Spread the love

आष्टा। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के कुशल नेतृत्व के बल पर आज देश दिन दोगुनी रात चैगुनी तरक्की पर है। कन्याकुमारी से लेकर कश्मीर तक भारत एक होकर विकास की राह में तेजी से आगे बढ़ रहा है। देश के यशस्वी प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की गारंटी वाली गाड़ी जहां जा रही, लोगों का विश्वास बढ़ा रही है। सबका साथ-सबका विकास और सबका विश्वास के सूत्र वाक्य को साकार करने के लिये केन्द्र सरकार की विभिन्न जन-कल्याणकारी योजनाओं से प्रत्येक पात्रताधारी को लाभान्वित करने के लिये विकसित भारत संकल्प यात्रा निकाली जा रही है।


इस आशय के विचार नगरपालिका कार्यालय के सामने स्थित सामुदायिक भवन परिसर में आयोजित विकसित भारत संकल्प यात्रा अभियान द्वितीय चरण के तहत आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि विधायक गोपालसिंह इंजीनियर ने व्यक्त किए। कार्यक्रम के प्रारंभ में मुख्य अतिथि विधायक गोपालसिंह इंजीनियर, कार्यक्रम की अध्यक्षता नपाध्यक्ष श्रीमती हेमकुंवर मेवाड़ा, विशेष अतिथि नपाध्यक्ष प्रतिनिधि रायसिंह मेवाड़ा, अनुविभागीय अधिकारी आनंद राजावत, एसडीओपी आकाश अमलकर, जिला पंचायत उपाध्यक्ष जीवनसिंह मंडलोई सहित सभी अतिथियों द्वारा मां सरस्वती जी की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया गया।

तत्पश्चात मुख्य नगरपालिका अधिकारी राजेश सक्सेना ने उपस्थित मंचासीन अतिथियों का पुष्पमाला पहनाकर स्वागत सम्मान किया। मुख्य अतिथि विधायक गोपालसिंह इंजीनियर ने जनसमुदाय को संबोधित करते हुए कहा कि पूर्व की सरकारों के कार्यकाल में भारत अनेक हिस्सों में बटा हुआ था। हमारे देश के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शन व दृढ़संकल्प के कारण आज कन्याकुमारी से लेकर कश्मीर तक किसी भी प्रकार का कोई हिस्सा अलग नही है संपूर्ण देश एक साथ होकर काम कर रहा है।

विकसित भारत संकल्प यात्रा पर प्रकाश डालते हुए विधायक श्री इंजीनियर ने कहा कि इस यात्रा से योजनाओं के लाभों से वंचित रह गये पात्रताधारियों को लाभान्वित किया जा रहा है। उन्होंने लाभान्वितों से कहा कि योजना का लाभ मिलने के बाद होने वाली खुशी को अन्य लोगों से भी साझा करना चाहिए। पहले के समय में लोग आवश्यक मूलभूत सुविधाओं से कोसो दूर थे, जिसे भाजपा सरकार द्वारा जनकल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन से दूर किया है।

नपाध्यक्ष प्रतिनिधि रायसिंह मेवाड़ा ने उपस्थित युवाजनों, लाड़ली बहनों, स्व.सहायता समूह की महिलाओं को संबोधित करते हुए कहा कि आज भाजपा सरकार चार गरीबी को दूर करने का काम कर रही है। चारों गरीबी में कमजोर युवा, महिलाएं, किसान के साथ ही बेसहारा गरीब जन है,

जिन्हें सशक्त व आत्मनिर्भर बनाने का काम भाजपा सरकार तेजी से कर रही है। विकसित भारत संकल्प यात्रा का उद्देश्य इन चारों को सशक्त बनाना है और इसी उद्देश्य के साथ संपूर्ण प्रदेश में 16 जनवरी से यात्रा प्रारंभ होकर आज पुनः 23 फरवरी को अपने नगर से द्वितीय चरण में प्रवेश कर रही है। जिसके माध्यम से विभिन्न योजनाओं के लाभों से हितग्राहियों को लाभ वितरण किया गया है।

अन्य अतिथियों ने भी संबोधित किया। कार्यक्रम के अंत में मुख्य नगरपालिका अधिकारी राजेश सक्सेना द्वारा उपस्थित जनसमुदाय को विकसित राष्ट्र एवं आत्मनिर्भर भारत बनाने की शपथ भी दिलाई।
कार्यक्रम में मंचासीन अतिथियों द्वारा स्व.सहायता समूह की महिलाओं को लाभ वितरण किया गया,

वहीं पीएम स्वनिधि योजना के लाभार्थियों को स्वीकृति पत्र सौंपे गए। संचालन पूर्व नपाउपाध्यक्ष धनरूपमल जैन द्वारा किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में भाजपा जनप्रतिनिधि, कार्यकर्ता, विभिन्न विभागों के प्रमुख अधिकारी एवं कर्मचारीगणों के साथ ही बड़ी संख्या में नागरिकगण मौजूद थे।

error: Content is protected !!