Spread the love
IMG-20250625-WA0014__01
PlayPause
previous arrow
next arrow

मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव एवं केंद्रीय कृषि मंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान के भैरूंदा में 10 मई को आयोजित होने वाले कार्यक्रम की तैयारियों का कलेक्टर श्री बालागुरू के., केंद्रीय कृषि मंत्री के सचिव श्री प्रवीण सिंह, एसपी सुश्री सोनाक्षी सक्सेना, जिला पंचायत सीईओ श्रीमती सर्जना यादव और एएसपी श्रीमती सुनीता रावत ने जायजा लिया।

इस दौरान बुधनी विधायक रमाकांत भार्गव, भैरूंदा एसडीएम सुधीर कुशवाह, रवि मालवीय, रघुनाथ भाटी सहित जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित थे।

“राजेश घेंघट अखिल भारतीय वाल्मीकि महापंचायत के प्रदेश मंत्री नियुक्त”

अखिल भारतीय वाल्मीकि महापंचायत के संस्थापक एवं राष्ट्रीय महासचिव चौधरी सुरेंद्र कुमार लोहट तथा राष्ट्रीय महासचिव/मध्यप्रदेश प्रभारी राहुल निन्धाने से विचार-विमर्श उपरांत प्रदेश अध्यक्ष नवीन पारछै नेआष्टा नगर के युवा नेता राजेश घेंघट को अखिल भारतीय वाल्मीकि महापंचायत का प्रदेश मंत्री नियुक्त किया है। राजेश घेंघट वर्तमान में भारतीय जनता पार्टी आष्टा नगर मंडल में नगर मंत्री के दायित्व का सफलतापूर्वक निर्वहन कर रहे हैं। घेंघट सामाजिक, धार्मिक एवं जनसेवा के कार्यों में सदैव अग्रणी भूमिका निभाते आए हैं तथा समाजहित के विषयों में उनकी सक्रियता और समर्पण सराहनीय रहा है।

उनकी संगठन के प्रति निष्ठा, समाजसेवा की भावना एवं निरंतर सक्रिय कार्यशैली को देखते हुए उन्हें यह महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई है। घेंघट की नियुक्ति से समाजजनों में विशेष उत्साह एवं हर्ष का वातावरण व्याप्त है। क्षेत्रभर से स्नेही जनों ने घेंघट को बधाई शुभकामनाएं दी गई ।

“पंचायत सचिव संगठन आष्टा के अध्यक्ष पद पर लक्ष्मीचंद वर्मा नियुक्त”

पंचायत सचिव संगठन जनपद पंचायत आष्टा के अध्यक्ष पद के लिये निर्वाचन की बैठक जनपद पंचायत आष्टा के सभा कक्ष में सम्पन्न हुई । आहूत की गई बैठक में सभी वरिष्ठ पंचायत सचिवो ने अपने अपने विचार व्यक्त किये । सभी सचिवों ने संगठन को मजबूत करने पर जोर दिया ।

बैठक में अध्यक्ष का निर्वाचन निर्विरोध हो इस हेतु उपस्थित सचिवों द्वारा ग्यारह सदस्यों की समिति बनाकर उक्त समिति को निर्विरोध अध्यक्ष का नाम तय करने का निर्णय लेने को कहा गया । गठित उक्त समिति द्वारा गहन मंथन कर वरिष्ठ पंचायत सचिव लक्ष्मीचंद वर्मा को सर्व सम्मति से संगठन का निर्विरोध अध्यक्ष निर्वाचित किया गया । ज्ञात हो कि वर्मा पूर्व में भी के अध्यक्ष रह चुके हैं । वर्मा को संगठन के विक्रम सिंह मेवाडा,मांगीलाल ठाकुर,बाबूलाल मालवीय, विक्रम सिंह ठाकुर,

एलकारसिंह राजपूत, लखन वर्मा, रमेश सेन, गोपीलाल गुणवान, कमलसिंह प्रजापत, जगदीश पाटीदार, विजेंद्र गुप्ता, विनोद वर्मा, प्रमोद ठाकुर आदि सभी सचिवों द्वारा साफा बांध कर तथा पुष्पमाला पहनाकर स्वागत,सम्मान कर सभी ने बधाई दी

“लोक अदालत में नपा ने वसूली 3 लाख 20 हजार की बकाया राशि”

स्थानीय अदालत परिसर में आयोजित नेशनल लोक अदालत के दौरान नगरपालिका आष्टा द्वारा विशेष वसूली कैंप लगाया गया। इस कैंप के माध्यम से निकाय ने जलकर, संपत्तिकर और समेकित कर के रूप में लाखों रुपये की बकाया राशि वसूल की।


