Spread the love

सीहोर । अपने लिये तो सब,सब कुछ करते है,कभी दुसरो के लिये जो बन सके,जितना बन सके उसके दुखो को दूर करने के लिये कुछ करने पर जो आत्मिक शांति,शुकुन मिलता है उसका कोई उल्लेख ही नही किया जा सकता है,केवल महसूस किया जा सकता है। ऐसा ही उदाहरण सीहोर जिले के इछावर विधायक श्री करण सिंह वर्मा, सीहोर विधायक श्री सुदेश राय तथा संवेदनशील कलेक्टर श्री प्रवीण सिंह ने एक बुजुर्ग के लिये जो किया उसके लिये यही लिखा जा सकता है की “ये हुई ना बात”

“ये हुई ना बात..”

आज कलेक्ट्रेट कार्यालय में इछावर तहसील के ग्राम सोण्डा की रहने वाली श्रीमती अजोध्या बाई को उनका स्वयं का पक्का मकान बनाने के लिए एक लाख रूपए का चैक प्रदान किया। ग्राम सोण्डा में निकाली गई विकास यात्रा के दौरान कलेक्टर श्री प्रवीण सिंह ने सोंडा निवासी अजोध्या बाई का घर बनाने के लिए एक लाख रूपए देने की बात कही थी। अजोध्या बाई ने इस अकल्पनीय सहयोग के लिए कलेक्टर श्री सिंह को हृदय से धन्यवाद दिया।

अजोध्या बाई ने कहा कि अब उनके पक्के मकान में रहने का सपना साकार होगा। ग्राम सोण्डा में विकास यात्रा में हितग्राहियों को लाभान्वित किए जाने के दौरान अजोध्या बाई ने कहा कि मैं वृद्ध और विधवा हूँ और अपने दो बेटों के साथ कच्चे मकान में रह रही हूँ। वृद्धा अजोध्या बाई की इस बात पर कलेक्टर श्री प्रवीण सिंह ने अजोध्या बाई का घर बनवाने के लिए एक लाख रूपए देने की बात कही थी। सहयोग राशि से बनने वाले घर का उसी समय विधायक श्री वर्मा और कलेक्टर श्री सिंह ने भूमिपूजन भी किया था। अजोध्या बाई का एक बेटा दिव्यांग है। बेटे सिलाई का काम करते है, जिससे घर का गुजर-बसर होता है। पक्के घर की सौगात मिलने पर अजोध्या बाई के चेहरे पर खुशी देखते ही बनती थी।

error: Content is protected !!