Spread the love

सीहोर । देवीधाम सलकनपुर में 29 मई को तीन दिवसीय देवीलोक महोत्सव का भव्य शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर सलकनपुर में आयोजित कार्यक्रम में श्री कार्तिकेय चौहान ने कहा कि देवीधाम सलकनपुर में आयोजित किया जा रहे देवी लोक महोत्सव का पहला दिन महिलाओं और बालिकाओं को समर्पित है। उन्होंने कहा कि सलकनपुर में बनने वाले इस देवी लोक के लिए आयोजित इस महोत्सव की प्रदेश भर में चर्चा हो रही है।

देवी लोक महोत्सव के मुख्य कार्यक्रम में अनेक स्थानों से मां के भक्त कार्यक्रम में शामिल होंगे। उन्होंने कहा कि देवी लोक महोत्सव में आयोजित प्रतियोगिताओं में सभी बहनों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया, यह इस बात का प्रतीक है सलकनपुर में एक भव्य कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। श्री कार्तिकेय चौहान ने कहा कि प्रतियोगिता के दौरान मुख्यमंत्री लाडली बहना योजना की छवि भी दिखाई दी। लाडली बहना योजना प्रदेश की महिलाओं को सशक्त करने और उन्हें आत्मनिर्भर बनाने के लिए वरदान साबित होगी।

जून माह की 10 तारीख से सभी लाडली बहनों के खातों में राशि डलना शुरू हो जाएगी। उन्होंने कहा कि प्रतियोगिता में सहभागी रही सभी बालिकाओं ने अपना उत्कृष्ट प्रदर्शन दिया और कड़ी धूप में भी अपने अंदर की उत्साह भावना को जागृत रखा, इसके लिए मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान की ओर से सभी बालिकाओं को विजेता पुरस्कार के अलावा अलग से पाँच-पाँच हजार रूपए पुरस्कार राशि प्रदान की जाएगी।

“देवी लोक महोत्सव में तेज धूप और भीषण गर्मी भी कम नहीं कर पाई प्रतिभागियों का उत्साह”

देवीधाम सलकनपुर में 29 से 31 मई तक तीन दिवसीय देवी लोक महोत्सव का भव्य शुभारंभ किया गया। तीन दिवसीय देवी लोक महोत्सव में अनेक धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम तथा विभिन्न प्रतियोगिताएं आयोजित की जा रही है। देवी लोक महोत्सव के पहले दिन सलकनपुर में महिलाओं एवं बालिकाओं की विभिन्न प्रतियोगिताएं आयोजित की गई। प्रतियोगिताओं में महिलाओं एवं बलिकाओं ने बढ-चढ़कर हिस्सा लिया।

इन प्रतियोगिताओं में 1425 टीमों से कुल 9280 प्रतिभागियों ने भाग लिया। महिलाओं एवं बालिकाओं द्वारा बनाई गई इन सुंदर रचनाओं का सांसद श्री रमाकांत भार्गव, श्री कार्तिकेय चौहान, पूर्व विधायक श्री राजेन्द्र सिंह राजपूत, श्री रघुनाथ भाटी, सलकनपुर ट्रस्ट के अध्यक्ष श्री महेश उपाध्याय, भाजपा जिला अध्यक्ष श्री रवि मालवीय तथा कलेक्टर श्री प्रवीण सिंह ने अवलोकन किया।

“तेज धूप और भीषण गर्मी भी कम नहीं कर पाई प्रतिभागियों का उत्साह”

देवी लोक महोत्सव के पहले दिन आयोजित प्रतियोगिताओं में बालिकाओं और महिलाओं में खासा उत्साह देखा गया। तेज धूप और भीषण गर्मी भी इनका उत्साह कम नहीं कर पाई। देवीलोक महोत्सव में दोपहर 2:00 बजे से प्रतियोगिताएं प्रारंभ हुई। रंगोली प्रतियोगिता, कलश एवं पूजा की थाली सजाओ प्रतियोगिता तथा मिट्टी के दिए सजाओ प्रतियोगिता, बालिकाओं के लिए माता का श्रृंगार प्रतियोगिता तथा महिला भजन मंडल द्वारा भजन प्रतियोगिता में बालिकाओं एवं महिलाओं ने बढ़ चढ़कर हिस्सा लिया।

“श्रृंगार प्रतियोगिता में बालिकाओं में दिखी देवी के स्वरूपों की झलक”

देवी लोक महोत्सव के पहले दिन माता का श्रृंगार प्रतियोगिता आयोजित की गई। प्रतियोगिता में नन्हीं-नन्हीं बालिकाओं को माता के नौ स्वरूपों में सजाया गया। माता के स्वरूपों में प्रतियोगिता में शामिल हुई इन बालिकाओं में बहुरंगी परिधानों में देवी का स्वरूप परिलक्षित हो रहा था। कार्यक्रम स्थल पर इन बालिकाओं के अद्भुत श्रृंगार को देखकर मानों ऐसा प्रतीत हो रहा था कि देवी मां साक्षात प्रकट हो गई हैं। देवी स्वरूप में सजी बालिकाओं के चेहरे की मंद-मंद मुस्कान से बालिकाओं में देवी के स्वरूप की झलक देखते ही बन रही थी।