कैंप का शुभारंभ और उपस्थिति – वसूली कैंप का विधिवत शुभारंभ नपाध्यक्ष प्रतिनिधि रायसिंह मेवाड़ा, मुख्य नगरपालिका अधिकारी विनोदकुमार प्रजापति की उपस्थिति में किया गया।
विकास के लिए कर भुगतान जरूरी – इस अवसर पर नपाध्यक्ष प्रतिनिधि रायसिंह मेवाड़ा ने करदाताओं से संवाद करते हुए कहा कि नगर का विकास सीधे तौर पर नागरिकों द्वारा जमा किए गए करों पर निर्भर करता है। उन्होंने अपील करते हुए कहा कि निकाय द्वारा प्रदान की जाने वाली मूलभूत सुविधाओं और विकास कार्यों के लिए समय पर कर जमा करना आवश्यक है। यदि नागरिक हर माह नियमित रूप से कर का भुगतान करेंगे, तो उन पर आर्थिक भार भी नहीं बढ़ेगा और शहर का विकास भी तेजी से हो सकेगा। सीएमओ विनोदकुमार प्रजापति ने बताया कि इस बार वसूली के लिए विशेष रणनीति अपनाई गई थी। प्रचार-प्रसार कर अपील के साथ-साथ नगरपालिका की टीम ने घर-घर जाकर संपर्क किया और मुनादी के जरिए नागरिकों को जागरूक किया। राजस्व अमले की मेहनत का परिणाम यह रहा कि लोक अदालत के माध्यम से संपत्ति कर 1 लाख 20 हजार 635 रूपये, जलकर 1 लाख 98 हजार 831 रूपये इस प्रकार कुल 3 लाख 19 हजार 466 रूपये की बकाया राशि जमा हुई।

सीएमओ प्रजापति ने राजस्व टीम और कर्मचारियों के समर्पण की सराहना करते हुए कहा कि निकाय की वित्तीय स्थिति को मजबूत करने के लिए यह टीम वर्क सराहनीय है। इस अवसर पर नपाउपाध्यक्ष प्रतिनिधि भूरू खां, प्रभारी राजस्व निरीक्षक मनीष श्रीवास्तव, कमरूद्दीन खां, जगदीश वर्मा, नारायण सोलंकी, मोहम्मद इसरार, सर्वेश भटनागर, प्रियांक शर्मा, हरनाथसिंह मालवीय, संजय शर्मा, कुलदीप सोनी, प्रियांक शर्मा सहित अन्य कर्मचारीगण मौजूद थे।

“भारत गौरव,राष्ट्रसंत आचार्य पुलक सागर महाराज के अवतरण दिवस पर तीन दिवसीय धार्मिक आयोजन आज से”

भारत गौरव,राष्ट्रसंत, शांति दूत की उपाधि से विभूषित मनोज्ञाचार्य जिनशरणम् तीर्थ प्रणेता 108 पुलक सागर महाराज के 56 वें अवतरण दिवस के अवसर पर अखिल भारतीय पुलक एवं महिला जागृति मंच मेन शाखा आष्टा द्वारा तीन दिवसीय धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। प्रतिवर्ष की तरह इस वर्ष भी कार्यक्रम श्रद्धा, भक्ति और आध्यात्मिक वातावरण के बीच आयोजित होंगे। महिला जागृति मंच मेन अध्यक्ष श्रीमती श्रद्धा नरेन्द्र गंगवाल एवं संरक्षक श्रीमती प्रीति जिनेन्द्र जैन ने बताया कि रविवार 10 मई से प्रारंभ होने वाले इस आयोजन के तहत श्री चंद्रप्रभु दिगंबर जैन मंदिर गंज में विशेष धार्मिक अनुष्ठान आयोजित किए जाएंगे। कार्यक्रम के प्रथम दिवस प्रातः 7 बजे भगवान श्री पार्श्वनाथ की अष्टधातु प्रतिमा पर विशेष शांतिधारा का आयोजन किया जाएगा। यह शांतिधारा पुलक मंच की टीम मंदिर समिति के प्रमुखों एवं समाजजनों के साथ मिलकर करेगी।श्रीमती गंगवाल एवं श्रीमती जैन ने बताया कि राष्ट्रसंत पुलक सागर महाराज के अवतरण दिवस को देशभर में श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया जाता है। जहां-जहां अखिल भारतीय पुलक एवं महिला जागृति मंच की शाखाएं संचालित हैं,वहां स्थानीय स्तर पर धार्मिक, सामाजिक एवं आध्यात्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं।

