Spread the love

सीहोर/ आष्टा । मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सीहोर जिले के बिलकिसगंज में आयोजित कार्यक्रम में पीला मोजेक, कीट व्याधि एवं अतिवृष्टि से हुई सोयाबीन फसल क्षति से प्रभावित सीहोर जिले के 2,05,977 किसानों के खाते में 118 करोड़ 41 लाख रूपये की राहत राशि अंतरित की। इसमें आष्टा विधानसभा क्षेत्र के 300 ग्रामो के करीब 85 हजार किसान है ।


इसके साथ ही मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने जिले के 69 करोड़ 38 लाख 36 हजार रूपये के विकास एवं निर्माण कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन भी किया। इस अवसर पर उन्होंने पीएम आवास सहित विभिन्न योजनाओं के हितग्राहियों को हितलाभ वितरित किए।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने कहा कि आज धनतेरस के शुभ अवसर पर किसानों की चिंता को दूर करने के लिए सरकार द्वारा राहत रा‍हत राशि प्रदान की जा रही है।

उन्होंनें कहा कि हमारी सरकार किसान, गरीब, महिला और वंचित वर्गों की सरकार है। उन्होंने कहा कि किसान भारतीय अर्थव्यवस्था की रीढ़ है। हमारी सरकार किसानों की समृद्धि के लिए निरंतर कार्य कर रही है और उनके साथ खड़ी है। उन्होंने कहा कि किसानों को अभी केवल राहत राशि दी जा रही है, अभी फसलों का बीमा मिलना बाकी है।

उन्होंने कहा कि हमारी सरकार का उद्देश्य है कि किसानों को उनकी फसलों का उचित दाम मिले इसके लिए हमारी सरकार किसानों की फसलों का निरंतर समर्थन मूल्य बढ़ा रही है। उन्होंने कहा कि सोयाबीन किसानों को उनकी फसल का उचित दाम मिले इसके लिए सरकार द्वारा भावांतर योजना प्रारंभ की गई है।


मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि सीमा पर जवान और खेत में किसान, अपने-अपने तरीके से देश की सेवा करते हैं। हमारी सरकार के लिए दोनों का ही सम्मान सर्वोपरि है। राज्य सरकार किसान कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है। सिंचाई सुविधा हो या किसानों को उनकी फसलों का उचित मूल्य दिलाना, हमारी सरकार हर कदम पर किसान संबंधी विषयों में संवेदनशीलता के साथ सक्रिय है। प्रदेश में कभी सिंचाई का रकबा मात्र साढ़े 7 लाख हेक्टेयर था और हमारी सरकार आने के बाद सिंचाई का रकबा 53 लाख हेक्टेयर तक पहुंच गया है। राज्य सरकार सोयाबीन किसानों को भी फसल का उचित दाम दिला रही है। अब कोदो-कुटकी भी सरकार खरीद रही है।

संभवत: वर्ष 2028 तक सरकार 6000 रुपए प्रति क्विंटल से अधिक दाम पर सोयाबीन खरीदेगी। राज्य सरकार अगले वर्ष 2700 रुपए प्रति क्विंटल की दर से गेहूं खरीदेगी। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने किसानों और जवानों का समय बदलने के लिए विशेष प्रयास किया है। किसानों का जीवन सुगम बनाने के लिए हर स्तर पर गतिविधियां संचालित की जा रही है। स्कूली बच्चों को किताबें और ड्रेस नि:शुल्क दी जा रही है। प्रदेश की 1.27 करोड़ बहनों को हर माह लाड़ली बहना योजना का लाभ मिल रहा है। दीपावली के बाद अब भाई दूज पर भी 250 रुपए अतिरिक्त दिए जाएंगे। अगले महीने से हर माह लाड़ली बहनों को 1500 रुपए की राशि भेजी जाएगी।


मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने किसानों को सोलर पंप लगाने के लिए प्रेरित करते हुए कहा कि पहले 5 लाख रुपए तक के 5 हॉर्स पावर के पंप के लिए किसानों को 2 लाख रुपए खुद से लगाने पड़ते थे, अब सरकार इस पर 90 प्रतिशत का अनुदान दे रही है। राज्य सरकार ने प्रदेश के किसानों को 32 लाख सोलर पंप प्रदान करने का लक्ष्य रखा है। प्रदेश में उद्योग बढ़ाने के लिए सरकार कार्य कर रही है। युवाओं के लिए रोजगार के अवसर सृजित करने के लिए प्रदेश में लगातार इंडस्ट्री समिट की जा रही हैं। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने सीहोर के शरबती गेहूं की सराहना की। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री मोदी का लक्ष्य है कि “सबका साथ, सबका विकास”, इस आधार पर हमारी सरकार सभी वर्गों के विकास के लिए निरंतर कार्यरत है।

हमारी सरकार का लक्ष्य है कि समाज के प्रत्येक वर्ग का जीवन बेहतर से बेहतर हो और वह अपने क्षेत्र के विकास में भाग ले सके। उन्होंने कहा कि युवाओं के लिए अधिक से अधिक रोजगार के अवसर उपलब्ध हों, इसके लिए हमारी इन्वेस्टर्स समि‍ट के माध्यम से निरंतर औद्योगिक विकास को बढ़ावा दे रही है। उन्होंने कहा कि हमारा प्रदेश सक्षम बने और सभी क्षेत्रों में देश में नंबर बने यही हमारा लक्ष्य है।

इस अवसर पर राजस्व मंत्री करणसिंह वर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव के नेतृत्व में देश एवं प्रदेश निरंतर तरक्की कर रहा है। हमारी सरकार निरंतर समाज के प्रत्येक वर्ग को विकसित बनाने के लिए कार्य कर रही है। सरकार द्वारा गरीबों, किसानों, महिलाओं और बच्चों सहित समाज के प्रत्येक वर्ग के लिए अनेक जनकल्याणकारी योजनाएं चलाई जा रही है, ताकि समाज के अंतिम पंक्ति के व्यक्ति को भी योजनाओं का लाभ मिले।


इस अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ यादव ने राजस्व मंत्री करणसिंह वर्मा के अनुरोध पर कोलार मेजर लिफ्ट परियोजना में इछावर क्षेत्र के बिलकिसगंज सहित 44 ग्रामों को शामिल करने की घोषणा की। इसके साथ ही उन्होंने इछावर नगर परिषद में विकास कार्यों के लिए विशेष निधि से अनुदान देने की घोषणा की। कार्यक्रम की शुरूआत में मुख्यमंत्री डॉ यादव ने अनेक विभागों और स्व सहायता समूह की दीदियों द्वारा लगाई गई प्रदर्शनियों एवं स्टॉल्स का भी अवलोकन किया तथा स्व सहायता समूह की दीदियों द्वारा तैयार किए पोषक उत्पादों की सराहना की।

“इतने किसानों के खाते में राहत राशि अंतरित”

मुख्यमंत्री डॉ यादव सीहोर जिले की आठ तहसीलों में पीला मोजेक एवं कीट व्याधि से प्रभावित 1,87,140 किसानों के खाते में 101 करोड़ 70 लाख 90 हजार 999 रूपये की अंतरित की। इसी प्रकार उन्होंने अतिवृष्टि से प्रभावित 02 तहसीलो के 18, 837 सोयाबीन उत्पादक किसानों के खाते में 16 करोड़ 70 लाख 36 हजार रूपये की राहत राशि अंतरित की।

उल्लेखनीय है कि भैरूंदा एवं बुधनी के किसानों की फसल अतिवृष्टि से तथा आष्टा, जावर, रेहटी, इछावर, श्यामपुर, दोराहा, सीहोर ग्रामीण तथा सीहोर नगर के किसानों की फसल पीला मोजक एवं कीट व्याधी से खराब हुई थी। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ यादव ने 51 करोड़ 24 लाख 26 हजार के निर्माण एवं विकास कार्यों का लोकार्पण किया। इनमें उन्होंने 926.13 लाख रूपये लागत के सोगानी व्हाया ग्राम शिकारपुर से सेमली जदीद मार्ग, 267.36 लाख रूपये लागत के ग्राम गुलरछापरी से कलमपुरा मार्ग, 1202.38 लाख रूपये लागत के कोठरीकलॉ से निपानिया मार्ग,

