Spread the love

देवास। आज केंद्र और राज्य सरकारों ने जनता के लिए कई जनकल्याणकारी योजनाएं संचालित की हैं। आयुष्मान भारत, उज्जवला योजना, प्रधानमंत्री आवास, मुख्यमंत्री कन्यादान और लाड़ली लक्ष्मी जैसी अनेकों योजनाएं हैं,  जिनका लाभ प्रत्येक घर के किसी न किसी व्यक्ति को अवश्य मिल रहा होगा।

इसलिये बूथ अध्यक्ष पार्टी के प्रवक्ता बनकर जनता के बीच जाएं और अपनी पार्टी का जनाधार बढ़ाने के लिए काम करें। यह बात भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष एवं सांसद श्री विष्णुदत्त शर्मा ने रविवार को देवास में जिले के बूथ अध्यक्षों के सम्मेलन को संबोधित करते हुये कही। श्री शर्मा ने कहा कि बूथ अध्यक्ष अपने आपको सामान्य कार्यकर्ता न मानें। आप पार्टी की महत्वपूर्ण कड़ी हैं। आप भारतीय जनता पार्टी को सशक्त बनाने का काम तो कर ही रहे हैं, उसके साथ ही आप देश के लिये भी काम कर रहे हैं।


“जीत के लिए जुट जाएं बूथ अध्यक्ष”
प्रदेश अध्यक्ष श्री शर्मा ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी ‘ बूथ जीता तो चुनाव जीता’ , ‘ मेरा बूथ सबसे मजबूत’ के मंत्र को लेकर काम करती है। बूथ सशक्तीकरण के इस अभियान में आज देवास जिले के 269 बूथ अध्यक्षों को भी इस बात का संकल्प लेना चाहिए कि मेरे बूथ पर भारतीय जनता पार्टी की ही जीत होगी और किसी पार्टी की नहीं। इसलिये आज से अपने बूथ को सशक्त बनाने का संकल्प लें और आने वाले नगर निगम के चुनाव में प्रत्येक बूथ भारतीय जनता पार्टी की जीत के लिये जुट जाएं।


“हमारा उद्देश्य समाज के अंतिम व्यक्ति का उत्थान है”:- हितानंद जी
बूथ अध्यक्षों को संबोधित करते हुए प्रदेश सह संगठन महामंत्री श्री हितानंद जी ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी एक विचार को लेकर काम करती है। सरकार बनाना हमारा उद्देश्य नहीं है। हमारा मूल उद्देश्य समाज के अंतिम व्यक्ति का उत्थान करना है। हमारी पार्टी भारत को केन्द्र में रखकर काम करती है। उन्होंने कहा कि हमारी विकास यात्रा जिन संकल्पों को लेकर चली थी, आज उन संकल्पों को हम पूरा कर रहे हैं।

आप जैसे कार्यकर्ताओं की बदौलत देश आज सक्षम हाथों में है। आज धारा 370 जैसा कलंक नहीं है। भगवान राम जी के भव्य मंदिर का निर्माण प्रारंभ हो गया है। अब हमें भारत को भव्य बनाने का कार्य करना है।
इस अवसर पर उज्जैन के संभागीय संगठन मंत्री श्री जितेन्द्र लिटोरिया, सांसद महेन्द्र सोलंकी, विधायक गायत्री राजे, पूर्व मंत्री दीपक जोशी, प्रदेश मीडिया प्रभारी श्री लोकेन्द्र पाराशर, भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष जीतू जिराती, जिलाध्यक्ष श्री राजीव खण्डेलवाल सहित बूथ और मण्डल के पदाधिकारी एवं कार्यकर्तागण उपस्थित थे।


“बूथ अध्यक्ष राजू बुढ़ाना के यहा किया भोजन”
भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष, सांसद श्री विष्णुदत्त शर्मा ने रविवार को देवास प्रवास के दौरान देवास नगर के दुर्गा नगर मंडल के बूथ अध्यक्ष श्री राजू बुढ़ाना के घर उनके साथ भोजन किया। प्रदेश अध्यक्ष के साथ प्रदेश सह संगठन महामंत्री श्री हितानंद जी, प्रदेश उपाध्यक्ष श्री जीतू जिराती, प्रदेश मीडिया प्रभारी श्री लोकेन्द्र पाराशर, सांसद श्री महेन्द्रसिंह सोलंकी, विधायक श्रीमती गायत्री देवी पवार, संभागीय संगठन मंत्री श्री जितेन्द्र लिटोरिया, जिला अध्यक्ष श्री राजीव खण्डेलवाल ने भी भोजन किया।


प्रदेश अध्यक्ष के अपने घर में आकर भोजन करने से श्री राजू बुढ़ाना के पूरे परिवार ने बेहद प्रसन्नता व्यक्त की। श्री राजू बुढ़ाना देवास नगर के दुर्गा नगर मंडल के वार्ड नंबर 22 के बूथ क्रमांक 107 के बूथ अध्यक्ष हैं।


“आपके सुझावों से मॉडल शहर बनेगा देवास” विष्णुदत्त शर्मा
विद्वतजन सम्मेलन में बोले भाजपा प्रदेश अध्यक्ष
शहर के विकास के लिए हमारे महापौर ने बीते सालों में काफी कुछ किया है। आने वाले पांच सालों में हम शहर के विकास के लिए क्या करेंगे, इसके लिए एक रोडमैप तैयार किया गया है। हमें आने वाले सालों में देवास को मॉडल शहर बनाना है और यह काम आप लोगों के, जनता के सुझावों के आधार पर होगा। यह बात भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष व सांसद श्री विष्णुदत्त शर्मा ने रविवार को देवास में विद्वतजन सम्मेलन में कही।

