोपालसिंह इंजीनियर का स्वागत सम्मान कर ग्राम के हाई स्कूल को हायर सेकेंडरी में उन्नयन करने के प्रति उनका धन्यवाद कर आभार व्यक्त किया
“जावर के जनप्रतिनिधियों एवं प्रबुद्धजनों ने किया तहसीलदारों का आत्मीय स्वागत”

जावर से इंदौर स्थानांतरित हुए तहसीलदार ओमप्रकाश चोरमा तथा उनके स्थान पर आये नवागत तहसीलदार कमलसिंह मंडेलिया का पत्रकार हरिश शर्मा,डॉ. धनपाल मालवीय,कमलेश खत्री तथा अरविंद ठाकुर द्वारा आत्मीय स्वागत एवं सम्मान किया गया। इस अवसर पर उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं प्रबुद्धजनों ने ओमप्रकाश चोरमा के जावर में कार्यकाल के दौरान किए गए उत्कृष्ट प्रशासनिक कार्यों, जनहितकारी निर्णयों तथा सहज एवं संवेदनशील कार्यशैली की मुक्त कंठ से सराहना की। उन्होंने उनके उज्ज्वल भविष्य एवं इंदौर में सफल कार्यकाल के लिए शुभकामनाएँ भी प्रेषित कीं।

साथ ही नवागत तहसीलदार कमलसिंह मंडेलिया का स्वागत करते हुए उन्हें पूर्ण सहयोग का विश्वास दिलाया गया तथा आशा व्यक्त की गई कि उनके नेतृत्व में जनहित के कार्य प्राथमिकता एवं तत्परता के साथ संपादित होंगे। इस दौरान तहसीलदार सिद्धांत सिंह सिंगला का भी पुष्पगुच्छ भेंट स्वागत किया गया। कार्यक्रम में तहसील कार्यालय का समस्त स्टाफ उपस्थित रहा और सभी ने प्रशासनिक निरंतरता तथा जनसेवा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।





















