हर बुधवार को विधायक कार्यालय में होने वाली जनसुनवाई में इस बुधवार को आष्टा के वार्ड क्रमांक 6 लंगापुरा में निवासरत बड़ी संख्या में मातृशक्ति विधायक कार्यालय पहुंची थी, तथा विधायक गोपालसिंह इंजीनियर से मांग की गई थी कि वार्ड क्रमांक 6 लंगापुरा में बरसों पुराना श्री राम जी का मंदिर है । जो जीर्णशीर्ण अवस्था में हो चुका है ।

इस मंदिर का कायाकल्प किया जाए । महिलाओं की मांग पर आज विधायक गोपालसिंह इंजीनियर वार्ड क्रमांक 6 लंगापुरा में स्तिथ श्रीराम मंदिर पहुंचे एवं प्रभु श्रीराम जी के दर्शन कर आशीर्वाद लिया तथा उक्त मंदिर परिसर में मातृ शक्तियों ने विधायक गोपालसिंह इंजीनियर के सामने उक्त प्राचीन श्री राम मंदिर के कायाकल्प का प्रस्ताव रखा । विधायक गोपालसिंह इंजीनियर ने मंदिर परिसर में विभिन्न निर्माण और विकास कार्यों के लिए मातृ शक्तियों की मांग पर 16 लाख रुपए दिए जाने की घोषणा की । इस अवसर पर उपस्थिति मातृ शक्तियों से विधायक गोपालसिंह इंजीनियर ने संवाद कर मध्य प्रदेश शासन की विभिन्न योजनाओं एवं कार्यक्रमों के बारे में मातृ शक्तियों को अवगत कराया तथा मातृ शक्तियों से भी उन्होंने पूछा

कि किन-किन महिलाओं को लाडली बहना, वृद्धावस्था पेंशन सहित अन्य योजनाओं का लाभ प्राप्त होता है तब उपस्थित बड़ी संख्या में मातृ शक्तियों ने बताया कि उन्हें मध्य प्रदेश शासन की कई योजनाओं का लाभ प्राप्त होता है । इस अवसर पर विधायक गोपालसिंह इंजीनियर ने सभी उपस्तिथ महिलाओं का स्वागत सम्मान किया ।

“अयोध्या प्रभु श्रीराम के दर्शन करने जा रहे तीर्थ यात्रियों का बायपास पर विधायक ने किया स्वागत,केसरिया ध्वज दिखा कर बस को किया रवाना”
आष्टा विधानसभा क्षेत्र के ग्राम
लसुड़िया पार,भंवरी, कुरावर, खजुरिया
के करीब 50 से अधिक यात्री आज आष्टा से अयोध्या सहित अन्य तीर्थो की यात्रा के लिये बस से रवाना हुए । विधायक गोपालसिंह इंजीनियर ने आज बायपास पर पहुच कर प्रभु श्रीराम जी के दर्शन हेतु जा रहे सभी तीर्थ यात्रियों का

राम नामी केसरिया दुपट्टे पहना कर सभी यात्रियों का स्वागत सम्मान कर यात्री बस को केसरिया ध्वज दिखा कर तीर्थ यात्रा के लिये रवाना किया । विधायक गोपालसिंह इंजीनियर ने अपनी आष्टा विधानसभा क्षेत्र से अयोध्या जा रहे सभी तीर्थ यात्रियों को शुभ यात्रा की शुभकामनाएं दी एवं कामना की,की प्रभु श्री राम जी आपकी सभी मनोकामना पूर्ण करें ।

“मुनि श्री 108 साध्य सागर जी महाराज श्री की निश्रा में 108 श्रीफल से किया जाप अनुष्ठान संपन्न”
मुनि श्री 108 साध्य सागर जी महाराज श्री की निश्रा में आज ग्राम मैना में 108 श्रीफल से किया जाप अनुष्ठान संपन्न हुआ । जैन समाज के अध्यक्ष राजेश कुमार जैन ने बताया की
मुनिश्री का जामनेर से इंदौर चातुर्मास हेतु बिहार चल रहा है । जामनेर पहुच कर ग्राम मैना समाज ने श्रीफल भेंट कर निवेदन किया की महाराज श्री मैना समाज को भी आपका आशीर्वाद एवं सान्निध्य मिले । महाराज श्री ने सहज स्वीकार कर आशीर्वाद प्रदान किया ओर
मुनि श्री मैना पधारे ।