सम्मेलन में शहर के विभिन्न वर्गों से जुड़े प्रबुद्धजन, सामाजिक एवं धार्मिक संगठनों के प्रतिनिधि, वरिष्ठ नागरिक, व्यापारिक संगठनों के प्रतिनिधियों के साथ औद्योगिक संगठन के पदाधिकारी उपस्थित थे। सम्मेलन में विधायक श्रीमती गायत्री राजे पवार ने आगामी समय में देवास में होने वाले विकास कार्यों की जानकारी दी।
सम्मेलन में प्रदेश अध्यक्ष विष्णु दत्त शर्मा को व्यापारी, उद्योगपति, डॉक्टर, इंजीनियर, समाजसेवी व वरिष्ठ नागरिकों ने शहर के विकास के लिए सुझाव दिये। श्री शर्मा ने सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि लोगों के सुझावों के आधार पर ही नगर निगम का चुनाव घोषणा पत्र बनाया जाएगा। श्री शर्मा ने कहा कि जो लोग अभी सुझाव नहीं दे सके हैं, वे ई मेल और व्हाट्सएप के माध्यम से भी शहर को मॉडल शहर बनाने के लिए अपने सुझाव भेज सकते हैं।


इस अवसर पर प्रदेश सह संगठन महामंत्री श्री हितानंद शर्मा, संभागीय संगठन मंत्री श्री जीतेंद्र लिटोरिया, प्रदेश उपाध्यक्ष श्री जीतू जिराती, सांसद श्री महेंद्र सोलंकी,  विधायक श्रीमती गायत्रीराजे पंवार, पूर्व मंत्री श्री दीपक जोशी, भाजपा जिलाध्यक्ष राजीव खंडेलवाल आदि उपस्थित थे।
“देश विरोधी वायरस को सोशल मीडिया वारियर्स करारा जवाब दें” : विष्णु दत्त शर्मा
देवास में प्रदेश अध्यक्ष ने किया सायबर योद्धाओं से संवाद
आज देश में एक वैचारिक युद्ध चल रहा है, जिसमें तथाकथित वामपंथी और देश विरोधी मानसिकता वाले लोग लगातार देश को बदनाम करने की साजिश रच रहे हैं। ये लोग सोशल मीडिया पर देश विरोधी अभियान चलाकर भारत की छवि खराब करने में लगे हुए हैं। इस वैचारिक युद्ध को हम सोशल मीडिया के धारदार हथियार से लड़ें, जो लोग सोशल मीडिया का दुरूपयोग करके भारत के विरोध में और प्रधानमंत्री जी की छवि खराब करने का प्रयास कर रहे हैं। उन देश विरोधी वायरस को सोशल मीडिया वॉरियर्स करारा जवाब दें। यह बात भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष, सांसद श्री विष्णु दत्त शर्मा ने रविवार को देवास में सायवर यौद्धाओं से संवाद में कही।


श्री विष्णु दत्त शर्मा ने कहा कि एक समय ऐसा था, जब देश की आंतरिक और बाह्य सीमाएं खतरे में थीं। आए दिन पाकिस्तान, बांग्लादेश और चीन की बार्डर पर घुसपैठ और  गोलीबारी होती थी। आये दिन हमारे सैनिक के शहीद होने की खबरें मिलती थीं। तत्कालीन यूपीए सरकार की लचर नीतियों के कारण देश की जनता में असुरक्षा का भाव था। देश को नक्सलवादी लगातार अस्थिर करने का काम करते थे। आतंकवाद नासूर बना हुआ था, लेकिन जबसे श्री नरेंद्र मोदी जी ने प्रधानमंत्री के रूप में देश की कमान संभाली, देश की आंतरिक और बाह्य सीमाएं सुरक्षित हुई हैं। भारत की सीमाओं पर किसी प्रकार घुसपैठ नहीं हुई और यदि कोई घुसपैठ की कोशिश करता है तो हमारी सेना माकूल जवाब देती है। यह सब इसलिए संभव हुआ है, क्योंकि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी ने सैनिकों के बीच त्यौहार मनाकर उनका मनोबल बढ़ाने का काम किया है।


उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में भारत लगातार आगे बढ़ रहा है, लेकिन देश के भीतर रहने वाले कुछ मुट्ठी भर वामपंथी लोग और कुछ-कुछ विपक्षी दल देश को अस्थिर करना चाहते हैं। यह वही लोग हैं जो कभी अवार्ड वापसी तो कभी मानवाधिकारों की बात करते हैं। यह वही लोग हैं जो कभी सीएए के विरोध में शाहीन बाग में नजर आते है तो कभी किसान आंदोलन में घुसकर उसे अराजक बना देते हैं। इनका एकमात्र उद्देश्य देश के किसान, महिलाओं, नौजवान और गरीब वर्ग को भड़का कर भारत को अस्थिर करना हैं। युवा होने के नाते हमारी जिम्मेदारी ज्यादा है कि हम भारत को दुनिया में बदनाम करने वाली इन देश विरोधी ताकतों को करारा जवाब दें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed

error: Content is protected !!