Spread the love

भोपाल। भारतीय जनता पार्टी केडर बेस्ड संगठन है। हमारे यहां जो भी तैयारियां की जाती हैं, वह कार्यकर्ताओं के आधार पर होती है। आगामी समय में नगरीय निकाय चुनाव और पंचायतों के चुनाव हैं। इन चुनावों के लिए हमारे कार्यकर्ता बूथ-बूथ पर सक्रियता के साथ काम कर रहे हैं। चुनाव प्रबंधन में रणनीति का महत्व अधिक होता है। चुनाव प्रबंधन और संचालन समिति की बैठकों में इसी दिशा में काम किया जा रहा है, ताकि बेहतर चुनाव प्रबंधन के माध्यम से पार्टी आगामी निकाय चुनाव में ऐतिहासिक जीत दर्ज कर सके और हमारा कार्यकर्ता पूरे उत्साह के साथ चुनाव मैदान में उतरे। यह बात भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष व सांसद श्री विष्णुदत्त शर्मा ने नगरीय निकाय चुनाव संचालन समिति की बैठक के उपरांत मीडिया से चर्चा करते हुए कही।


भारतीय जनता पार्टी की नगरीय निकाय चुनाव संचालन समिति की बैठक गुरूवार को भाजपा प्रदेश कार्यालय पं. दीनदयाल परिसर में संपन्न हुई। बैठक में भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष व सांसद श्री विष्णु दत्त शर्मा, प्रदेश संगठन महामंत्री श्री सुहास भगत, प्रदेश सह संगठन महामंत्री श्री हितानंद शर्मा एवं समिति के संयोजक श्री उमाशंकर गुप्ता ने मागदर्शन दिया। बैठक में उपसमितियों के कार्य विभाजन और आगामी तैयारियों को लेकर विस्तृत चर्चा हुई।


तैयारियों का प्रथम चरण पूरा, अब दूसरे चरण का काम होगा
प्रदेश अध्यक्ष श्री शर्मा ने कहा कि संगठनात्मक ढांचे के आधार पर हम चुनाव में आगे बढ़ते हैं। चुनाव संचालन समिति ने संबंधित सभी मुद्दों पर जो तैयारियां की हैं, उसका प्रथम चरण पूरा हो गया है। अब अगला चरण शुरू होगा, जिसमें  घोषणा-पत्र में क्या-क्या मुद्दे होंगे,  कौन से विषय समायोजित किए जायेंगे, समिति इसकी तैयारियां करेगी। श्री शर्मा ने कहा कि प्रदेश अध्यक्ष ने बताया कि नगरीय निकाय के क्षेत्रों में 22 फरवरी से उनके दौरे शुरू होंगे और वे लोकसभा की कार्रवाई शुरू होने तक अधिकांश नगर निगम क्षेत्रों का दौरा पूर्ण कर लेंगे।


“सत्ता में थे तब भी लड़ते थे, अब भी लड़ रहे हैं कांग्रेसी”
मीडिया से चर्चा करते हुए प्रदेश अध्यक्ष श्री शर्मा ने प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में बैठक के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं में हुई हाथापाई पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि कांग्रेस के लोग उस समय भी लड़ते थे, जब कांग्रेस गलती से सत्ता में आ गई थी। अब विपक्ष में हैं, तब भी लड़ रहे हैं। श्री शर्मा ने कहा कि कांग्रेस का पूरा चरित्र जनता के सामने है और  जनता कांग्रेस के छल-कपट को बहुत अच्छे से पहचानने लगी है।


“भारतीय जनता पार्टी पीड़ित परिवारों के साथ”
सीधी में हुए बस हादसे के बारे में श्री शर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान अत्यंत संवेदनशील हैं, उन्होंने अपने सभी कार्यक्रम निरस्त कर दिये और पीड़ित परिवारों से मिले तथा उन्हें हरसंभव मदद करने का विश्वास दिलाया। प्रशासन को निर्देश दिए। जहां भी सिस्टम में कोई कमियां हैं तो मुख्यमंत्री जी ने दोषियों पर तत्काल कार्यवाही की है। श्री शर्मा ने कहा कि पीड़ित परिवारों के साथ भारतीय जनता पार्टी की संवेदनाएं हैं।


बैठक में वरिष्ठ नेता श्री कृष्णमुरारी मोघे, प्रदेश उपाध्यक्ष श्री कांतदेव सिंह, प्रदेश महामंत्री श्री शरतेंदू तिवारी, श्री अलकेश आर्य, सांसद श्री विवेक शेजवलकर, पूर्व महापौर श्री शशांक श्रीवास्तव, श्री प्रभात साहू, श्री शेषराव यादव, श्री वीरेन्द्र गुप्ता, श्री विनोद यादव, श्री सोनू गेहलोत, श्री शैलेन्द्र डागा, श्री देवेन्द्र वर्मा, श्री अतुल पटेल, श्री जयसिंह मरावी और श्री रमेश रंगलानी उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed

error: Content is protected !!