मंच के सभी पदाधिकारी और सदस्य इसे अपना परम सौभाग्य एवं कर्तव्य मानकर आयोजन में सक्रिय सहभागिता निभाते हैं।श्रीमती गंगवाल ने बताया कि राष्ट्रसंत पुलक सागर महाराज ने अपने प्रवचनों और जीवन संदेशों के माध्यम से समाज को शांति, संयम, सद्भाव और धर्ममय जीवन जीने की प्रेरणा दी है। उनके अवतरण दिवस पर आयोजित कार्यक्रमों के माध्यम से युवा पीढ़ी को भी धर्म और संस्कारों से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा। पुलक एवं महिला जागृति मंच ने समाज के सभी श्रद्धालुओं से कार्यक्रम में उपस्थित होकर धर्मलाभ लेने की अपील की है।

“आष्टा न्यायालय में नेशनल लोक अदालत सम्पन्न….
तपती गर्मी में बेजुबानों का सहारा एक सकोरा का न्यायाधीश विजय डांगी ने दिया संदेश”

न्यायालय परिसर, आष्टा में राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण जबलपुर के आदेशानुसार 09 मई 2026 को नेशनल लोक अदालत का शुभारम्भ माॅ सरस्वती की प्रतिमा के समक्ष तहसील विधिक सेवा समिति, आष्टा की अध्यक्ष/जिला न्यायाधीश, श्री विजय डांगी एवं न्यायाधीश श्री महेश कुमार चैहान, न्यायाधीश श्रीमती प्रीति अग्रवाल, न्यायाधीश मीनाक्षी रावत, न्यायाधीश श्री अमन सुलिया, न्यायाधीश श्रीमती ऋचा शर्मा,अधिवक्ता संघ अध्यक्ष कृपाल सिंह ठाकुर ,अधिवक्तागण एवं कर्मचारीगण ने माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलित कर किया ।

तपती गर्मी में बेजुवानों का सहारा-एक सकोरा का जिला न्यायाधीश विजय डांगी एवं अन्य न्यायाधीशों ने न्यायालय परिसर में वृक्षों पर सकोरा बांधकर उपस्थित पक्षकारगण को संदेश दिया है कि वे गर्मी के इस मौसम में पक्षियों को बचाने हेतु घर की छत पर या पास स्थित वृक्षों पर सकोरे अवश्य बांधे इन गर्म हवाओं के थपेड़ों के बीच दाना-पानी के लिए बिल-बिलाते हुए पक्षियों की तरफ लोगों का ध्यान कम ही जाता है। इस बिगड़ते पर्यावरण के चलते सबसे ज्यादा परेशान पक्षी ही होते है न्यायाधीशगण ने पक्षकारों को इस अवसर पर पक्षियों के लिए जलपात्र बांटे जिससे बेजुवान पक्षी अपनी प्यास बुझा सके।

पर्यावरण प्रेमी संघ के प्रेरक धीरज धारवां ने नागरिकों से भी अपील की गई है कि वे अपने-अपने निवास स्थान पर गर्मी के मौसम से जलपात्र बांधकर प्यासे पक्षियों की जलसेवा कर पुण्य कमायें। लोक अदालत का चर्चित मामला यह रहा कि आष्टा निवासी सुमेरा बी अपनी पुत्री के साथ 6-7 महीने से पति अमन शाह से मनमुटाव के कारण घर बैठी थी

उसे न्यायाधीश श्रीमती प्रीति अग्रवाल एवं जावेद अख्तर अधिवक्ता की समझाइश से पति अमन शाह के साथ प्रकरण में समझाईश देकर राजीनामा करवाया गया एवं दोनों को हंसी-खुशी के साथ रहने हेतु ससुराल रवाना किया गया। लंबित प्रकरणों में न्यायाधीश श्री विजय डांगी के न्यायालय में 103 प्रकरण निराकरण हेतु रखे गए थे जिसमें से 08 प्रकरण निराकृत हुए 16,85,000/- रुपये का लाभ प्राप्त हुआ।

