आष्टा। सेमनरी रोड निवासी चिंतन वैष्णव द्वारा सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर जैन समाज एवं समाज के व्यापारियों के संबंध में कथित रूप से आपत्तिजनक एवं भ्रामक पोस्ट किए जाने के विरोध में रविवार को जैन समाज सहित विभिन्न सामाजिक एवं व्यापारिक संगठनों ने आष्टा थाना पहुंचकर लिखित शिकायत दर्ज कराई।


समाजजनों और व्यापारियों ने उक्त पोस्ट को सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने वाला बताते हुए संबंधित व्यक्ति के विरुद्ध शीघ्र एवं उचित कानूनी कार्रवाई की मांग की।
शिकायत में आरोप लगाया गया है कि इंस्टाग्राम पर की गई पोस्ट में जैन समाज के व्यापारियों एवं पूरे समाज के प्रति आपत्तिजनक टिप्पणियां की गईं। साथ ही यह भी उल्लेख किया गया कि जैन समाज किसी प्रकार का सहयोग नहीं करता तथा लोगों से जैन समाज की दुकानों से सामान नहीं खरीदकर अन्य समाज के व्यापारियों से खरीदारी करने की अपील की गई।


शिकायतकर्ताओं का कहना है कि इस प्रकार की पोस्ट समाज विशेष की छवि धूमिल करने के साथ-साथ सामाजिक वैमनस्यता फैलाने का प्रयास है।
इस मामले को लेकर बड़ी संख्या में जैन समाज के लोग आष्टा थाना पहुंचे। उनके साथ सकल समाज अध्यक्ष नरेंद्र कुशवाहा, हिंदू उत्सव समिति अध्यक्ष नारायण “भूरु” मुकाती, व्यापार महासंघ अध्यक्ष रूपेश राठौड़ सहित विभिन्न सामाजिक एवं व्यापारिक संगठनों के प्रतिनिधि भी उपस्थित रहे। सभी ने थाना प्रभारी को लिखित आवेदन सौंपकर दोषी के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई करने की मांग की।


व्यापार महासंघ अध्यक्ष रूपेश राठौड़ ने कहा कि सामाजिक सौहार्द को बिगाड़ने वाली किसी भी गतिविधि को स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि आरोपी के विरुद्ध शीघ्र कार्रवाई नहीं की गई तो समाज एवं विभिन्न संगठनों को आगे की रणनीति बनाने के लिए बाध्य होना पड़ेगा।
शिकायत में क्या कहा गया

थाने में दिए गए आवेदन में उल्लेख किया गया है कि चिंतन वैष्णव द्वारा इंस्टाग्राम पर जैन समाज के विरुद्ध आपत्तिजनक पोस्ट प्रकाशित कर समाज की सामाजिक एवं आर्थिक प्रतिष्ठा को ठेस पहुंचाने का प्रयास किया गया है। शिकायतकर्ताओं ने संबंधित व्यक्ति के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) एवं सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम के प्रासंगिक प्रावधानों के तहत जांच कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई किए जाने की मांग की है।
क्या कहना है पुलिस का….


नगर निरीक्षक गिरीश दुबे, थाना आष्टा ने बताया कि,
“सेमनरी रोड निवासी चिंतन वैष्णव द्वारा जैन समाज के खिलाफ की गई टिप्पणी के संबंध में जो लिखित शिकायत प्राप्त हुई है, उसकी जांच की जाएगी। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी।”फिलहाल पुलिस ने आवेदन प्राप्त कर मामले की जांच प्रारंभ कर दी है। शिकायतकर्ताओं को निष्पक्ष जांच एवं नियमानुसार कार्रवाई का आश्वासन दिया गया है।





















