Spread the love

आष्टा । नगर के सी.एम. राइज शास. उत्कृष्ट उमावि आष्टा में 12 जनवरी 2024 को स्वामी विवेकानंद जी की जयंती युवा दिवस के रूप में मनाई गई। शासन के निर्देशानुसार प्रातः 9 बजे से 10ः30 बजे तक विद्यालय में सूर्य नमस्कार का आयोजन किया गया।

जिसमें जनप्रतिनिधि के रूप में क्षेत्र के लोकप्रिय विधायक गोपाल सिंह इंजीनियर, जिला पंचायत उपाध्यक्ष जीवन सिंह मंडलोई, जनपद पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि सोनू गुणवान, नगर पालिका अध्यक्ष प्रतिनिधि रायसिंह मेवाड़ा, भाजपा नगर अध्यक्ष अतुल शर्मा, वार्ड पार्षद रवि शर्मा,

व्यापार महासंघ अध्यक्ष रूपेश राठौर भविष्य भट्ट,हरेन्द्र ठाकुर, नपा सी.एम.ओ. राजेश सक्सेना, विकासखण्ड शिक्षा अधिकारी अजब सिंह राजपूत, मॉडल विद्यालय प्राचार्य सी.एल. पेठारी, योग प्रशिक्षक अजेन्द्र सिंह यादव आदि उपस्थित थे।

सर्वप्रथम माँ सरस्वती का पूजन एवं स्वामी विवेकानंद जी की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया गया। संस्था प्राचार्य मो. सितवत खान द्वारा विधायक गोपाल सिंह इंजीनियर एवं कार्यक्रम में पधारे समस्त अतिथियों का पुष्पमाला से स्वागत किया गया। इसके पश्चात शासन के निर्देशानुसार दिए गए प्रोटोकॉल अनुसार सूर्य नमस्कार कार्यक्रम का सीधा प्रसारण एवं उसी के साथ साथ संस्था में भी अतिथियों, शिक्षकों एवं छात्र-छात्राओं द्वारा सामूहिक सूर्य नमस्कार किया गया। इस अवसर पर योग शिक्षक अजेन्द्र सिंह यादव द्वारा सूर्य नमस्कार के सभी बारह आसनों का अभ्यास करवाया गया।
इसी कड़ी में विधायक गोपाल सिंह इंजीनियर द्वारा स्वामी विवेकानंद जी के जीवन चरित्र के प्रेरक उद्बोधन में बताया कि छोटी आयु में ही उन्होंने माँ भारती का गुणगान दुनिया के सामने प्रस्तुत किया साथ ही साथ उन्होंने बच्चों को अपनी विद्यार्थी जीवन के अनुभवों को बताते हुए मार्गदर्शित किया कि विद्यार्थी जीवन बहुत महत्वपूर्ण होता है, स्वामी विवेकानंद जी ने अपने अल्प जीवनकाल में कई महत्वपूर्ण उपलब्धियां प्राप्त की।

उन्होंने कहा कि हमें यह ध्यान रखना चाहिए कि जीवन लंबा हो यह महत्वपूर्ण नही है, हमने उसमें क्या उपलब्धि प्राप्त की यह महत्वपूर्ण होता है। विद्यार्थी जीवन बहुत महत्वपूर्ण है। इस समय हम जो कुछ भी बनना चाहते है, करना चाहते है, उसकी शुरूआत इसी उम्र से होती है। हम भी जब विद्यार्थी थे, तब हमने मन लगाकर पढ़ाई की उसी का नतीजा है, कि आज आप सब की हम सेवा कर रहे है। विधायक श्री इंजीनियर ने बताया कि हमारे देश में प्रतिभा की कमी नही है।

पूर्व राष्ट्रप्रति डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम ने ऐसी मिसाईल देश को समर्पित की है, जो 13 हजार किलोमीटर पर अपने दुश्मन देश पर हमला कर सकती है। ऐसे महान व्यक्तियों से हमें प्रेरणा लेनी चाहिए। जीवन सिंह मंडलोई, रायसिंह मेवाड़ा,अतुल शर्मा ने भी संबोधित किया। संस्था प्राचार्य मो सितवत खान द्वारा अपने आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर संस्था का समस्त शैक्षणिक एवं कार्यालयीन स्टाफ उपस्थित रहे।

error: Content is protected !!