न्यायाधीश श्री महेश कुमार चौहान के द्वारा कुल विद्युत प्री लिटिगेशन के 800 प्रकरण निराकरण के लिए रखे गए थे। जिसमें से राजीनामा अनुसार कुल 339 प्रकरणों का निराकरण हुआ। जिसमें 36,87,861/- रुपये का लाभ हुआ। न्यायालय के कुल 200 प्रकरण रखे गए थे जिनमें से 35 प्रकरणों निराकरण हुआ जिसमें 11,33,916/- रुपये का लाभ हुआ। न्यायाधीश श्रीमती प्रीति अग्रवाल के न्यायालय में प्री लिटिगेशन के संपत्तिकर/जलकर के कुल 192 प्रकरणों का निराकरण हुआ जिसमें 5,36,4008/- रुपये जमा कराये गये एवं न्यायालय के कुल 236 प्रकरण निराकरण हेतु रखे गए थे जिसमें से 12 प्रकरण निराकृत हुए तथा 11,00,000/- रूपये का लाभ प्राप्त हुआ।

इसी प्रकार न्यायाधीश श्रीमती मीनाक्षी रावत के न्यायालय में बैंक प्री लिटिगेशन के 03 प्रकरण जिसमें से 03 का निराकरण हुआ और 4600/- रुपये राशि राजीनामा अनुसार जमा कराई गई एवं न्यायालय के कुल 11 प्रकरण निराकरण हेतु रखे गए थे

जिसमें ने 11 प्रकरणों का निराकरण हुआ जिसमें 7,17,200/- रुपये लाभान्वित हुए। न्यायाधीश श्री अमन सुलिया के न्यायालय में 30 प्रकरण निराकरण हेतु रखे गए थे जिसमें से 9 प्रकरण निराकृत हुए तथा 36,15,998/- रुपये का लाभ प्राप्त हुआ। न्यायाधीश श्रीमती ऋचा शर्मा के न्यायालय में 26 प्रकरण निराकरण हेतु रखे गए थे जिसमें से 25 प्रकरण निराकृत हुए तथा 8,09,338/- रुपये का लाभ प्राप्त हुआ।

“राजश्री कॉलेज में हुआ पुरस्कार वितरण कार्यक्रम”

राजश्री कॉलेज ऑफ प्रोफेशनल स्टडीज आष्टा में प्रतिवर्ष आयोजित होने वाली ‘प्रतिभा खोज परीक्षा’ का भव्य समापन हुआ। आज महाविद्यालय परिसर में परीक्षा का परिणाम घोषित कर पुरस्कार वितरण समारोह आयोजित किया गया ।

जिसमें बड़ी संख्या में क्षेत्र के प्रतिभागी छात्र-छात्राएं और उनके अभिभावक शामिल हुए। पुरस्कारों की रही धूम प्रतियोगिता में पदमा परमार ने प्रथम स्थान प्राप्त कर बाजी मारी, जिन्हें मुख्य अतिथियों राकेश परमार एवं मदन परमार द्वारा लैपटॉप प्रदान किया गया। द्वितीय स्थान पर रहे सुमित फुलवान को पर्सनल कंप्यूटर और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले विशाल मेवाड़ा को एलइडी टीवी देकर सम्मानित किया गया। चतुर्थ व पांचवें स्थान पर रहे राजेश मेवाड़ा और नितेश मेवाड़ा को मिक्सर ग्राइंडर भेंट किया गया। इसी क्रम में छठे से दसवें स्थान तक के प्रतिभागियों को साउंड सिस्टम, 11 से 15 स्थान तक आयरन (प्रेस), 16 से 20 तक डॉक्यूमेंट फाइल और 21 से 50वें स्थान तक के विद्यार्थियों को आकर्षक फ्रेम प्रदान किए गए।

उत्साहवर्धन हेतु 50 के बाद के सभी प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र एवं पेन वितरित किए गए। कार्यक्रम का संचालन ओमप्रकाश मेवाड़ा द्वारा किया गया। इस अवसर पर महाविद्यालय संचालक बी.एस. परमार, प्रभारी प्राचार्य अर्जुन परमार, मीडिया प्रभारी मनोज कमलोदिया, सविता बैरागी, राहुल सेन, रामवती मेवाड़ा, प्रहलाद मेवाड़ा, द्वारकाप्रसाद करमोदिया, पुष्पा मेवाड़ा, पूजा परमार, अखिलेश सक्सेना, पूजा मेवाड़ा, माया मेवाड़ा, ममता तिवारी,

कविता भूतिया, रंजना परमार, मनोहर लाल, विनोद मीणा, रवि मेवाड़ा, अरविंद यादव, रीना यादव, शिवराम परमार एवं समस्त महाविद्यालय स्टाफ उपस्थित रहा। संचालक बी.एस. परमार ने सभी सफल छात्र-छात्राओं के उज्जवल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजनों से ग्रामीण क्षेत्र की प्रतिभाओं को आगे आने का मंच मिलता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed

error: Content is protected !!