526.01 लाख रूपये लागत के कोठरी से रसूलपुरा मार्ग, 689.70 लाख रूपये लागत के इन्ड्रस्ट्रीज एरिया बड़ियाखेड़ी से बड़नगर तक सीसी मार्ग, 351.82 लाख रूपये लागत के श्यामपुर बस स्टेण्ड से मण्डी तक सीसी मार्ग, 690.12 लाख रूपये लागत के ग्राम लसुडिया परिहार व्हाया ग्राम खेरिया से ग्राम बिजलोन तक पुलिया सहित मार्ग, 420.74 लाख रूपये लागत के जनजातीय सीनियर कन्या छात्रावास बिलकिसगंज तथा 50.00 लाख रूपये लागत के ग्राम दिमावर जिला सीहोर में मंदिर के समीप सामुदायिक जनसुविधा निर्माण कार्य का लोकार्पण किया।


कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ यादव ने 18 करोड़ 14 लाख 40 हजार रूपये के निर्माण एवं विकास कार्यों का भूमिपजून किया। इनमे उन्होंने ग्राम ढाबला में नवीन विद्युज उपकेंद्र का निर्माण कार्य 208.81 लाख रूपये, जिला दिव्यांग पुनर्वास केन्द्र जिला सीहोर के भवन का निर्माण 422.89 लाख रूपये, जनपद पंचायत भवन निर्माण जनपद पंचायत इछावर 525.67 लाख रूपये के निर्माण कार्यों का भूमिपूजन किया।

इसी प्रकार मुख्यमंत्री डॉ यादव ने सीहोर जिले के अहमदपुर, खण्डवा, उलझावन, खामखेड़ा जत्रा, कुरावर, लौरासकंला, फूडरा, सिद्दीकगंज, भाउखेड़ी, नयापुरा और सरदारनगर के शासकीय हायर सेकेण्ड्री स्कूलों में 59.73 – 59.73 लाख रूपये के मान से कुल 06 करोड़ 57 लाख 03 हजार रूपये लागत से बनने वाली केमेस्ट्री,फिजिक्स एवं बायोलॉजी लेब्स निर्माण कार्यों का भूमिपूजन किया। इन 11 शासकीय हायर सेकेण्ड्री स्कूलों में 06 करोड़ 57 लाख 03 हजार रूपये की लागत से केमेस्ट्री, फिजिक्स एवं बायोलॉजी लैब बनाई जाएंगी।


आयोजित कार्यक्रम में
कार्यक्रम में विधायक रमाकांत भार्गव, सुदेश राय, गोपालसिंह इंजिनियर, भाजपा जिला अध्यक्ष नरेश मेवाड़ा, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती रचना सुरेंद्र मेवाड़ा, पिछड़ा वर्ग आयोग के सदस्य सीताराम यादव, नगर पालिका अध्यक्ष प्रिंस राठौर, देवेंद्र वर्मा, सीहोर जनपद अध्यक्ष श्रीमती नावड़ी बाई, कलेक्टर बालागुरू के.जिला पंचायत सीईओ श्रीमती सर्जना यादव, एसपी दीपक कुमार शुक्ला,रवि मालवीय, सन्नी महाजन, पूर्व विधायक रघुनाथ मालवीय, पंकज गुप्ता सहित अनेक जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।

“आष्टा विधायक ने मुख्यमंत्री का स्वागत कर,किसानों की ओर से किया आभार व्यक्त”

मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव के आज सीहोर जिले के बिलकिसगंज झगरिया आगमन पर हेलीपैड पर आष्टा विधायक गोपालसिंह इंजीनियर ने पुष्प गुच्छ भेंट कर स्वागत सम्मान किया एवं आष्टा सहित सीहोर जिले के 2 लाख से अधिक किसानों के खाते में सिंगल क्लिक से 118 करोड़ 41 लाख रुपये की राहत राशि अंतरित करने पर क्षेत्र के किसान भाईयों की ओर से आभार व्यक्त किया

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed

error: Content is protected !!