
सीहोर। आज भारतीय जनता पार्टी का जो विशाल स्वरूप है, उसके पीछे कई कार्यकर्ताओं का बलिदान है। केरल और कश्मीर में हमारे कार्यकर्ता जूझ रहे हैं। बंगाल में कई कार्यकर्ताओं की हत्याएं हो रही हैं, इन सब प्रतिकूलताओं के बावजूद जान हथेली पर लेकर हमारे कार्यकर्ता काम कर रहे हैं। भारतीय जनसंघ से हमारी जो गौरवशाली यात्रा प्रारंभ हुई है, उसे हमे आगे बढ़ाना है।

हर बूथ पर भारतीय जनता पार्टी मजबूत हो और सक्षम नेतृत्व उभरे इसमें जिला अध्यक्षों की महत्वपूर्ण भूमिका है। जिला अध्यक्ष अपने जिले में हर कार्यकर्ता के लिए कार्य और हर कार्य के लिए क्षमतावान कार्यकर्ता खड़े करें, जिससे भारतीय जनता पार्टी और भी सक्षम, समृद्ध और सशक्त बनेगी। यह बात सीहोर में जिला अध्यक्ष प्रशिक्षण वर्ग के समापन सत्र को संबोधित करते हुए प्रदेश अध्यक्ष व सांसद श्री विष्णु दत्त शर्मा एवं मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने कही।

सीहोर के कुशाभाऊ ठाकरे परिसर क्रिसेंट रिसोर्ट में आयोजित भारतीय जनता पार्टी मध्यप्रदेश के जिला अध्यक्षों के दो दिवसीय प्रशिक्षण वर्ग का समापन रविवार को हुआ। समापन सत्र में पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष श्री विष्णुदत्त शर्मा, मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान, पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव श्री कैलाश विजयवर्गीय, प्रदेश सहप्रभारी श्रीमती पंकजा मुंडे, श्री विश्वेश्वर टुडू, प्रदेश संगठन महामंत्री श्री सुहास भगत एवं सह संगठन महामंत्री श्री हितानंद शर्मा मंचासीन थे।

समापन सत्र के पूर्व पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव श्री कैलाश विजयवर्गीय ने केंद्र सरकार और राज्य सरकार की उपलब्धियां विषय पर एवं आईटी विभाग के प्रदेश प्रभारी श्री शैलेन्द्र शर्मा ने सोशल मीडिया विषय पर संबोधित किया। संचालन प्रदेश महामंत्री श्री संरतेंदू तिवारी एवं आभार प्रशिक्षण टोली के सदस्य श्री नरेंद्र शिवाजी पटेल ने माना। वर्ग में सभी नेताओं और जिला अध्यक्षों ने प्रधानमंत्री जी के मन की बात कार्यक्रम को लाइव सुना।

कुशाभाऊ जी की संगठन व्यवस्था को पूरा देश लागू कर रहा
श्री विष्णुदत्त शर्मा ने कहा कि हमारे पूर्वजों ने विपरीत परिस्थितियों में काम किया और संगठन को बढ़ाया। आज हमारे लिए अनुकूल वातावरण है। केंद्र और राज्य में हमारी सरकार हैं। दीनदयाल जी और कुशाभाऊ ठाकरे जी ने जो कहा और किया, उसे सरकार की योजनाओं के माध्यम से जमीन पर उतारने का दायित्व हमारा है। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश की पहचान देश में उत्कृष्ठ संगठन के रूप में होती है।

कुशाभाऊ ठाकरे जी ने जिस संगठन व्यवस्था और काम की शुरूआत मध्यप्रदेश से की उसका अनुसरण भारतीय जनता पार्टी पूरे देश की संगठन इकाई में कर रही है। वह व्यवस्था और मजबूत हो इसके लिए प्रशिक्षण वर्ग होते हैं। प्रशिक्षण वर्ग से योग्य और नये कार्यकर्ता का निर्माण होगा। उन्होंने बताया कि प्रदेश के संगठनात्मक मंडलों में अधिकांश जगह मंडल प्रशिक्षण वर्ग संपन्न हो चुके हैंं। इन प्रशिक्षण वर्गों से आगामी दस वर्षों की भारतीय जनता पार्टी निकलेगी।

हम विश्व कल्याण की भावना से काम कर रहे
श्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि हमारी केंद्र और राज्य सरकारों की हर योजना पं. दीनदयाल जी के एकात्म मानवदर्शन से निकली है। गांव, गरीब, किसान और हर वर्ग के लिए हमारी योजनाएं हैं। हर नागरिक संपन्न हो, आर्थिक तौर पर मजबूत हो, यह एकात्म मानवदर्शन में है। एमएसएमई और महिलाओं को सशक्त करने के लिए सेल्फ हेल्प गु्रप योजना इसी विचार से निकली है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में हमारा देश और भी सक्षम और समृद्ध बना है।

केवल भारत ही नहीं बल्कि पूरे विश्व के कल्याण के लिए हम कार्य कर रहे हैं, इस भाव के साथ जब कार्यकर्ता अपनी भूमिका निभाएंगा तो निश्चित तौर पर हम वैश्विक पटल पर पहुंचेंगे। उन्होंने कहा कि आज हम प्रदेश में माफियाओं के खिलाफ कार्यवाही कर रहे हैं, इसका मतलब यह नहीं है कि हम किसी को मिटाना चाहते हैं, बल्कि जनता का जीवन सुखी बनाना चाहते हैं। श्री चौहान ने कहा कि सभी जिला अध्यक्ष प्रशिक्षण वर्ग से एक नई दिशा और दृष्टि लेकर अपने जिले में काम करेंगे।
हमारी सरकार की योजनाओं का लाभ हर जाति-धर्म के लोगों को मिला

श्री कैलाश विजयवर्गीय ने संबोधित करते हुए कहा कि पं. दीनदयाल जी ने जिस राजनीतिक चिंतन के साथ अंत्योदय का मंत्र दिया, उसे केंद्र बिंदु मानकर हमारी राज्य और केंद्र सरकार योजनाओं को संचालित कर रही हैं। हमारे यहां किसी को बांटने का काम नहीं होता, बल्कि हर योजना का लाभ गरीब को मिला है, चाहे वह किसी भी जाति या धर्म का हो।

उन्होंने केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा अलग-अलग क्षेत्रों में शुरू की गई योजनाएं गिनाते हुए कहा कि ऐसा कोई क्षेत्र और ऐसा कोई वर्ग शायद ही बचा हो, जिसके उत्थान के लिए हमारी सरकारों ने योजनाएं न बनाई हो। उन्होंने कहा कि जबतक गांव और किसान मजबूत नहीं होंगे, तब तक देश मजबूत नहीं होगा। देश को मजबूत करने के लिए गांव और किसान को समृद्ध बनाना जरूरी है।

इसीलिए प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी कृषि संशोधन कानून लेकर आये हैं, ताकि किसान समृद्धशाली हों। उन्होंने कहा कि अभी जो आंदोलन हो रहा है, उसमें किसान नहीं है। इस आंदोलन को कांग्रेस और वामपंथी विचारधारा के लोग लीड कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि हमें किसानों के बीच जाकर उन्हें यह बताने और चर्चा करने की जरूरत है कि देश के खिलाफ एक साजिश चल रही है। जिसमें देश के ही कुछ लोग उनके कंधों का उपयोग कर रहे हैं।