आज प्रातः काल मंदिर में मुनि श्री के मुखाग्र बिंदु से शांति धारा अभिषेक हुआ जिसमें सभी समाजजन उपस्थित रहे।
दोपहर 2:00 बजे मुनि श्री ने 108 श्रीफल से अनुष्ठान जाप करवाया इसमें सभी समाज के महिला पुरुष एवं बच्चों ने भगवान को श्रीफल अर्पित किए
शाम को गुरु भक्ति एवं आरती हुई
कल दोपहर को 2:00 बजे विधान का आयोजन रखा गया है ।
मुनिश्री से सभी समाज जनों ने श्रीफल भेंट कर तीन-चार दिन और रुकने का विनम्र निवेदन किया श्रीफल भेंट करने वालों में संतोष कुमार, अशोक कुमार, राजेश कुमार, ऋषभ, वीरेंद्र, अजीत, नीरज, मनोज, अमित, विजय, अभिषेक, सुरेश, पंकज, सोनू, नेमीचंद, बाबूलाल, लाभमल आदि उपस्तिथ रहे ।
“बिजली उपभोक्ताओं की समस्याओं के समाधान के लिए आज नगर के राठौर मंदिर के समीप लगेगा विशेष जन सेवा शिविर,गलत बिल, मीटर, नए कनेक्शन सहित विभिन्न सेवाओं का मिलेगा मौके पर लाभ”
मध्य प्रदेश मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी लिमिटेड, भोपाल द्वारा विद्युत उपभोक्ताओं की समस्याओं के त्वरित निराकरण एवं बेहतर सेवाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से ‘संपर्क अभियान’ के तहत शनिवार, 11 जुलाई 2026 को विशेष जन सेवा शिविर आयोजित किया गया है। शिविर प्रातः 10 बजे से शाम 5 बजे तक राठौर मंदिर रोड, आष्टा में आयोजित होगा। यह शिविर क्लस्टर क्रमांक-06 के अंतर्गत आने वाले उपभोक्ताओं के लिए रहेगा। शिविर का लाभ शास्त्री कॉलोनी, राठौर मंदिर क्षेत्र, खंडेलवाल चौराहा, राम मंदिर चौराहा, पालीवाल ग्राउंड, बुधवारा, प्रगति गली, पंजाब नेशनल बैंक गली, रांका ज्वेलर्स क्षेत्र सहित आसपास के क्षेत्रों के विद्युत उपभोक्ता प्राप्त कर सकेंगे। शिविर में गलत बिजली बिलों का सुधार, अधिक बिल संबंधी शिकायतों का निराकरण, मीटर संबंधी समस्याएं, सर्विस लाइन से जुड़ी शिकायतें, विद्युत आपूर्ति संबंधी शिकायतें तथा डीटीआर (डिस्ट्रीब्यूशन ट्रांसफार्मर) से संबंधित समस्याओं का मौके पर

समाधान किया जाएगा। इसके अलावा उपभोक्ताओं को नए विद्युत कनेक्शन, लोड परिवर्तन, नाम परिवर्तन, ई-केवाईसी, एनओसी जारी करने तथा बिजली बिल भुगतान जैसी सुविधाएं भी एक ही स्थान पर उपलब्ध कराई जाएंगी। मध्य प्रदेश मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी लिमिटेड, आष्टा वितरण केंद्र ने सभी विद्युत उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में शिविर में पहुंचकर अपनी समस्याओं का समाधान कराएं तथा विभाग द्वारा उपलब्ध कराई जा रही सेवाओं का लाभ उठाएं।
“तहसीलदार ओमप्रकाश चोरमा को दी विदाई, कमल सिंह मंडेलिया का किया आत्मीय स्वागत”
तहसील कार्यालय जावर में
तहसीलदार ओमप्रकाश चोरमा के जावर से जिला इंदौर स्थानांतरण पर उन्हें भावभीनी विदाई दी गई तथा नवागत तहसीलदार कमल सिंह मंडेलिया का आत्मीय स्वागत किया गया। यह गरिमामय समारोह तहसीलदार संघ जावर द्वारा आयोजित किया गया, जिसमें राजस्व विभाग के अधिकारियों, कर्मचारियों एवं पटवारी साथियों ने बड़ी संख्या में सहभागिता की।
कार्यक्रम में तहसील संघ जावर के अध्यक्ष जितेंद्र सिंह ठाकुर ने ओमप्रकाश चोरमा के लगभग 14 माह के कार्यकाल को जनसेवा, पारदर्शिता, संवेदनशील प्रशासन एवं उत्कृष्ट कार्यशैली का उदाहरण बताते हुए कहा कि उन्होंने अपनी कार्यकुशलता, सहज व्यवहार और टीम भावना से विभाग तथा आमजन के बीच विशिष्ट पहचान बनाई। उन्होंने उनके उज्ज्वल भविष्य एवं जिला इंदौर में सफल कार्यकाल की शुभकामनाएं दीं। ठाकुर ने नवागत तहसीलदार कमल सिंह मंडेलिया का स्वागत करते हुए विश्वास व्यक्त किया कि उनके अनुभव एवं प्रशासनिक दक्षता का लाभ जावर क्षेत्र को मिलेगा। उन्होंने कहा कि समूचा राजस्व अमला उनके नेतृत्व में पूरी निष्ठा एवं समर्पण के साथ कार्य करेगा। समारोह में राजस्व निरीक्षक विक्रम सिंह खटीक, पटवारी अमित श्रीवास्तव, मनीष शर्मा, कृष्णपाल सिंह ठाकुर, प्रवाचक कमरुद्दीन अंसारी सहित सभी पटवारियों एवं कार्यालयीन स्टॉफ ने अपने विचार व्यक्त किए।

अपने उद्बोधन में तहसीलदार ओमप्रकाश चोरमा ने जावर में मिले सहयोग, स्नेह और आत्मीयता के लिए सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रशासनिक सफलता के पीछे पूरी टीम का समर्पण होता है और जावर में उन्हें सदैव सहयोगी एवं सकारात्मक कार्य वातावरण मिला। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि यह आत्मीय संबंध भविष्य में भी इसी प्रकार बने रहेंगे। नवागत तहसीलदार कमल सिंह मंडेलिया ने स्वागत के लिए सभी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वे शासन की योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन, पारदर्शी प्रशासन तथा जनसामान्य की समस्याओं के त्वरित निराकरण को सर्वोच्च प्राथमिकता देंगे। उन्होंने सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों से टीम भावना के साथ कार्य करने का आह्वान किया।
समारोह के अंत में विदाई एवं स्वागत की परंपरा निभाते हुए अधिकारियों द्वारा ओमप्रकाश चोरमा एवं कमल सिंह मंडेलिया का शाल, श्रीफल एवं स्मृति-चिन्ह भेंट कर सम्मान किया गया।
कार्यक्रम का संचालन पटवारी कृष्णपाल सिंह ठाकुर द्वारा किया।





