“रंगों के माध्यम से आकर्षक रंगोली बनाकर बालिकाओं ने दिखाई अपनी प्रतिभा”

देवी लोक महोत्सव में रंगोली प्रतियोगिता में आयोजित की गई। प्रतियोगिता में बालिकाओं ने रंगों के माध्यम से आकर्षक रंगोली बनाकर अपनी प्रतिभा दिखाई। प्रतियोगिता में किन्ही बालिकाओं ने भगवान शिव की पिण्डी त्रिशूल और डमरू, किसी ने भारत माता तो किन्हीं बालिकाओं ने फूलों की आकृति की सुन्दर-सुन्दर रंगोली बनाई। विभिन्न रंगों से बनाई गई इन रंगोलियों ने आसपास के वातावरण में सकारात्मक ऊर्जा का संचार किया।

“देवी लोक महोत्सव के मुख्य कार्यक्रम के लिए सलकनपुर में बैठक आयोजित”

देवीधाम सलकनपुर में 29 से 31 मई तक तीन दिवसीय देवी लोक महोत्सव मनाया जा रहा है। तीन दिवसीय देवी लोक महोत्सव में अनेक धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम तथा विभिन्न प्रतियोगिताएं आयोजित की जा रही है। देवी लोक महोत्सव में 31 मई को आयोजित होने वाले मुख्य कार्यक्रम में मुख्यमंत्री श्री शिवराज चौहान शामिल होंगे और देवी लोक की आधारशिला रखेंगे। देवी लोक महोत्सव को भव्य स्वरूप प्रदान करने के लिए सांसद श्री रमाकांत भार्गव की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई।

बैठक में सांसद रमाकांत भार्गव ने कहा कि ये बडे़ सौभाग्य की बात है कि हम सब की आराध्य देवी माँ विजयासन के दरबार में महाकाल लोक की तर्ज पर देवी लोक बनने जा रहा है। इसका मुख्य कार्यक्रम 31 मई को आयोजित होगा। उन्होंने सभी नागरिकों से देवीधाम सलकनपुर में बड़ी संख्या में पहुंचकर देवी लोक महोत्सव की आधारशिला रखने वाले इस कार्यक्रम को सफल बनाने की अपील की। बैठक में श्री कार्तिकेय सिह चौहान ने कहा कि सलकनपुर में देवी लोक का बनना बड़े हर्ष और सौभाग्य की बात है।

देवी लोक से विजयासन धाम सलकनपुर को एक अलग पहचान मिलेगी। उन्होंने सभी नागरिकों से अधिक से अधिक संख्या में इस कार्यक्रम में शामिल होकर इसे सफल बनाने की अपील की है। कलेक्टर श्री प्रवीण सिंह ने भी इस आयोजन को भव्य बनाने के लिए अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने की सभी नागरिकों से अपील की है। कार्यक्रम में भाजपा जिला अध्यक्ष रवि मालवीय एवं अन्य जनप्रतिनिधियों ने भी संबोधित किया।

“भैरूंदा के कृषि संगोष्ठी भवन में देवीलोक महोत्सव के संबंध में नगर के प्रमुख कार्यकर्ताओं और नागरिकों के साथ बैठक हुई”

मुख्यमंत्री के ज्येष्ठ पुत्र कार्तिकेय सिंह चौहान ने बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि इस देवी लोक महोत्सव अंतर्गत विभिन्न प्रकार के सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किये जा रहै है।

देवी लोक निर्माण से देश विदेश से श्रद्धालुओं का आगमन होगा, देवी मां के दिव्य दरबार धर्म, अध्यात्म व पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा । पर्यटन के क्षेत्र में बहुत सारी संभावनाएं बढ़ जाएगी। उन्होंने समस्त नागरिकों को दिव्य और भव्य देवीलोक महोत्सव में उपस्थित होकर आनंद से भरपूर विभिन्न कार्यक्रमो में सहभागिता करने और माँ के दिव्य लोक निर्माण के साक्षी बनने के लिए आमंत्रित किया।

इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष रवि मालवीय, पूर्व विधायक राजेन्द्र सिंह राजपूत, निर्मला बारेला अध्यक्ष आदिवासी वित्त विकास निगम, वरिष्ठ नेता लच्छीराम यादव, जिला उपाध्यक्ष लखन यादव, जिला मंत्री जितेंद्र गौड़, जिला मंत्री रामभरोस खेरवा, जिला कोषाध्यक्ष ओम पटेल, मंडल अध्यक्ष धीरज पटेल, वरिष्ठ नेता चंद्रकांत खंडेलवाल दिनेश शर्मा, शेषनारायण पंवार, जनपद पंचायत अध्यक्ष मंजू पटेल, नगर परिषद अध्यक्ष मारूति शिशिर, पार्षदगण, अन्य पदाधिकारी व नागरिकगण तथा बैठक में विशेष रूप से जिला कलेक्टर प्रवीण सिंह,जिला पुलिस अधीक्षक मयंक अवस्थी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

You missed

error: Content is protected !!